UP News Live : कुशीनगर में मां-बेटी पर फेंका तेजाब, शीतला धाम में श्रद्धालुओं और पंडों के बीच मारपीट

UP News and Updates in Hindi: अगर आपको उत्तर प्रदेश से जुड़ी आज की मुख्य और ताजा खबरें पढ़नी हैं तो यहां पर आपको सब जानकारी मिलेगी. यहां आपको शहर और उसके आस-पास की बड़ी खबरों के अलावा अलग-अलग स्थानों पर होने वाले घटनाक्रमों के बारे में भी सब पढ़ने को मिलेगा, तो जुड़े रहिए न्यूज 18 के साथ…

बलरामपुर में जंगली जानवर का हमला, युवक की मौत
बलरामपुर में जंगली जानवर के हमले में युवक की मौत हो गई. हरिकांत यादव जंगल किनारे भैंस चराने गया था. वन विभाग की टीम मौके पर, लोगों को जंगल में जाने से रोका गया. पचपेड़वा थाना क्षेत्र के रेहरा चौकी गांव का मामला. जंगली जानवर बीते कुछ दिनों में दो महिलाओं समेत पांच लोगों का शिकार कर चुका है. ग्रामीणों के अनुसार हमला करने वाला जंगली जानवर बाघ है.

कानपुर वोटर लिस्ट में बड़ा बदलाव, महराजगंज में भी कटे लाखों नाम
कानपुर में वोटर लिस्ट में बड़ा बदलाव हुआ है. करीब 6.87 लाख वोटरों के नाम कटे. कुल वोटर घटकर हुए 28.51 लाख. पहले थे 35.38 लाख वोटर. कल्याणपुर, कैंट, महाराजपुर में सबसे ज्यादा नाम कटे बिठूर, घाटमपुर में सबसे कम कटौती. महराजगंज में दो लाख मतदाताओं के नाम कटे. अब 1792128 मतदाता बचे हैं. पहले 1992459 मतदाता थे.

शीतला धाम में श्रद्धालुओं और पंडों के बीच मारपीट

शीतला धाम में श्रद्धालुओं और पंडों के बीच मारपीट हुई. दोनों पक्षों में जमकर लात-घूंसे चले. मारपीट में एक पंडे समेत दो लोगों को मामूली चोट आई. मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं ने किया बीच बचाव. मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी है. कड़ा धाम थाना के शीतला माता मंदिर का मामला है.

न्यायमूर्ति यशवंत वर्मा को काफी पहले इस्तीफा दे देना चाहिए था : बार एसोसिएशन

इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति यशवंत वर्मा के इस्तीफे को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश पांडेय ने शुक्रवार को कहा कि न्यायमूर्ति वर्मा को काफी पहले इस्तीफा दे देना चाहिए था. उन्होंने कहा, “न्यायमूर्ति यशवंत वर्मा को इस्तीफा ही देना था तो काफी पहले दे देते… यह हम सभी के लिए बेहतर रहता. इससे झूठमूठ का विवाद पैदा होता रहा. इससे सभी की- उच्च न्यायालय, पूरी न्यायपालिका और स्वयं उनकी भी छवि धूमिल हुई.” पांडेय ने कहा, “अगर वह लड़ रहे थे तो उन्हें लड़ते रहना चाहिए था, और अगर इस्तीफा देना था तो इसे शुरू में ही दिया जा सकता था. उन्होंने अब जाकर इस्तीफा दिया है तो भी यह स्वागत योग्य कदम है… उन्होंने समझदारी का काम किया.” नयी दिल्ली में न्यायमूर्ति यशवंत वर्मा के घर पर भारी मात्रा में जले हुए नोटों के बंडल बरामद होने के बाद वह महाभियोग का सामना कर रहे थे. न्यायमूर्ति वर्मा ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को अपना त्यागपत्र दे दिया. न्यायमूर्ति वर्मा के नयी दिल्ली स्थित आवास पर पिछले वर्ष 14 मार्च को जले हुए नोट बरामद होने के बाद उन्हें इलाहाबाद उच्च न्यायालय वापस भेज दिया गया था जिसका इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने भारी विरोध किया था.

