नई दिल्ली: दिल्ली एनसीआर और बड़े-बड़े मेट्रो शहरों में अक्सर लोग छोटे-छोटे फ्लैट या घरों में रहते हैं, जिस वजह से लोग अपने घर की बालकनी या छत पर सब्जियां या कोई फल नहीं लगा पाते हैं. उन्हें लगता है कि उनके पास जगह कम है, लेकिन अगर आप भी किसी मेट्रो सिटी या बड़े-बड़े फ्लैट में रहते हैं तो आप भी अपने घर के अंदर 12 महीने कई तरह की सब्जियां उगा सकते हैं. ऐसा करने से आप अपने घर के अंदर ही ऑर्गेनिक सब्जियां उगा लेंगे. आपको मार्केट से सब्जियां खरीदने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी.
आखिर यह कैसे संभव होगा, यही जानने के लिए जब भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के सीनियर साइंटिस्ट डॉ. जोगेंद्र राठौर से लोकल 18 की टीम ने खास बातची की. उन्होंने बताया कि बड़े-बड़े फ्लैट या छोटे घरों में रहने वाले लोगों के पास अगर छत या फिर बालकनी है तो भी वो इसका सही इस्तेमाल करके 12 महीने सब्जियां उगा सकते हैं. अच्छी पैदावार अपने घर से ही ले सकते हैं, लेकिन इसके लिए कई बातों का ध्यान रखना होगा. इसके बाद ही बालकनी में सब्जियां होना संभव है. आइये जानते हैं इसके बारे में.
धूप और मौसम का रखें ख्याल
भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के सीनियर साइंटिस्ट डॉ. जोगेंद्र राठौर ने बताया कि अगर आप अपने घर की बालकनी या छत का इस्तेमाल कर रहे हैं. सब्जियां उगाने में तो सबसे पहले यह जरूर देखें कि वहां पर कितने घंटे तक सूर्य की रोशनी यानी धूप रहती है. उन्होंने बताया कि फल वाली सब्जियां जैसे मिर्च और टमाटर के लिए कम से कम 5 से 6 घंटे तक सूर्य का प्रकाश रहना जरूरी होता है.
वहीं, पत्तेदार सब्जियों जैसे पालक और मेथी को जहां कम धूप आती हो. वहां पर लगा सकते हैं. इसके अलावा कौन सी सब्जी कौन से मौसम में उगानी है. यह भी जानना बेहद जरूरी है. जैसे अगर आप सर्दी के मौसम में सब्जियां अपने घर की बालकनी या छत पर लगा रहे हैं तो सर्दी के मौसम में आप गाजर, मूली, पालक, मेथी, मटर और टमाटर लगा सकते हैं. जबकि बरसात या गर्मी के मौसम में आप बैंगन, मिर्च और टमाटर जैसी सब्जियों को उगा सकते हैं.
जड़ों के अनुसार लें गमला
सीनियर साइंटिस्ट डॉ. जोगेंद्र राठौर ने यह भी बताया कि अगर आपके यहां बालकनी में जालियां लगी हुई हैं, तो उसमें आप बेलदार सब्जियां लगा सकते हैं. जैसे खीरा, कद्दू, लौकी तोरई जैसी सब्जियों को आप जाली का इस्तेमाल करके लगा सकते हैं. जिसमें करेला भी आप शामिल कर सकते हैं. उन्होंने बताया कि घर में सब्जियां उगाते समय सबसे जरूरी है. कंटेनर का आकार जानना.
इसके लिए जैसे मिर्ची, कद्दू और बैंगन या टमाटर इन सब की जड़े काफी गहरी होती है. काफी गहराई तक जाती है, तो उनके लिए आप बड़े गमले ले सकते हैं. जिनकी जड़ें कम गहराई वाली होती हैं, उनके लिए आप 6 से 10 इंच के गमले का इस्तेमाल कर सकते हैं. वहीं, मध्यम जड़ें वाली सब्जियों के लिए आप 10 से 12 इंच के गमले ले सकते हैं. अगर आप फल वाली सब्जियां उगा रहे हैं तो 16 इंच से ज्यादा का गमला ले सकते हैं. अगर आप और भी गहरी जड़ों वाली सब्जियां उगा रहे हैं तो कम से कम 20 इंच के गमलों का इस्तेमाल करें.
बालकनी की मजबूती देखकर ही रखें कंटेनर
सीनियर साइंटिस्ट डॉ. जोगेंद्र राठौर ने यह भी बताया कि अगर आपकी बालकनी ज्यादा मजबूत नहीं हैं, तो उस पर भारी कंटेनर या भरी गमले ना रखें. बालकनी की मजबूती देखकर ही उतने ही गमले या उतनी ही सब्जियां वहां लगाएं. जितना बालकनी भार सह सके. इसके अलावा उन्होंने यह भी बताया कि अगर आप अपनी सब्जियों को बेहतर क्वालिटी देना चाहते हैं तो उनको पोषण देना ना भूले. जिसमें आप 10% मिट्टी का इस्तेमाल कर सकते हैं. 30% जैविक खाद ले सकते हैं. 20% कोको पीट ले सकते हैं.
इसके अलावा 10% वर्मी कंपोस्ट भी ले सकते हैं. इसके अलावा आप जल निकास, जल संचार, जल भराव के अलावा पोषण पर बहुत ज्यादा फोकस करेंगे. तभी आपकी सब्जी अच्छी क्वालिटी की होगी.
अच्छी जगह से लें बीज
सीनियर साइंटिस्ट डॉ. जोगेंद्र राठौर ने यह भी बताया कि आपको बीज हर एक सब्जी का अच्छे स्रोत से लेना चाहिए. अच्छी जगह से ही बीज लेकर उसके बाद पौध तैयार करें. इसके अलावा आप अपनी किसी भी सब्जी को ज्यादा पानी ना दें. घर में लगने वाली सब्जियां ज्यादातर इसलिए खराब हो जाती है या विकसित नहीं हो पाती है. क्योंकि लोग अपने मन से उन्हें ज्यादा पानी दे देते हैं. ज्यादा पानी देने से फसल अक्सर खराब हो जाती है. मौसम के अनुसार ही पानी डालें. समय-समय पर देखते रहे कि कहीं आपकी सब्जियों पर कोई कीट बीमारियां तो नहीं है. अगर हैं तो उसका भी आप निवारण जरूर करें. इतनी बातों का ख्याल रख कर आप अपने घर की छत या बालकनी पर आसानी से सब्जियां उगा सकते हैं.
