लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मौसम (UP Weather Update) ने अब अपने सबसे आक्रामक तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. मार्च की बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि के बाद अप्रैल का आधा महीना बीतते-बीतते समूचा प्रदेश भट्टी की तरह तपने लगा है. नोएडा से लेकर महराजगंज यानि पश्चिम से पूरब तक सुबह से ही सूरज की तपन महसूस हो रही है. तेज गर्मी लोगों को परेशान कर रही है और इससे आम जनजीवन प्रभावित दिख रहा है. मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि 16 अप्रैल को यूपी के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी का प्रकोप रहेगा. बीते महज 4 दिनों के भीतर प्रदेश के औसत तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस तक का उछाल दर्ज किया गया है, जिसने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है. आइये जानते हैं यूपी के हर जिले से मौसम का ताजा हाल..
सुल्तानपुर मौसम अपडेट (Sultanpur Weather Update)
उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में पिछले 5 से 6 दिनों से लगातार तेज धूप निकल रही है और तापमान में प्रतिदिन इजाफा हो रहा है. आज का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस है. इसके साथ ही गेहूं की फसल भी लगभग 70 प्रतिशत कट चुकी है और लगातार तापमान में हो रही बढ़ोत्तरी की वजह से दिन में बाइक से चलना काफी मुश्किल हो गया है. लोग काला चश्मा, गमछा आदि का इस्तेमाल कर रहे हैं.
Ghaziabad Weather Update : गाजियाबाद में सुबह से भीषण गर्मी
गाजियाबाद में आज सुबह से ही मौसम ने गर्मी का एहसास करा दिया है. सुबह के समय से तेज धूप निकलने के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है. आज अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है जिससे लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ रहा है. दोपहर होते-होते धूप और तेज होने की संभावना है जिससे तापमान में और इजाफा हो सकता है.
Moradabad Weather Update : मुरादाबाद में तेज धूप का प्रकोप
मुरादाबाद में सुबह से ही तेज धूप के साथ गर्मी का प्रकोप बढ़ रहा है. जैसे-जैसे धूप बढ़ रही है वैसे-वैसे ही गर्मी बढ़ रही है. लोगों को तेज धूप के कारण भीषण गर्मी का एहसास हो रहा है. अब पंखों की जगह कूलर और एसी धडाधड़ चल रहे हैं. धीरे-धीरे तापमान बढ़ता जा रहा है. टेंपरेचर की अगर बात की जाए तो 31 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है. इसके साथ ही लोग जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकल रहे हैं. एक्सपर्ट घर से निकलने पर सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं.
Azamgarh Temperature : आजमगढ़ में चिलचिलाती धूप लोगों को परेशान कर रही
आजमगढ़ में हर दिन के साथ मौसम गर्म हो रहा है. पारा भी बढ़ता जा रहा है. सुबह के समय से ही तेज धूप शुरू हो जा रही है और दोपहर होते-होते चिलचिलाती धूप लोगों को परेशान कर रही है. गर्मी का आलम अप्रैल महीने में ही भयंकर रूप में दस्तक दे रहा है. सुबह के समय में जहां तापमान लगभग 22 से 25 डिग्री तक होता है. वहीं दोपहर होते ही तापमान में जबरदस्त बढ़ोतरी देखने को मिलती है और 35 से 39 डिग्री तक पहुंच रहा है.
Ayodhya Weather Live : अयोध्या में प्रचंड गर्मी का आलम
रामनगरी अयोध्या में मौसम में परिवर्तन देखने को मिल रही है. रात में चल रही थी ठंड भरी हवा तो सुबह निकली तेज धूप. गर्मी से श्रद्धालुओं का हाल बेहाल है. जैसे-जैसे अप्रैल के महीने के तारीखों में हो रहा परिवर्तन, वैसे-वैसे तापमान में वृद्धि हो रही है. सुबह 11:00 के बाद से श्रद्धालु और अयोध्यावासी धूप और प्रचंड गर्मी से बचाव को लेकर छाता और गमछे का कर रहे हैं.
Maharajganj Mausam : महराजगंज में 37 डिग्री पारा
महराजगंज जिले में अभी मौसम साफ और धूप वाला है. तापमान करीब 32 डिग्री है, लेकिन महसूस 33 डिग्री जैसा हो रहा है. दोपहर तक तापमान धीरे-धीरे बढ़कर 37 डिग्री तक पहुंच सकता है. बारिश की कोई संभावना नहीं है. हवा की रफ्तार लगभग 16 किमी प्रति घंटा है, जिससे हल्की हवा चल रही है. नमी 44% है, यानी मौसम ज्यादा उमस भरा नहीं है. अगले 5 दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है, तापमान 39 से 41 डिग्री तक जाने का अनुमान है.
Saharanpur News: सहारनपुर मौसम अपडेट
सहारनपुर में मौसम पूरे तरीके से साफ है तेज धूप खिल रही है और धीरे-धीरे गर्मी बढ़ रही है. गर्मी से लोग बचाव के लिए विभिन्न तरह के उपाय भी कर रहे हैं. मौसम विभाग के द्वारा भी कोई मौसम में बदनाम की संभावना नहीं जताई गई है. आने वाले दिनों में और गर्मी पड़ने की संभावना है.
Pilibhit Weather Update : पीलीभीत मौसम अपडेट
पीलीभीत ज़िले में बीते कुछ दिनों से मौसम गर्म बना हुआ है. आसमान पूरी तरह से साफ़ है और यहां सुबह से ही तेज धूप खिली हुई है. धूप के चलते लोगों को गर्मी का एहसास भी सुबह से ही हो रहा है. हाल फिलहाल मौसम के बदलने को लेकर कोई भी सूचना अब तक नहीं है.
Banda Weather : बांदा बना सबसे गर्म शहर, लखनऊ में 40 डिग्री का टॉर्चर
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में कोई भी सक्रिय वेदर सिस्टम या पश्चिमी विक्षोभ मौजूद नहीं है. इसका नतीजा यह है कि सूरज की सीधी किरणें धरती को झुलसा रही हैं. बुधवार को बांदा जिला 42.6 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा. वहीं, राजधानी लखनऊ में भी गर्मी का टॉर्चर शुरू हो चुका है. 16 अप्रैल को लखनऊ का अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
इन 22 जिलों में गर्मी बढ़ाएगी मुश्किलें
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के जिन प्रमुख जिलों में भीषण गर्मी और ‘लू’ जैसी स्थिति की चेतावनी दी है, उनमें शामिल हैं:
- पूर्वांचल: वाराणसी, आजमगढ़, गाजीपुर, बलिया, जौनपुर, देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, मिर्जापुर.
- मध्य और पश्चिम यूपी: लखनऊ, कानपुर, झांसी, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, रामपुर, अमरोहा, बरेली और हापुड़.
मानसून 2026 पर ‘अल-नीनो’ का साया: क्या सूखा पड़ेगा?
- गर्मी की मार के बीच मानसून को लेकर भी चिंताजनक खबरें आ रही हैं. मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि साल 2026 में गर्मी पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ सकती है. इस बार यूपी में मानसून सामान्य से कमजोर रहने की आशंका जताई जा रही है.
- मौसम विशेषज्ञ प्रो. ध्रुव सेन के अनुसार, इस साल ‘ला नीना’ कमजोर पड़ रहा है और ‘एल नीनो’ की स्थिति मजबूत हो रही है. इसके चलते मानसून की बारिश में कमी आ सकती है. यूरेशिया क्षेत्र में बर्फ का कम फैलाव भी मानसून के कमजोर होने का एक बड़ा कारण माना जा रहा है. अगर मानसून सामान्य से कम रहता है, तो उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए यह बड़ी मुसीबत का सबब बन सकता है.
पश्चिमी यूपी में भी पारा 40 के पार
गाजियाबाद, मेरठ और सहारनपुर समेत पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सूरज के तेवर तल्ख हैं. मेरठ में तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच चुका है. वहीं सहारनपुर में 17 अप्रैल के बाद पारा 41 डिग्री तक पहुंचने के संकेत हैं. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि कर्नाटक और महाराष्ट्र के ऊपर बना एंटी-साइक्लोन (प्रतिचक्रवात) अब मध्य भारत की ओर खिसक रहा है, जिससे उत्तर प्रदेश में गर्म पछुआ हवाओं का जोर बढ़ेगा. आने वाले 4-5 दिनों में तापमान में 3 से 4 डिग्री की और बढ़ोतरी संभव है.
क्यों अचानक बढ़ी इतनी तपिश?
मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश के मुताबिक, पछुआ हवाओं की गति कम होने और आसमान पूरी तरह साफ रहने के कारण धूप का असर तीखा हो गया है. नमी (ह्यूमिडिटी) में गिरावट आई है, जिससे हवाएं शुष्क और गर्म हो गई हैं. 18 अप्रैल के बाद गर्मी का यह दौर और अधिक आक्रामक हो सकता है, जिससे हीटवेव की स्थिति प्रदेश के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लेगी.
सेहत का रखें ख्याल
तापमान में अचानक आए इस बड़े बदलाव को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने ‘हीट स्ट्रोक’ से बचने की सलाह दी है:
- दोपहर 12 से 4 बजे के बीच: कोशिश करें कि सीधी धूप में बाहर न निकलें.
- हाइड्रेशन: शरीर में पानी की कमी न होने दें, ज्यादा से ज्यादा तरल पदार्थों का सेवन करें.
- बुंदेलखंड और दक्षिणी यूपी: इन क्षेत्रों के निवासियों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है क्योंकि यहाँ पारा 43 डिग्री को छू सकता है.
फिलहाल, 21 अप्रैल तक राहत की कोई उम्मीद नहीं दिख रही है. आसमान से बरसती यह आग आने वाले दिनों में बिजली की मांग और पानी की किल्लत को भी बढ़ा सकती है. उत्तर प्रदेश प्रशासन और मौसम विभाग हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.
उत्तर प्रदेश में 16 अप्रैल को मौसम कैसा रहेगा?
मौसम विभाग के अनुसार, 16 अप्रैल को पूरे उत्तर प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क और साफ रहेगा. बारिश की कोई संभावना नहीं है.धूप काफी तेज होगी और लखनऊ समेत कई जिलों में तापमान 40°C से ऊपर पहुंच सकता है.
यूपी का सबसे गर्म जिला कौन सा है और वहां कितना तापमान है?
वर्तमान आंकड़ों के अनुसार, बुंदेलखंड का बांदा जिला उत्तर प्रदेश में सबसे गर्म बना हुआ है. यहां अधिकतम तापमान 42.6°C दर्ज किया गया है. इसके अलावा झांसी, प्रयागराज और वाराणसी में भी पारा 40°C के पार चला गया है.
क्या उत्तर प्रदेश में इस साल मानसून सामान्य रहेगा?
मौसम विशेषज्ञों ने इस बार मानसून के सामान्य से कमजोर रहने की आशंका जताई है. अल-नीनो (El Nino) के प्रभाव और यूरेशिया क्षेत्र में कम बर्फबारी के कारण अनुमान है कि मानसून यूपी में देरी से आ सकता है या औसत से कम बारिश हो सकती है.
आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिलने की क्या उम्मीद है?
फिलहाल आने वाले एक सप्ताह तक गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 18 अप्रैल के बाद तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे ‘लू’ का प्रकोप और बढ़ जाएगा.
