दिल्ली: दिवाली का त्योहार हो और मिठाई की बात न हो, ऐसा कैसे हो सकता है, लेकिन इस बार दिल्ली के चांदनी चौक के बाजार में कुछ ऐसी मिठाइयां देखने को मिल रही हैं, जिन्हें देखकर आप भी एक पल के लिए धोखा खा सकते हैं. इमरती, बर्फी, लड्डू और गुजिया जैसी दिखने वाली ये मिठाइयां खाने के लिए नहीं, बल्कि घर को रोशन करने के काम आएंगी. दरअसल, ये खास डिजाइन वाली फैंसी मोमबत्तियां हैं, जो दिवाली की सजावट को एक नया अंदाज दे रही हैं.
इमरती से लेकर गुजिया तक, हर मिठाई का डिजाइन
चांदनी चौक के बाजार में इन दिनों दिवाली की खरीदारी के साथ सजावट के सामान की भी खूब वैरायटी देखने को मिल रही है. इसी बीच मिठाई के आकार वाली ये मोमबत्तियां लोगों का ध्यान खींच रही हैं. कहीं इमरती जैसी गोल-गोल बनावट है, तो कहीं बर्फी और लड्डू का डिजाइन. गुजिया के आकार वाली मोमबत्तियां भी यहां मौजूद हैं. इनकी बनावट इतनी खास है कि पहली नजर में इन्हें देखकर असली मिठाई होने का भ्रम हो सकता है.
₹80 से शुरू होकर ₹200 तक है कीमत
इन मोमबत्तियों की कीमत इनके डिजाइन और साइज के हिसाब से अलग-अलग है. बाजार में मौजूद शमशेर सिंह बताते हैं कि यहां ₹80 और ₹100 की मोमबत्तियां भी मिल रही हैं. वहीं, कुछ खास डिजाइन की कीमत ₹130, ₹150 और ₹200 तक है. यानी ग्राहक अपने बजट के हिसाब से पसंदीदा डिजाइन खरीद सकते हैं.
मिठाई के अलावा भी हैं कई फैंसी डिजाइन
यहां सिर्फ इमरती, बर्फी, लड्डू और गुजिया वाली मोमबत्तियां ही नहीं, बल्कि कई दूसरे फैंसी डिजाइन भी देखने को मिल रहे हैं. जो लोग हर साल एक जैसी सजावट से कुछ अलग करना चाहते हैं. उनके लिए ये मोमबत्तियां अच्छा विकल्प हो सकती हैं. इन्हें दिवाली की पूजा, डेकोरेशन और घर के अलग-अलग कोनों को सजाने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है.
इस दिवाली सजावट में दिखेगा मिठाई वाला अंदाज
चांदनी चौक का बाजार हर त्योहार पर अपनी अलग रौनक के लिए जाना जाता है. इस बार यहां मिठाई जैसी दिखने वाली मोमबत्तियां भी दिवाली की खरीदारी को खास बना रही हैं. अब तक इमरती, बर्फी और लड्डू मिठाई की थाली में सजते थे, लेकिन इस बार ये घर की सजावट और रोशनी का हिस्सा भी बनने जा रहे हैं.
