Last Updated:
नष्ट किए गए नशीले पदार्थों की लिस्ट बहुत लंबी और खतरनाक है. इसमें कई तरह के महंगे और जानलेवा ड्रग्स शामिल थे. करीब 121 किलो गांजा और 27 किलो से ज्यादा चरस नष्ट की गई. 29 किलो कोकीन और 13 किलो हेरोइन को भी राख कर दिया गया. 122 किलो अल्प्राजोलम की गोलियां और 395 बोतल कफ सिरप भी खत्म किए गए.
एनसीबी ने कड़ी निगरानी में 212 करोड़ के नशीले पदार्थ नष्ट किए.
नई दिल्ली. देश को नशा मुक्त बनाने के अभियान नशा मुक्त भारत के तहत नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की दिल्ली ज़ोनल यूनिट ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में जब्त किए गए नशीले पदार्थों को नष्ट कर दिया है. इस कार्रवाई के तहत कुल 39 प्री-ट्रायल और पोस्ट-ट्रायल मामलों में बरामद ड्रग्स को कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए पूरी पारदर्शिता के साथ खत्म किया गया. यह पूरा ऑपरेशन रीजनल ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी और हाई-लेवल ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में अंजाम दिया गया, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि किसी भी तरह की गड़बड़ी या लापरवाही न हो.
अगर नष्ट किए गए नशीले पदार्थों की बात करें तो इनमें करीब 121.698 किलो गांजा, 29.566 किलो कोकीन, 13.834 किलो हेरोइन, 27.366 किलो चरस और 122 किलो अल्प्राजोलम की गोलियां शामिल हैं. इसके अलावा 28.950 किलो एफेड्रिन, 63.830 किलो स्यूडोएफेड्रिन, 0.689 किलो एम्फेटामाइन और 300 ग्राम अन्य ड्रग्स भी नष्ट किए गए. साथ ही 395 बोतल कोडीन आधारित कफ सिरप को भी खत्म किया गया. कुल मिलाकर लगभग 408 किलो ड्रग्स को नष्ट किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 212.21 करोड़ रुपये आंकी गई है.
NCB के अधिकारियों के मुताबिक, इस तरह की कार्रवाई बेहद जरूरी होती है ताकि जब्त किए गए ड्रग्स दोबारा अवैध बाजार में न पहुंच सकें और समाज में नशे का जाल न फैल सके. यह ऑपरेशन न सिर्फ ड्रग्स तस्करों के लिए एक सख्त चेतावनी है, बल्कि यह भी दिखाता है कि एजेंसियां ड्रग्स के खिलाफ लगातार सख्त कदम उठा रही हैं. NCB ने आम लोगों से भी अपील की है कि अगर कहीं भी ड्रग्स से जुड़ी कोई गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत इसकी जानकारी संबंधित एजेंसियों को दें, ताकि देश को नशा मुक्त बनाने के इस अभियान को और मजबूत किया जा सके.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…और पढ़ें
