नई दिल्ली (Kendriya Vidyalaya in Delhi NCR). कहने को सरकारी स्कूल लेकिन सुविधाएं और पढ़ाई एकदम प्राइवेट लेवल वाली! ज्यादातर पेरेंट्स अपने बच्चे का एडमिशन केंद्रीय विद्यालय में करवाने का सपना देखते हैं. दिल्ली में रहने वाले परिवारों के लिए यह सपना इसलिए भी बड़ा है क्योंकि यहां मौजूद केवी (KV) स्कूलों की साख बहुत ऊंची है. चाहे वो दिल्ली कैंट का बड़ा कैंपस हो या नोएडा-गाजियाबाद के आधुनिक विद्यालय, इन स्कूलों में एडमिशन के लिए हर साल जंग जैसी स्थिति रहती है.
दिल्ली-एनसीआर में कितने केंद्रीय विद्यालय हैं?
दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय का बहुत बड़ा नेटवर्क है. केवल दिल्ली रीजन की बात करें तो यहां 46 केंद्रीय विद्यालय संचालित हैं. इसके अलावा नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम जैसे एनसीआर शहरों में भी कई प्रतिष्ठित केवी मौजूद हैं. ये सरकारी स्कूल अलग-अलग क्लस्टर्स में बंटे हुए हैं, जिससे हर इलाके के बच्चों को पास में स्कूल मिल सके.
एनसीआर में केंद्रीय विद्यालय का पूरा हिसाब-किताब
दिल्ली के अलावा एनसीआर के इन 4 मुख्य शहरों में करीब 18-20 बड़े केंद्रीय विद्यालय संचालित हैं. यहां शहरवार लिस्ट दी गई है:
1. नोएडा और ग्रेटर नोएडा:
- केवी सेक्टर 24, नोएडा: यह नोएडा का सबसे पुराना और प्रतिष्ठित स्कूल है, जो दो शिफ्ट में चलता है.
- केवी ग्रेटर नोएडा: यह सेक्टर P-3 (गुरजिंदर विहार) में स्थित है.
- केवी एनटीपीसी दादरी: गौतम बुद्ध नगर जिले के दादरी इलाके में यह प्रमुख स्कूल है.
- केवी सीआईएसएफ सूरजपुर: यह ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर इलाके में स्थित है.
2. गाजियाबाद:
- केवी नंबर 1 हिंडन एएफएस: एयरफोर्स स्टेशन हिंडन के अंदर स्थित.
- केवी नंबर 2 हिंडन एएफएस: हिंडन एयरफोर्स का दूसरा बड़ा स्कूल.
- केवी कमला नेहरू नगर (KV Ghaziabad): शहर के बीचों-बीच स्थित लोकप्रिय स्कूल.
- केवी मुरादनगर: मुरादनगर की ऑर्डनेंस फैक्ट्री के कैंपस में स्थित.
- केवी बाबूगढ़ कैंट: हापुड़ रोड पर स्थित आर्मी एरिया का स्कूल.
3. गुरुग्राम:
- केवी नंबर 1 एएफएस गुरुग्राम: सेक्टर-14 और ओल्ड दिल्ली रोड के पास स्थित.
- केवी सोहना रोड: गुरुग्राम के रिहायशी इलाके में स्थित.
- केवी सीआरपीएफ कादरपुर: कादरपुर स्थित सीआरपीएफ कैंप के अंदर.
- केवी एनएसजी मानेसर: मानेसर स्थित एनएसजी (NSG) कमांडो ट्रेनिंग सेंटर के पास.
4. फरीदाबाद:
- केवी नंबर 1 फरीदाबाद: सेक्टर-3 के पास स्थित.
- केवी नंबर 2 फरीदाबाद: एनएच-4 के पास स्थित.
- केवी नंबर 3 फरीदाबाद: यह भी शहर के प्रमुख रिहायशी इलाकों को कवर करता है.
KVS Admission Categories: केंद्रीय विद्यालय में कौन पढ़ाई कर सकता है?
केंद्रीय विद्यालय में एडमिशन के लिए ‘प्रायोरिटी सिस्टम’ यानी प्राथमिकता श्रेणी बनी हुई है:
कैटेगरी 1: केंद्र सरकार के कर्मचारी (जैसे डिफेंस, रेलवे) और पूर्व सैनिकों के बच्चे.
कैटेगरी 2: केंद्र सरकार के स्वायत्त निकायों (Autonomous Bodies) या सार्वजनिक उपक्रमों (PSUs) के कर्मचारी.
कैटेगरी 3: राज्य सरकार के कर्मचारियों के बच्चे.
कैटेगरी 4: राज्य सरकार के PSUs के बच्चे.
कैटेगरी 5 (आम जनता): इसमें निजी क्षेत्र में काम करने वाले या बिजनेसमैन के बच्चे एडमिशन ले सकते हैं. इसके अलावा, RTE (Right to Education) के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए 25% सीटें आरक्षित होती हैं.
केंद्रीय विद्यालय में किस उम्र में एडमिशन ले सकते हैं?
सीबीएसई के नए नियमों के बाद उम्र को लेकर स्थिति अब एकदम साफ है. क्लास 1 के लिए बच्चे की उम्र 31 मार्च 2026 तक कम से कम 6 साल पूरी होनी चाहिए (लेकिन 8 साल से कम).
| क्लास | न्यूनतम उम्र (31 मार्च 2026 तक) | अधिकतम उम्र |
| बालवाटिका (1-3) | 3 से 5 साल | – |
| कक्षा 1 | 6 साल | 8 साल |
| कक्षा 2 | 7 साल | 9 साल |
| कक्षा 10 | 14 साल | 16 साल |
केंद्रीय विद्यालय में एडमिशन कैसे होता है?
केंद्रीय विद्यालय कक्षा 1 के लिए एडमिशन पूरी तरह ऑनलाइन मोड में होता है. इसके लिए केंद्रीय विद्यालय की ऑफिशियल वेबसाइट kvsangathan.nic.in या विशेष एडमिशन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करना पड़ता है. कक्षा 2 और उससे ऊपर की कक्षाओं (कक्षा 11 को छोड़कर) के लिए एडमिशन ऑफलाइन मोड में होते हैं. इन क्लासेस में एडमिशन सिर्फ तभी मिलेगा, जब केवी में सीटें खाली होंगी.
केवी में एडमिशन के लिए जरूरी डॉक्यूमेंट्स
केंद्रीय विद्यालय में एडमिशन के समय कुछ जरूरी डॉक्यूमेंट्स साथ होने जरूरी हैं:
- बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र
- निवास प्रमाण पत्र
- कैटेगरी सर्टिफिकेट (एससी/एसटी/ओबीसी/EWS, यदि लागू हो).
- माता-पिता का सर्विस सर्टिफिकेट (सरकारी कर्मचारियों के लिए).
- ऑफिशियल वेबसाइट: kvsangathan.nic.in
- दिल्ली रीजन वेबसाइट: rodelhi.kvs.gov.in
केंद्रीय विद्यालय में एडमिशन से पहले प्रायोरिटी सिस्टम पता कर लें. साथ ही चेक कर लें कि आपके निकटतम केवी में कितनी सीट्स खाली हैं.
