Last Updated:
कालिंदी कुंज और मथुरा रोड पर ट्रैफिक जाम से राहत के लिए दिल्ली सरकार साढ़े 4 किमी लंबी सड़क बनाने जा रही है. यह सड़क आली विहार से मथुरा रोड तक बनेगी, इससे कालिंदी कुंज से मथुरा रोड तक लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है.
कालिंदी कुंज के ट्रैफिक जाम से राहत मिलने वाली है सरकार कालिंदी कुंज से मथुरा रोड तक नई सड़क बनाएगी.
Kalindi Kunj-Mathura road traffic Jam: कालिंदी कुंज पर जाम से कराहते लोगों को अब बड़ी राहत मिलने वाली है. घंटों तक लंबे ट्रैफिक जाम में फंसने वाली आपकी गाड़ियां जल्द ही यहां फर्राटा भरेंगी. वहीं नोएडा से फरीदाबाद का सफर भी इतना स्मूद हो जाएगा कि आप मिनटों में एक शहर से दूसरे शहर में जा सकेंगे. इसके लिए दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने मेगा प्लान तैयार कर लिया है.
दक्षिण दिल्ली और पास के शहरों नोएडा व फरीदाबाद के बीच बेहतर कनेक्टिविटी बनाने और कालिंदी कुंज और मथुरा रोड पर लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम की समस्या को कम करने के लिए दिल्ली सरकार एक नई सड़क बनाने की योजना बना रही है. यह सड़क लगभग 5 किलोमीटर लंबी होगी और इसमें दो लेन होंगी.
लोगों को राहत देने के लिए तैयार की जा रही यह योजना लाखों लोगों को फायदा पहुंचाएगी. इंडियन एक्सप्रेस में छपी खबर के मुताबिक यह सड़क आली विहार से मथुरा रोड तक बनाई जाएगी. इस सड़क का मकसद आश्रम-आली रोड और कालिंदी कुंज चौराहे पर होने वाले भारी ट्रैफिक को कम करना है, जहां लाखों लोग रोजाना सफर करते हैं और जाम की वजह से मिनटों के सफर को घंटों में पूरा करने को मजबूर होते हैं.
अधिकारियों के अनुसार, यह नई सड़क आगरा नहर के किनारे, दिल्ली के पूर्वी हिस्से में बनेगी. इससे न केवल आली गांव के आसपास के इलाकों तक पहुंच आसान होगी, बल्कि नोएडा, सरिता विहार और दक्षिण दिल्ली के अन्य बड़े इलाकों से कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी. इससे ट्रैफिक जाम में काफी कमी आने की उम्मीद है.
बोटेनिकल से तुगलकाबाद तक मेट्रो की भी हुई है घोषणा
कालिंदी कुंज का जाम लोगों के लिए सिरदर्द बन चुका है, यही वजह है कि इस जाम को बायपास करने के लिए दिल्ली मेट्रो ने भी एक नई मेट्रो लाइन की घोषणा की है. यह मेट्रो लाइन बोटेनिकल गार्ड ने कालिंदी कुंज और सरिता विहार होते हुए तुगलकाबाद को जोड़ेगी. जिससे कालिंदी कुंज पर लगने वाले जाम से बचने का रास्ता मिलेगा और लोग इस स्पैन में गाड़ियां न लाकर सीधे मेट्रो से सफर कर सकें.
बता दें कि दिल्ली सरकार की यह रोड बनाने की योजना और मेट्रो का विस्तार दोनों समय से पूरे हो जाते हैं तो यह लाखों लोगों के लिए बहुत ही बड़ी राहत होगी. जाम से त्रस्त इस इलाके और लोगों को भारी आराम मिलेगा.
दिल्ली सरकार के अधिकारियों की मानें तो नई सड़क की इस योजना को अमलीजामा पहनाया जा रहा है और इसे बनाने के संबंध में जल्द ही सूचना जारी हो सकती है.
About the Author
प्रिया गौतम Hindi.News18.com में बतौर सीनियर हेल्थ रिपोर्टर काम कर रही हैं. इन्हें पिछले 14 साल से फील्ड में रिर्पोर्टिंग का अनुभव प्राप्त है. इससे पहले ये हिंदुस्तान दिल्ली, अमर उजाला की कई लोकेशन…और पढ़ें
