Last Updated:
Famous Haleem Biryani in Ghaziabad: गाजियाबाद की सुबह अब सिर्फ शोर-शराबे वाली नहीं, बल्कि मसालों की धीमी महक और लजीज जायके वाली होती है. हिंडन विहार की गलियों से उठती बिरयानी की सोंधी खुशबू और कड़ाही में खदकता गाढ़ा हलीम… ये वो जादू है जिसने बड़े-बड़े रेस्टोरेंट्स को पीछे छोड़ दिया है. एक साधारण सी दिखने वाली दुकान, लेकिन जिसके स्वाद का रूतबा ऐसा कि लोग दिल्ली ही नहीं, बल्कि मुंबई से भी सात समंदर पार वाला चाव लेकर यहाँ पहुँच रहे हैं. अगर आप भी खाने के शौकीन हैं, तो यह खबर आपके मुंह में पानी लाने के लिए काफी है.
Famous Haleem Biryani in Ghaziabad: गाजियाबाद में अगर सुबह की शुरुआत कुछ अलग और लाजवाब स्वाद के साथ करनी हो तो हिंडन विहार की एक छोटी सी दुकान इन दिनों लोगों की पहली पसंद बनती जा रही है. दुकान मालिक मोहम्मद साहब बताते हैं कि उनकी यह दुकान करीब 35 साल पुरानी है और सालों से लोग यहां के स्वाद के दीवाने हैं. यह महज एक दुकान नहीं, बल्कि गाजियाबाद की खाद्य संस्कृति का एक हिस्सा बन चुकी है.
हलीम और बिरयानी की खास जुगलबंदी
हिंडन विहार में स्थित यह दुकान सुबह के नाश्ते में हलीम और बड़े की बिरयानी के लिए जानी जाती है. यहां मिलने वाली बिरयानी को बेहद खास तरीके से तैयार किया जाता है. बड़े की बिरयानी में उबला हुआ अंडा, ताजा प्याज, हरी चटनी और ऊपर से नींबू का रस डालकर परोसा जाता है जो इसके स्वाद को कई गुना बढ़ा देता है.
वहीं हलीम को तैयार करने की प्रक्रिया किसी तपस्या से कम नहीं है. हलीम को खास बनाने के लिए इसे पूरी रात धीमी आंच पर पकाया जाता है. इसमें चार तरह की दाल, गेहूं, चावल और चुनिंदा देसी मसालों के साथ मीट मिलाकर तैयार किया जाता है. सुबह जब इस गाढ़े हलीम को गरमा-गरम बिरयानी के ऊपर डाला जाता है, तो यह स्वाद का एक ऐसा ब्लास्ट करता है जिसे भूल पाना मुश्किल है.
किफायती दाम में शाही स्वाद
सबसे खास बात यह है कि यहां मिलने वाली यह डिश जितनी स्वादिष्ट है उतनी ही किफायती भी है. मात्र 80 से 100 रुपये में भरपूर प्लेट मिल जाती है जिससे हर वर्ग का व्यक्ति इसका आनंद ले सकता है. यही वजह है कि सुबह के समय यहां लोगों की भारी भीड़ उमड़ती है. अमीर हो या गरीब, हर कोई यहाँ एक ही कतार में स्वाद का आनंद लेता दिखता है.
मुंबई तक फैली है शोहरत
इस दुकान की लोकप्रियता अब सिर्फ गाजियाबाद तक सीमित नहीं रही. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई शहरों के अलावा दिल्ली और यहां तक कि मुंबई से भी लोग यहां खास तौर पर बिरयानी का स्वाद लेने पहुंचते हैं. स्वाद और सादगी का यह अनोखा मेल ही इसे खास बनाता है.
पता: यह दुकान गाजियाबाद रैपिड रेल स्टेशन के बिल्कुल सामने लगती है, जिससे यहां पहुंचना बेहद आसान है. अगर आप भी किसी यादगार स्वाद की तलाश में हैं, तो हिंडन विहार की यह बिरयानी आपकी लिस्ट में जरूर होनी चाहिए.
About the Author
राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें
