Last Updated:
Ghaziabad Mahagunpuram News: गाजियाबाद की महागुनपुरम सोसाइटी में 40 वर्षीय पोडकास्टर राजवीर ने विनायक टावर की 13वीं मंजिल से कूदकर जान दी, जिसके बाद ग्राउंड फ्लोर स्थित फ्लैट में उनकी 70 वर्षीय मां सतनाम कौर की लाश मिली. आर्थिक तंगी और पारिवारिक तनाव को खुदकुशी की वजह माना जा रहा है. पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की गहराई से जांच कर रही है.
गाजियाबाद: दिल्ली से सटे गाजियाबाद की एक पॉश सोसाइटी महागुनपुरम उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एक शख्स ने 13वीं मंजिल से छलांग लगा दी. लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई, जब पुलिस मामले की जांच करने पहुंची, तो फ्लैट के अंदर का मंजर और भी खौफनाक था. कमरे में उस शख्स की बुजुर्ग मां की लाश पड़ी थी, जिससे तेज बदबू आ रही थी. यह दिल दहला देने वाली घटना नेशनल हाईवे-24 स्थित महागुनपुरम सोसाइटी के विनायक टावर की है.
गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे, यहां रहने वाले लोग उस वक्त सन्न रह गए जब 40 वर्षीय राजवीर ने टावर की 13वीं मंजिल की गैलरी से छलांग लगा दी. जमीन पर गिरते ही राजवीर की मौके पर ही मौत हो गई. सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और पुलिस को इस घटना की सूचना दी गई. हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक राजवीर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
बंद फ्लैट का खुला राज
राजवीर की पहचान होने के बाद जब पुलिस ग्राउंड फ्लोर पर स्थित फ्लैट संख्या-028 पहुंची, जहां उसकी 70 वर्षीय मां सतनाम कौर रहती थीं, तो वहां का नजारा देख पुलिसकर्मी भी दंग रह गए. फ्लैट का दरवाजा बंद था और अंदर से असहनीय बदबू आ रही थी. दरवाजा खोलकर देखा गया तो बेड पर सतनाम कौर का शव पड़ा हुआ था. शव की हालत देखकर अंदेशा जताया जा रहा है कि मां की मौत करीब 2 से 3 दिन पहले ही हो चुकी थी.
कर्ज और पारिवारिक तनाव की आशंका
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, राजवीर पोडकास्ट का काम करते थे, लेकिन पिछले कुछ समय से उन्हें बिजनेस में भारी घाटा हो रहा था. आर्थिक तंगी के चलते वह काफी तनाव में थे. इतना ही नहीं, राजवीर अपनी पत्नी किरण बाला और 12 साल के बेटे से अलग रह रहे थे. उनकी पत्नी और बच्चा नोएडा की गौड़ सिटी में रहते हैं. पुलिस को शक है कि मां की मौत और आर्थिक तंगी के गहरे सदमे में आकर राजवीर ने यह आत्मघाती कदम उठाया.
पुलिस और फॉरेंसिक टीम की जांच जारी
एसीपी सूर्यबली मौर्या ने बताया कि घटनास्थल पर फॉरेंसिक विभाग की टीम को बुला लिया गया है. मां की मौत स्वाभाविक थी या उनकी हत्या की गई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा. पुलिस इस मामले में हर एंगल से जांच कर रही है कि क्या राजवीर ने पहले मां की मौत देखी और फिर आत्महत्या की, या इसके पीछे कोई और बड़ी वजह है.
About the Author
राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें
