Last Updated:
Goldy Brar Rohit Godara Gang Shooter Arrested: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लॉरेंस बिश्नोई सिंडिकेट से जुड़े रोहित गोदारा, गोल्डी बराड़ और वीरेंद्र चारण गैंग के एक बेहद खतरनाक शूटर दीपक उर्फ दिलावर को गिरफ्तार किया है. इस शूटर ने पंजाब के नकोदर में 5 करोड़ रुपये की रंगदारी न देने पर एक ट्रैवल कंपनी के दफ्तर पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई थीं. स्पेशल सेल ने 23 मार्च 2026 को सैनिक विहार इलाके से इसे दबोचा और इसके ठिकाने से एक लोडेड सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल व जिंदा कारतूस बरामद किए. पूछताछ में खुलासा हुआ है कि विदेशी धरती से बैठे आकाओं के इशारे पर यह शूटर दिल्ली में अपना नया बेस बना रहा था.
दिल्ली पुलिस ने गोल्डी बराड़-रोहित गोदारा गैंग के शूटर का दिल्ली में अरेस्ट हो गया है. (फाइल फोटो)
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली और आसपास के राज्यों में व्यापारियों से करोड़ों की रंगदारी मांगने वाले खूंखार रोहित गोदारा-गोल्डी बराड़-वीरेंद्र चारण गैंग पर दिल्ली पुलिस ने करारा प्रहार किया है. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इस इंटरनेशनल क्राइम सिंडिकेट के एक अहम और खतरनाक शूटर दीपक कुमार उर्फ दिलावर (26) को गिरफ्तार कर लिया है. उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले का रहने वाला यह शूटर पंजाब में 5 करोड़ की रंगदारी के लिए सरेआम गोलियां बरसाने के बाद से फरार था और दिल्ली में अपना नया सुरक्षित ठिकाना बना रहा था.
स्पेशल सेल की नॉर्दर्न रेंज को खुफिया जानकारी मिली थी कि पंजाब में फायरिंग की घटना को अंजाम देने वाला शूटर दिल्ली में छिपा है. इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर 23 मार्च 2026 को सैनिक विहार इलाके से दीपक उर्फ दिलावर को धर दबोचा. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसके ठिकाने पर छापेमारी की, जहां से एक लोडेड सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल और 5 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं. पुलिस ने स्पेशल सेल थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है.
कहां से जुड़े शूटर के तार?
इस खूंखार शूटर की गिरफ्तारी की कहानी दिसंबर 2025 से शुरू होती है-
- दिल्ली के जौहरी से मांग: पिछले साल वीरेंद्र चारण ने दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके के एक बड़े जौहरी से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी.
- 5 गुर्गों की गिरफ्तारी: इस मामले की जांच जब स्पेशल सेल को सौंपी गई, तो पुलिस ने रोहित, राहुल, लक्ष्मण, मोहित (चेरी) और पंकज राजपूत नामक 5 आरोपियों को दबोचा. इनमें से पंकज राजपूत पंजाब का मोस्ट वांटेड गैंगस्टर था, जिस पर 20 से ज्यादा संगीन मामले दर्ज थे.
- पंकज से पूछताछ में बड़ा खुलासा: जब स्पेशल सेल ने कुख्यात पंकज राजपूत से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने पंजाब के नकोदर में हुई एक बड़ी वारदात और उसमें शामिल शूटर दीपक उर्फ दिलावर का राज उगल दिया.
पंजाब के नकोदर में 5 करोड़ के लिए बरसाई थीं गोलियां
गैंगस्टर वीरेंद्र चारण ने 2025 में पंजाब के नकोदर शहर की मशहूर ‘बख्शी ट्रैवल कंपनी’ के मालिक मनीष बख्शी से 5 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रंगदारी मांगी थी. जब कारोबारी ने पैसे देने में आनाकानी की, तो खौफ पैदा करने के लिए चारण ने 13 जनवरी 2026 को बख्शी ट्रैवल के दफ्तर पर ताबड़तोड़ फायरिंग करवा दी. इस सनसनीखेज वारदात को तीन स्थानीय शूटरों ने अंजाम दिया था, जिनमें से एक यही दीपक उर्फ दिलावर था. घटना के बाद पंजाब पुलिस ने मामला दर्ज किया, लेकिन दीपक अंडरग्राउंड हो गया. उसे पकड़ने के लिए दिल्ली पुलिस ने यूपी और पंजाब में कई टीमें भेजी थीं.
एन्क्रिप्टेड ऐप से हत्या और रंगदारी की सुपारी
स्पेशल सेल की पूछताछ में आरोपी दीपक ने अपराध के उस हाई-टेक तरीके का भी खुलासा किया है, जिससे यह सिंडिकेट काम करता है. दीपक ने बताया कि उसे अवैध हथियार गैंगस्टर पंकज राजपूत ने ही मुहैया कराए थे. इसके बाद पंकज ने एक खास एन्क्रिप्टेड चैट प्लेटफॉर्म (Encrypted chat app) के जरिए उसकी सीधी बात विदेश में बैठे गैंगस्टर वीरेंद्र चारण से करवाई. वीरेंद्र चारण के सीधे आदेश पर ही उसने नकोदर में ट्रैवल कंपनी पर गोलियां चलाई थीं.
वारदात के बाद पुलिस से बचने और भविष्य में दिल्ली-NCR में बड़ी वारदातों को अंजाम देने के लिए, चारण के निर्देश पर ही दीपक दिल्ली के सैनिक विहार में अपना नया बेस बना रहा था, लेकिन स्पेशल सेल ने समय रहते उसके नापाक मंसूबों पर पानी फेर दिया.
About the Author
Deep Raj Deepak working with News18 Hindi (hindi.news18.com/) Central Desk since 2022. He has strong command over national and international political news, current affairs and science and research-based news. …और पढ़ें
