नई दिल्ली: दिल्ली एनसीआर में 26 और 27 मार्च को बारिश होने का पूर्वानुमान था, लेकिन दिनभर बादल छाए रहे. ऐसे में यहां सिर्फ हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली है. इसके अलावा यहां दिन भर तेज धूप रही. दिल्ली एनसीआर में अब हवाओं ने भी अब अपनी रफ्तार कम कर दी हैं. हवाएं लगभग 16 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बीते 24 घंटे के दौरान चली हैं. ऐसे में गर्मी का एहसास फिर से होने लगा है. क्योंकि बारिश का बहुत ज्यादा असर दिल्ली एनसीआर में देखने को नहीं मिल रहा है.
वहीं, बात करें आज के मौसम की तो आज 28 मार्च को भी दिल्ली एनसीआर में सिर्फ बादल छाए रहेंगे. इस दौरान हवाएं चलती रहेंगी. साथ ही धूप भी हल्की निकली रहेगी, लेकिन 28 मार्च के बाद भारत मौसम विज्ञान विभाग और स्काईमेट मौसम एजेंसी की बात करें तो मौसम करवट लेगा. 29 मार्च को दिल्ली एनसीआर में बारिश और आंधी तूफान की चेतावनी जारी की गई है.
दिल्ली एनसीआर में आईएमडी का अलर्ट
• दिल्ली एनसीआर में 29 मार्च को दोपहर और शाम के वक्त अचानक मौसम करवट लेगा. 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी तूफान आएगा. इसके साथ ही नोएडा, गाजियाबाद, गुड़गांव, फरीदाबाद समेत दिल्ली और इसके आसपास के शहरों में हल्की बारिश होगी, जिस वजह से मौसम कुछ हद तक ठंडा हो जाएगा. तापमान गिरकर लगभग 31 डिग्री सेल्सियस से 29 डिग्री सेल्सियस पर आ जाएगा. रात का तापमान जो अभी लगभग 21 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है. वही लगभग 14 से 16 डिग्री सेल्सियस पर हो जाएगा.
• दिल्ली एनसीआर में 30 और 31 मार्च की बात करें तो 30 मार्च को भी बारिश होने की संभावना जताई गई है. इस दिन भी बादल रहेंगे. मौसम 30 मार्च को भी ठंडा रहेगा जबकि 31 मार्च को सिर्फ बादल रहेंगे और अधिकतम तापमान 29 जबकि न्यूनतम तापमान लगभग 14 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
• अब बात करें अप्रैल के महीने की शुरुआत की तो अप्रैल का महीना फिलहाल बादलों के साथ शुरू होगा. क्योंकि 1 अप्रैल और 2 अप्रैल को दिल्ली एनसीआर में अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 17 से 18 डिग्री सेल्सियस से करीब ही रहेगा. इससे ज्यादा तापमान में कोई बढ़ोतरी नहीं होगी. हालांकि इस दौरान बादल छाए रहेंगे. हल्की ठंडी हवाएं चलती रहेंगी और अप्रैल के पहले सप्ताह गर्मी बहुत ज्यादा नहीं बढ़ेगी.
शहरों का तापमान और AQI
| शहर | तापमान अधिकतम/न्यूनतम | AQI |
| दिल्ली | 31/17 | 147 |
| नोएडा | 31/21 | 128 |
| गाजियाबाद | 31/21 | 150 |
| गुड़गांव | 31/21 | 150 |
| ग्रेटर नोएडा | 31/21 | 150 |
| फरीदाबाद | 32/21 | 157 |
नोट – ( ये आंकड़े शनिवार के हैं )
जानें क्या कहते हैं मौसम वैज्ञानिक
स्काईमेट वेदर मौसम एजेंसी के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. महेश पलावत ने बताया कि पिछले 24 घंटे के दौरान पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान सहित उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश हुई है. 28 मार्च की रात से एक बार फिर पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में बारिश शुरू होगी. जो दिल्ली और मध्य प्रदेश से गुजरते हुए उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड और उड़ीसा तक जाएगी. पूर्वोत्तर राज्यों में एक बार बारिश की गतिविधियां फिर बढ़ने वाली है. दक्षिण भारत में भी अब झमाझम बारिश की संभावना नजर आ रही है. पहाड़ों पर लगातार बारिश होती रहेगी और ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी होगी.