कुशीनगर में अज्ञात हमलावर ने सो रही मां-बेटी पर तेजाब फेंका

कुशीनगर जिले के रामकोला थाना क्षेत्र अंतर्गत मोरवन के टोला इमिलिया में अज्ञात हमलावर ने घर में घुसकर, सो रही मां-बेटी पर तेजाब फेंक दिया जिससे दोनों बुरी तरह झुलस गई हैं. घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए उप महानिरीक्षक एस चिनप्पा, पुलिस अधीक्षक केशव कुमार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार की रात प्रभुनाथ यादव घर के बाहर बरामदे में सो रहे थे, जबकि उनकी पत्नी लीलावती देवी (58) और सबसे छोटी बेटी काजल (23) अंदर कमरे में सोई हुई थीं. आधी रात के बाद कोई अज्ञात हमलावर छत के रास्ते घर के भीतर दाखिल हुआ और सो रही मां-बेटी पर तेजाब उड़ेल दिया. चीख-पुकार सुनकर प्रभुनाथ अंदर पहुंचे, तब तक हमलावर फरार हो चुका था. आनन-फानन में दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज कुशीनगर ले जाया गया. वहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया. प्रभुनाथ यादव पश्चिम बंगाल के आसनसोल में एक कोल्ड स्टोरेज में कार्यरत थे और करीब छह माह पहले ही वहां से सेवानिवृत्त होकर घर लौटे थे. पुलिस इस जघन्य वारदात के कारणों और हमलावर की तलाश में जुटी है. पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने बताया कि अधिकारियों ने फॉरेंसिक टीम और पुलिस को जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं.

जलेसर में अवैध खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
एटा जिले के जलेसर तहसील क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है. नगला रूपी खटोटा गांव के समीप से अवैध खनन करते हुए एक जेसीबी मशीन और दो ट्रैक्टर जब्त किए गए हैं.यह कार्रवाई एसडीएम भावना विमल के निर्देश पर की गई. तहसीलदार संदीप सिंह और नायब तहसीलदार शाश्वत अग्रवाल ने मौके पर पहुंचकर इन वाहनों को पकड़ा.प्रशासन ने अवैध खनन में लिप्त इन वाहनों को सीज कर दिया है. इन पर नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई भी की जाएगी. जिला प्रशासन अवैध खनन के खिलाफ लगातार अभियान चला रहा है.

उत्तर प्रदेश में SIR की प्रक्रिया हुई पूरी
उत्तर प्रदेश में SIR की प्रक्रिया हुई पूरी. आज UP की अंतिम मतदाता सूची का होगा प्रकाशन. UP की अंतिम मतदाता सूची में होंगे करीब 13 करोड़ से अधिक वोटर्स. करीब 2 करोड़ से अधिक मतदाताओं के कटेंगे नाम. आज UP के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा प्रेस कॉन्फ्रेंस कर करेंगे ऐलान.

साइबर फ्रॉड पर यूपी का वार: ठगी की रकम फ्रीज कराने में देश में नंबर-1
लखनऊ. साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई में उत्तर प्रदेश देश में अव्वल साबित हुआ है. मार्च 2026 में यूपी पुलिस ने साइबर ठगी के 41 करोड़ 10 लाख रुपये फ्रीज कराए, जो कुल ठगी गई रकम का 37.5 फीसदी है. इस मामले में गुजरात (35.02%), राजस्थान (33.6%) और महाराष्ट्र (33.01%) पीछे रहे. यूपी में जुलाई 2025 में साइबर फ्रॉड मिटिगेशन सेंटर की स्थापना की गई थी, जहां पुलिस, साइबर एक्सपर्ट, बैंक और बीमा कंपनियों के प्रतिनिधि मिलकर काम करते हैं, जिससे त्वरित कार्रवाई संभव हो पा रही है.

