Last Updated:
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किसानों की मुश्किलों को देखते हुए एक बड़ा और राहत भरा ऐलान किया है. खराब मौसम की वजह से गेहूं खरीद के नियमों में ढील देने का फैसला लिया है. अब खराब गुणवत्ता वाला गेहूं भी दिल्ली सरकार खरीदेगी
दिल्ली के किसानों को राहत देने के लिए सरकार का ऐलान.
नई दिल्ली. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किसानों की मुश्किलों को देखते हुए एक बड़ा और राहत भरा ऐलान किया है. खराब मौसम की वजह से गेहूं खरीद के नियमों में ढील देने का फैसला लिया है. अब खराब गुणवत्ता वाला गेहूं भी दिल्ली सरकार खरीदेगी.सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली सरकार के अनुरोध पर केंद्र सरकार ने रबी मार्केटिंग सीजन 2026-27 के लिए विशेष छूट मंजूर कर दी है.
नए नियमों के अनुसार 70 प्रतिशत तक चमक खो चुका गेहूं भी खरीदा जाएगा. पहले किसानों की फसल खरीद के बाहर हो जाती थी. इसके अलावा सिकुड़े और टूटे दानों की सीमा भी बढ़ा दी गई है. अब यह 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दी गई है. हालांकि, सरकार ने एक शर्त रखी है कि टूटे और हल्के टूटे दाने मिलाकर 6 प्रतिशत से ज्यादा नहीं होने चाहिए.
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस खास श्रेणी का गेहूं अलग से स्टोर किया जाएगा और इसके लिए अलग लेखा-जोखा रखा जाएगा, जिससे पारदर्शिता बनी रहे. यह गेहूं लंबे समय तक भंडारण में नहीं रखा जाएगा, बल्कि प्राथमिकता के आधार पर जल्दी इस्तेमाल कर लिया जाएगा. रेखा गुप्ता ने स्पष्ट किया कि यह गेहूं केवल दिल्ली के अंदर ही खाद्य सुरक्षा और जरूरतों को पूरा करने के लिए उपयोग में लाया जाएगा.
भंडारण के दौरान अगर गुणवत्ता में कोई गिरावट होती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी दिल्ली सरकार की होगी.सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि अन्नदाताओं को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाना हमारी जिम्मेदारी है. खराब मौसम के कारण किसान भारी नुकसान झेल रहे थे. हमने उनके हित में यह फैसला लिया है.’
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि गेहूं खरीद की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, जवाबदेह और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए.
किसानों को कोई परेशानी न हो और उन्हें समय पर भुगतान भी सुनिश्चित किया जाए. यह फैसला दिल्ली के किसानों के लिए बड़ी राहत साबित होगा. खासकर उन किसानों को फायदा पहुंचेगा, जिनकी फसल इस बार मौसम की मार से प्रभावित हुई है. सरकार का यह कदम किसानों के हितों की रक्षा करते हुए उपभोक्ताओं की खाद्य सुरक्षा भी सुनिश्चित करेगा
About the Author
करीब 20 साल का पत्रकारिता का अनुभव है. नेटवर्क 18 से जुड़ने से पहले कई अखबारों के नेशनल ब्यूरो में काम कर चुके हैं. रेलवे, एविएशन, रोड ट्रांसपोर्ट और एग्रीकल्चर जैसी महत्वपूर्ण बीट्स पर रिपोर्टिंग की. कैंब्रिज…और पढ़ें
