दिल्‍लीवालों खुश हो जाओ, अब नहीं रहेगी जाम से झंझट, हो गया यह बड़ा इंतजाम

होमताजा खबरDelhi

दिल्‍लीवालों खुश हो जाओ, अब नहीं रहेगी जाम से झंझट, हो गया यह बड़ा इंतजाम

Last Updated:

दिल्ली सरकार ने ट्रैफिक जाम से राहत देने के लिए नई योजना तैयार की है, जिसके तहत रेलवे क्रॉसिंग पर टनल और फ्लाईओवर बनाए जाएंगे. पीडब्ल्यूडी इन परियोजनाओं की फिजिबिलिटी स्टडी करेगा. इससे उत्तर-पश्चिम दिल्ली के इलाकों में आवागमन आसान होने की उम्मीद है.

ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए दिल्‍ली सरकार कई परियोजनाओं पर काम कर रही है. (एआई इमेज)

Delhi News: दिल्ली में बढ़ते ट्रैफिक जाम से राहत देने के लिए दिल्‍ली सरकार बड़ी योजना पर काम कर रहा है. दिल्ली सरकार रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले भारी जाम को कम करने के लिए टनल और फ्लाईओवर बनाने की योजना बना रही है. इसके लिए जल्द ही फिजिबिलिटी स्टडी शुरू की जाएगी.

अधिकारियों के अनुसार, राजधानी में इस समय करीब 8 से 10 रेलवे क्रॉसिंग ऐसी हैं, जहां रोजाना भारी ट्रैफिक जाम लगता है. पीक आवर्स छोडि़ए सामान्‍य समय पर भी इन क्रॉसिंग पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं, जिससे लोगों को काफी परेशानी होती है. कई बार लोगों को जाम से बचने के लिए लंबा रास्ता लेना पड़ता है, जिससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी होती है.

लोक निर्माण विभाग के मंत्री परवेश साहिब सिंह ने बताया कि इन क्रॉसिंग पर वाहनों का दबाव बहुत ज्यादा है. ऐसे में सरकार यह देख रही है कि क्या पंजाबी बाग और पीरागढ़ी चौक के पास रेलवे लाइन के नीचे टनल बनाई जा सकती है. इससे लाइन के दोनों ओर रहने वाले लोगों को आने-जाने में आसानी होगी.

उन्होंने बताया कि फिलहाल पंजाबी बाग और पश्चिम विहार एक तरफ हैं, जबकि रानी बाग और पीतमपुरा दूसरी तरफ हैं. इनके बीच करीब 5 किलोमीटर लंबी रेलवे लाइन है, जो आवाजाही में बाधा बनती है. सरकार यहां टनल या ओवरब्रिज बनाने का विकल्प देख रही है, जो भी ज्यादा व्यावहारिक होगा, उसी पर काम किया जाएगा.

पीडब्‍ल्‍यूडी के अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना के तहत आसपास के क्षेत्रों का विस्तृत सर्वे किया जाएगा. इसमें इमारतों, अतिक्रमण, पेड़ों, रोड साइन और अन्य स्थायी ढांचों का आकलन किया जाएगा. इसके अलावा यह भी देखा जाएगा कि इन इलाकों में पार्किंग की स्थिति क्या है और रेलवे क्रॉसिंग कितनी देर के लिए बंद रहती है.

अधिकारियों के मुताबिक, इस तरह की स्टडी से परियोजना की पूरी रिपोर्ट तैयार की जाती है. इसके बाद इसे मंजूरी के लिए संबंधित विभागों के पास भेजा जाता है. मंजूरी मिलने के बाद ही निर्माण कार्य शुरू होता है. जानकारी के अनुसार, ज्यादातर भीड़भाड़ वाले रेलवे क्रॉसिंग उत्तर-पश्चिम दिल्ली में हैं, जबकि एक पूर्वी दिल्ली में स्थित है. इन इलाकों में सड़क पर चलने की जगह काफी कम है, जिससे जाम की समस्या और बढ़ जाती है.

इसके अलावा, दिल्ली सरकार अपने ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान के तहत कुछ नए फ्लाईओवर बनाने की भी योजना बना रही है. इनमें बवाना, मेहरौली-महिपालपुर रोड और अरुणा आसफ अली रोड के इलाके शामिल हैं. अगर ये योजनाएं सफल होती हैं, तो आने वाले समय में दिल्लीवासियों को ट्रैफिक जाम से काफी राहत मिल सकती है और उनका सफर पहले से ज्यादा आसान और तेज हो जाएगा.

About the Author

Anoop Kumar MishraAssistant Editor

Anoop Kumar Mishra is associated with News18 Digital for the last 6 years and is working on the post of Assistant Editor. He writes on Health, aviation and Defence sector. He also covers development related to …और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *