Last Updated:
Delhi Ghaziabad Traffic Advisory: स्वतंत्रता दिवस 2026 और 13 अगस्त की रिहर्सल को लेकर गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस ने रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है. 12 से 15 अगस्त तक दिल्ली से सटे यूपी गेट, सीमापुरी, भोपुरा, लोनी और महाराजपुर समेत कई प्रमुख बॉर्डर्स पर व्यवसायिक (कमर्शियल) वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी. आवश्यक वस्तुओं वाले वाहनों को छूट मिलेगी. जाम और असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का प्रयोग करें. ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 9643322904 पर संपर्क कर सकते हैं.
15 अगस्त की तैयारियों को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, इन बॉर्डर्स से दिल्ली में नहीं मिलेगी एंट्री (फोटो-AI)
Delhi-Ghaziabad Traffic Advisory: स्वतंत्रता दिवस 2026 की तैयारियां पूरे देश में जोर-शोर से चल रही हैं. 15 अगस्त को दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले पर मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा, जबकि इससे पहले 13 अगस्त को फुल ड्रेस रिहर्सल होगी. इन दोनों बड़े कार्यक्रमों को सुरक्षित और बिना किसी बाधा के संपन्न कराने के लिए गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस ने एक बड़ा ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया है.
यदि आप गाजियाबाद के रास्तों से होकर दिल्ली जाने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके बेहद काम की है. ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त की रात से ही दिल्ली से सटे कई प्रमुख बॉर्डर्स पर कमर्शियल (व्यवसायिक) गाड़ियों की एंट्री पूरी तरह से बंद कर दी जाएगी.
कब से कब तक लागू रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन?
गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी के मुताबिक, डायवर्जन दो चरणों में लागू किया जाएगा:
- पहला चरण (रिहर्सल के लिए): 12 अगस्त 2026 की रात 8:00 बजे से लेकर 13 अगस्त 2026 को रिहर्सल कार्यक्रम समाप्त होने तक.
- दूसरा चरण (मुख्य समारोह के लिए): 14 अगस्त 2026 की रात 8:00 बजे से लेकर 15 अगस्त 2026 को मुख्य समारोह समाप्त होने तक.
इस दौरान गाजियाबाद से दिल्ली की सीमा में प्रवेश करने वाले सभी प्रकार के हल्के, मध्यम और भारी व्यवसायिक वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा.
15 अगस्त की तैयारियों को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, इन बॉर्डर्स से दिल्ली में नहीं मिलेगी एंट्री (फोटो-AI)
ये रास्ते और बॉर्डर्स रहेंगे पूरी तरह बंद
अगर आप व्यवसायिक वाहन लेकर दिल्ली की ओर बढ़ रहे हैं, तो नीचे दिए गए मार्गों पर जाने से बचें:
- एनएच-09 (NH-09): यूपी गेट होकर दिल्ली में प्रवेश करने वाले व्यवसायिक वाहनों पर रोक रहेगी.
- डाबर तिराहा: डाबर तिराहे से महाराजपुर होते हुए दिल्ली जाने वाला रास्ता बंद रहेगा.
- मोहननगर से सीमापुरी: मोहननगर की तरफ से सीमापुरी बॉर्डर होकर दिल्ली में एंट्री नहीं मिलेगी.
- भोपुरा बॉर्डर व लोनी बॉर्डर: इन दोनों प्रमुख सीमाओं से भी गाड़ियों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा.
- मेरठ व भोजपुर एंट्री प्वाइंट: जनपद मेरठ के काशी टोल प्लाजा से गाजियाबाद की ओर तथा भोजपुर एंट्री, IMS कॉलेज और IPEM कॉलेज एंट्री प्वाइंट से दिल्ली जाने वाली गाड़ियों पर रोक रहेगी.
- पुस्ता खजुरी मार्ग: पुस्ता खजुरी रोड से दिल्ली की ओर आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा.
- सूर्यनगर बॉर्डर: सूर्यनगर बॉर्डर से भी दिल्ली की तरफ गाड़ियों की आवाजाही बंद रहेगी.
किन्हें मिलेगी राहत?
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह प्रतिबंध सामान्य कमर्शियल गाड़ियों पर लागू होगा. आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत आने वाले वाहनों (जैसे दूध, सब्जी, दवाइयां और राशन ले जाने वाली गाड़ियां) को इन रास्तों से आने-जाने की छूट दी जाएगी.
ट्रैफिक पुलिस की अपील और हेल्पलाइन नंबर
गाजियाबाद पुलिस ने आम जनता और चालकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए एनएच-09 या दिल्ली बॉर्डर वाले रास्तों के बजाय वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें. सफर पर निकलने से पहले रूट प्लान जरूर चेक कर लें. यदि रास्ते में कोई समस्या आती है या ट्रैफिक से जुड़ा कोई अपडेट चाहिए, तो नागरिक यातायात पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 9643322904 पर संपर्क कर सकते हैं.
About the Author
Rahul Goyal is a senior journalist with over 15 years of experience in print and digital media. He currently serves as a Coordinator and Publisher at News18 Hindi, managing State and Local18 content operations …
और पढ़ें
