Last Updated:
दिल्ली पुलिस एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड ने शशि गार्डन से नदीम और मोनू को गिरफ्तार कर 45.760 किलो गांजा और 2.65 लाख नकद बरामद किए, एनडीपीएस केस दर्ज.
पुलिस हिरासत में गिरफ्तार दोनों आरोपी.
दिल्ली पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत एंटी-नारकोटिक्स स्क्वॉड ने शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दो ड्रग सप्लायरों को गिरफ्तार कर लिया. इनके पास से 45 किलो से ज्यादा गांजे की खेप भी बरामद की गई. इस दौरान नकदी और पैकिंग सामग्री भी जब्त की गई. पूर्वी जिला पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नदीम (28) और मोनू उर्फ अभिषेक (25) के रूप में हुई है. पुलिस ने इनके कब्जे से 45.760 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी अवैध बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 23 लाख रुपये है. इसके अलावा 2,65,400 रुपये नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन और थोक पैकिंग सामग्री भी जब्त की गई.
यह सफलता दिल्ली पुलिस के संगठित ड्रग नेटवर्क को तोड़ने के निरंतर प्रयासों का नतीजा है. एंटी-नारकोटिक्स स्क्वॉड की एक विशेष टीम बनाई गई थी, जिसमें एसआई राहुल मोंगा, एसआई विकास, एएसआई अरुण कुमार, एएसआई अमित कुमार और अन्य जवान शामिल थे. टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर अरुण कुमार (इंचार्ज ANS/ईस्ट) कर रहे थे, जबकि कुल देखरेख एसीपी ऑपरेशंस पवन कुमार के मार्गदर्शन में की जा रही थी. दो अप्रैल को मिली विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस को पता चला कि आरोपी शशि गार्डन के जवाहर मोहल्ला स्थित एक आवासीय परिसर में बड़ी मात्रा में गांजा रखे हुए हैं और उसे आगे बांटने की तैयारी कर रहे हैं. तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उक्त स्थान पर छापा मारा. वहां दोनों आरोपी गांजे को छोटी-छोटी पाउच में पैक करने में व्यस्त पाए गए.
तलाशी के दौरान चार प्लास्टिक बैगों में रखा गांजा बरामद हुआ. जांच और वजन करने पर कुल 45 किलो 760 ग्राम गांजा निकला, जो NDPS एक्ट के तहत कमर्शियल क्वांटिटी श्रेणी में आता है. इस मामले में पांडव नगर पुलिस स्टेशन में एफआईआर नंबर 90/2026 दर्ज की गई है और दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि वे दिल्ली-NCR में सक्रिय एक संगठित नारकोटिक्स सप्लाई चेन का हिस्सा हैं. वे दूसरे राज्यों से थोक में गांजा मंगवाते थे और आवासीय इलाकों में छिपाकर रखते थे ताकि शक न हो. गांजे को छोटी मात्रा में पैक करने के लिए स्टेपलर और चिपकने वाली टेप जैसी सामान्य चीजों का इस्तेमाल करते थे, जिससे लोकल नेटवर्क के जरिए आसानी से बिक्री हो सके.
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है. नदीम शशि गार्डन का रहने वाला है, शादीशुदा है और उसने 8वीं कक्षा तक पढ़ाई की है. वहीं मोनू शास्त्री मोहल्ला, पटपड़गंज का रहने वाला है, अविवाहित है और उसने 7वीं कक्षा तक पढ़ाई की है. दिल्ली पुलिस अब इस सप्लाई चेन के पिछले और आगे के लिंकेज की जांच कर रही है. खासतौर पर अंतरराज्यीय कनेक्शन पर फोकस है. आगे की जांच में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं.
About the Author
न्यूज18 हिंदी में बतौर एसोसिएट एडिटर कार्यरत. मीडिया में करीब दो दशक का अनुभव. दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, आईएएनएस, बीबीसी, अमर उजाला, जी समूह सहित कई अन्य संस्थानों में कार्य करने का मौका मिला. माखनलाल यूनिवर्स…और पढ़ें
