Last Updated:
पेट में बार-बार दर्द होने पर क्या आप भी गैस या पेनकिलर की दवा खुद से खरीदकर खा लेते हैं? जौनपुर के MBBS MS डॉ. विकास यादव के मुताबिक, पेट दर्द हमेशा गैस की समस्या नहीं होता. यह अपेंडिक्स या किडनी स्टोन जैसी गंभीर बीमारी का संकेत भी हो सकता है. बिना डॉक्टरी सलाह के बार-बार पेनकिलर लेने से आंतों और किडनी को गंभीर नुकसान पहुंचने का खतरा हो सकता है. जानिए अपेंडिक्स और किडनी स्टोन के लक्षण और इलाज में देरी के नुकसान.
जौनपुर: क्या आपके भी पेट में बार-बार दर्द होता है और क्या आप भी हर बार डॉक्टर के पास जाने से बचने के लिए खुद ही मेडिकल स्टोर से गैस या दर्द की दवा खरीदकर खा लेते हैं? अगर हां, तो अब जरा सावधान हो जाइए. आपकी यह छोटी सी लापरवाही आपको किसी बहुत बड़ी मुसीबत में डाल सकती है. पेट में उठने वाले हर दर्द का कारण सिर्फ गैस या मामूली दर्द नहीं होता. यह अपेंडिक्स या किडनी स्टोन जैसी गंभीर बीमारी का संकेत भी हो सकता है.
बिना डॉक्टरी सलाह पेनकिलर खाने से आंत में हो सकता है छेद
MBBS MS डॉ. विकास यादव ने बताया कि पेट दर्द में बिना डॉक्टरी सलाह के दवाइयां लेना खतरनाक साबित हो सकता है. पेट में दर्द होने के कई अलग-अलग कारण होते हैं. कारण जाने बिना सिर्फ दर्द निवारक या गैस की दवा खाते रहना मरीज के लिए जानलेवा हो सकता है. डॉ. विकास यादव ने बताया कि पेट दर्द होने पर बिना सोचे-समझे बहुत अधिक मात्रा में पेनकिलर खाते रहने से आगे चलकर आंत में छेद होने का गंभीर खतरा पैदा हो सकता है. इसलिए हमेशा अपने नजदीकी डॉक्टर से मिलकर और दर्द का सही कारण जानकर ही दवा लेनी चाहिए. डॉक्टर की सलाह के बिना ओवर-द-काउंटर मिलने वाली ऐसी दर्द की दवाइयों के सेवन से पूरी तरह बचना चाहिए.
अपेंडिक्स और पथरी के दर्द के होते हैं अलग-अलग लक्षण
डॉ. विकास यादव ने बताया कि अपेंडिक्स और पथरी के दर्द के कुछ खास लक्षण होते हैं. अपेंडिक्स का दर्द आमतौर पर पेट के दाहिने हिस्से में नीचे की तरफ महसूस होता है. कई बार इस दर्द की शुरुआत नाभि से होती है और बाद में यह दाहिने हिस्से में नीचे की ओर खिसक जाता है. इसके साथ ही मरीज को बुखार आ सकता है और उल्टी जैसा लग सकता है.
पथरी का दर्द बहुत ही तेज और चुभने वाला होता है. यह दर्द कमर या जांघ (थाई) तक फैल सकता है, जो इस बात पर निर्भर करता है कि स्टोन की लोकेशन क्या है. इसमें भी मरीज को उल्टी जैसी समस्या हो सकती है.
समय पर इलाज न मिलने से हमेशा के लिए खराब हो सकती है किडनी
डॉ. विकास यादव ने बताया कि किडनी स्टोन का इलाज उसके आकार, स्थान और पेशाब के रास्ते में होने वाली रुकावट पर निर्भर करता है. अगर मरीज सिर्फ दर्द की दवा लेता रहे, तो पेशाब का रास्ता रुक सकता है और पेशाब के रास्ते में रुकावट के कारण किडनी में सूजन आ सकती है. इससे किडनी में सूजन (हाइड्रोनेफ्रोसिस) की स्थिति पैदा हो जाती है. अगर समय पर ध्यान न दिया जाए, तो इसके कारण आपकी किडनी हमेशा के लिए खराब हो सकती है.
About the Author
विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…