होटलों में सेक्स रैकेट का खुलासा: 24 नए नाम सामने, पुलिस जांच तेज
शहर में होटल की आड़ में चल रहे सेक्स रैकेट मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. जांच के दौरान 24 नए होटलों के नाम सामने आए हैं. इससे पहले बीते शुक्रवार को पुलिस ने 19 होटलों में छापेमारी की थी. अब पुलिस ने इन 24 होटल संचालकों से आगंतुक रजिस्टर, इन-आउट रजिस्टर और सीसीटीवी कैमरों के डीवीआर मंगवाए हैं. एसीपी कल्याणपुर इन सभी दस्तावेजों और फुटेज की गहन जांच करेंगे. मामले में जल्द ही और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.

अतीक गैंग कनेक्शन: प्रॉपर्टी डीलर इरफान हत्याकांड में CCTV से बड़ा खुलासा, शूटर फरार
प्रयागराज के करेली इलाके में प्रॉपर्टी डीलर मोहम्मद इरफान की हत्या मामले में सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें दो बाइकों पर चार हमलावर जाते दिखे हैं. फुटेज में नामजद आरोपी आसिफ दुर्रानी भी नजर आया है, जो माफिया अतीक अहमद की गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है. पुलिस ने रेकी करने वाले एक युवक को हिरासत में लिया है, जिसने खुलासा किया कि हत्या की साजिश एक दिन पहले उसके घर पर रची गई थी. हालांकि उसने पैसे लेने से इंकार किया है. मुख्य आरोपी आसिफ और राशिद दुर्रानी फरार हैं, जबकि पुलिस की पांच टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं.

600 रुपये के विवाद में दोस्त बना कातिल: लखनऊ में मजदूर की पीट-पीटकर हत्या
लखनऊ के निगोहा में 7 अप्रैल को हुई मजदूर रैकिश रावत की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस वारदात को उसके ही दोस्त धनराज उर्फ टैटू ने अंजाम दिया. 6 अप्रैल की शाम दोनों साथ बैठकर शराब पी रहे थे, तभी रैकिश ने धनराज के हिस्से की शराब भी पी ली, जिससे विवाद शुरू हुआ. बात बढ़ने पर धनराज ने रैकिश से 600 रुपये और मोबाइल छीन लिया. विरोध करने पर दोनों में हाथापाई हुई और गुस्से में आकर धनराज ने रैकिश को पीट-पीटकर मार डाला. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

लखनऊ मुठभेड़: 25 हजार का इनामी बदमाश विपिन गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
लखनऊ के कृष्णा नगर इलाके में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें 25 हजार का इनामी बदमाश विपिन गिरफ्तार कर लिया गया. मुठभेड़ के दौरान विपिन के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी कुलदीप यादव मौके से फरार हो गया. घायल विपिन को पुलिस ने इलाज के लिए लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया है. आरोपी के पास से दो चेन, तीन अंगूठियां, बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं. फरवरी में हुई चोरी की घटनाओं में भी विपिन का नाम सामने आया था और उस पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं.

सहारनपुर में दर्दनाक हादसा, सो रहे मजदूरों पर पलटा बजरी से भरा ट्रक, 3 की मौत
जनपद के थाना नागल क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया. सीडकी–झबरेड़ा मार्ग पर गांव बोहडूपुर के पास निर्माणाधीन पुलिया पर बजरी (गिट्टी) से भरा ट्रक अचानक पलट गया, जिसकी चपेट में आकर वहां सो रहे मजदूर दब गए.हादसे के समय मौके पर कुल 5 मजदूर मौजूद थे, जो काम के बाद पास ही सो रहे थे. ट्रक पलटने से सभी मजदूर गिट्टी के नीचे दब गए. सूचना मिलते ही थाना नागल पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया गया.रेस्क्यू के दौरान सभी मजदूरों को बाहर निकाला गया और अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने 3 मजदूरों को मृत घोषित कर दिया. जबकि 2 अन्य मजदूर घायल हैं, जिनका इलाज चल रहा है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रक थाना मिर्जापुर क्षेत्र से खेड़ामुगल की ओर निर्माणाधीन सड़क के लिए गिट्टी लेकर जा रहा था. पुलिस द्वारा ट्रक के दस्तावेजों की जांच की गई, जो सही पाए गए हैं.हालांकि, हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही.

जनता को अपने मन की सरकार चुनने का पूरा अधिकार: साध्वी निरंजन ज्योति
राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति ने असम, केरलम् और पांडुचेरी राज्यों में मतदान को लेकर मतदाताओं और प्रशासन का आभार जताया. कहा कि भारत एक प्रजातांत्रिक देश है, जनता को अपने मन की सरकार चुनने का पूरा अधिकार है. जिन तीन प्रदेशों में आज मतदान हुआ है और जनता ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है, उन राज्यों की जनता का मैं अभिवादन करती हूं. शांतिपूर्ण चुनाव के लिए प्रशासन का भी आभार जताया है. महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण के मुद्दे पर साध्वी ने कहा कि मुझे गर्व है कि भारत में आधी आबादी महिलाओं की है. भारत हमेशा से नारी का सम्मान करता रहा है. आज ऐसा कोई क्षेत्र नहीं है चंद्रमा की यात्रा से लेकर प्लेन उड़ाने तक हर जगह महिलाएं हैं. पाकिस्तान ने दुस्साहस किया तब हमारे देश की महिलाओं ने ऑपरेशन सिंदूर का नेतृत्व किया. मेरे लिए सौभाग्य की बात है कि जब मैं 17 वीं लोकसभा की सदस्य थी और केंद्रीय मंत्री के रूप में अपनी सेवा दे रही थी, उस समय नारी वंदन अधिनियम लाया गया था. उन्होंने आगे कहा कि अब महिलाओं के लिए अच्छी बात है कि उनके लिए सीटें रिजर्व होंगी. किसी भी वर्ग की महिला होगी चुनाव लड़ेगी और प्रतिनिधित्व करेगी. पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव को लेकर साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि कुछ लोगों का विश्वास न प्रजातांत्रिक प्रणाली पर है न ही कोर्ट और संविधान पर भरोसा है. उन्होंने कहा कि मैं राजनीतिक पार्टियों को सुझाव दे सकती हूं, जनता पर विश्वास करिए,जनता ही जनता ही फैसला करने वाली होती है. पश्चिम बंगाल में निर्वाचन से जुड़े लोगों को जिस तरह से कैद किया गया, यह किसी भी मायने में अच्छा नहीं है. उन्होंने कहा है कि इस मामले में न्यायालय को हस्तक्षेप करना पड़ा, राजनीतिक दलों को अपने-अपने तरीके से चुनाव लड़ने का अधिकार है, लेकिन राजनीति का स्तर इतना नहीं गिरना चाहिए कि चुनाव में लगे लोगों को ही कैद कर लिया जाए. पश्चिम बंगाल के नतीजे को लेकर उन्होंने कोई टिप्पणी करने से साफ तौर पर इंकार कर दिया.

सड़क पर स्टंटबाजी करने वाला युवक गिरफ्तार, कार सीज
सहारनपुर में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली मंडी पुलिस ने स्टंटबाजी करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपदभर में अपराध नियंत्रण और यातायात नियमों के पालन हेतु लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है.इसी क्रम में आज दौरान पुलिस टीम ने कमेला रोड पुलिया के पास एक स्विफ्ट कार (रजिस्ट्रेशन नंबर UK 07 DZ 1115) से खतरनाक स्टंट करते हुए एक युवक को पकड़ा. गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अलबक्श पुत्र तनवीर अहमद निवासी आजाद कॉलोनी, थाना मंडी सहारनपुर के रूप में हुई है. पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ थाना कोतवाली मंडी में धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया है. साथ ही स्टंट में प्रयुक्त कार को सीज कर दिया गया है. पुलिस का कहना है कि अभियुक्त के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रतापदत्त शर्मा, हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार और हेड कांस्टेबल धीरज मावी शामिल रहे. पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सड़क पर स्टंटबाजी जैसी खतरनाक हरकतों से बचें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *