Last Updated:
Kamruddin Baba Case: दिल्ली पुलिस की चार्जशीट में खुलासा हुआ है कि तांत्रिक कमरुद्दीन बाबा ने जहरीले लड्डू बनाकर लोगों को मारने का तरीका अपने कथित गुरु से सीखा था. पुलिस के अनुसार पहले इस जहर का ट्रायल एक कुत्ते पर किया गया था. आरोपी पर तीन लोगों की हत्या कर 2 लाख रुपए लूटने का आरोप है. CCTV फुटेज, कॉल रिकॉर्ड और बरामद सामान के आधार पर पुलिस ने 550 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है. मामले ने अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के नाम पर चल रहे अपराधों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
दिल्ली पुलिस की चार्जशीट में खुलासा, तांत्रिक कमरुद्दीन बाबा ने गुरु से सीखा था जहरीले लड्डू बनाना. (फोटो IANS)
नई दिल्ली: अंधविश्वास का कारोबार कैसे इंसानी जान तक निगल जाता है, दिल्ली पुलिस की चार्जशीट ने उसकी एक डरावनी तस्वीर सामने रख दी है. खुद को तांत्रिक बताने वाला 72 साल का कमरुद्दीन बाबा उर्फ नसीरुद्दीन लोगों की कमजोरियों को पहचानता था. कोई पैसे की परेशानी लेकर आता था तो कोई बीमारी से परेशान होता और कोई किस्मत बदलने की उम्मीद में उसके पास पहुंचता. लेकिन ‘धन वर्षा’ और तांत्रिक उपायों का दावा करने वाला यह बाबा असल में मौत का जाल बुन रहा था. पुलिस के मुताबिक उसने जहरीले लड्डू बनाकर लोगों को मारने का तरीका अपने कथित गुरु सियाराम से सीखा था. चार्जशीट में दावा किया गया है कि पहली बार इस जहर का ट्रायल एक कुत्ते पर किया गया था. आधी सल्फास की गोली और नींद की दवा मिलाकर लड्डू तैयार किए गए और कुछ ही देर में कुत्ते की मौत हो गई. यहीं से कमरुद्दीन को लगा कि यह ‘आसान कमाई’ का रास्ता है. दिल्ली पुलिस की 550 पन्नों की चार्जशीट सिर्फ एक हत्या की कहानी नहीं है यह उस अंधे भरोसे की भी कहानी है जो लोगों को ऐसे ढोंगी बाबाओं के जाल में फंसा देता है.
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार फरवरी में हुई तीन लोगों की मौत कोई अचानक हुई वारदात नहीं थी, बल्कि पूरी तैयारी के साथ रचा गया प्लान था. रणधीर सिंह, शिव नरेश और लक्ष्मी ‘धन वर्षा’ अनुष्ठान के लिए 2 लाख रुपए लेकर पश्चिमी दिल्ली के बापरोला से गाजियाबाद के लोनी पहुंचे थे. आरोप है कि कमरुद्दीन बाबा उनकी कार में बैठा और रास्ते में जहरीले लड्डू खिलाए. पुलिस का दावा है कि लड्डुओं में सल्फास और नींद की गोलियां मिलाई गई थीं, ताकि पीड़ितों को तुरंत कुछ समझ न आए. चार्जशीट के मुताबिक बाबा ने यह भी सुनिश्चित किया कि रास्ते में शराब और कोल्ड ड्रिंक पी जाए, जिससे जहर का असर छिपा रहे. जब तीनों अर्धबेहोश हो गए तो आरोपी 2 लाख रुपए लेकर फरार हो गया. CCTV फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और बरामद सामान के आधार पर पुलिस ने इस पूरे घटनाक्रम को जोड़ा है.
जांच में पुलिस को ऐसे कई पुराने मामलों की जानकारी भी मिली है, जिनमें कमरुद्दीन बाबा पर इसी तरह लोगों को फंसाने के आरोप हैं. चार्जशीट में फिरोजाबाद के एक डबल मर्डर केस का भी जिक्र है. आरोप है कि वहां भी ‘धन वर्षा’ के नाम पर दो भाइयों को जहर देकर मार दिया गया था. राजस्थान के एक मामले में भी आरोपी के कथित कबूलनामे का उल्लेख किया गया है.
पुलिस ने पांच ऐसे लोगों के बयान भी दर्ज किए हैं, जिन्होंने दावा किया कि बाबा ने उनसे तांत्रिक इलाज और उपाय के नाम पर पैसे लिए थे. किसी से 1500 रुपए लिए गए तो किसी से 12 हजार रुपए तक. अधिकतर लोग पहली मुलाकात के बाद फिर उसके पास नहीं लौटे.
इस मामले ने एक बार फिर दिखाया है कि आर्थिक परेशानी, बीमारी और निजी संकट में फंसे लोग किस तरह ढोंगी बाबाओं के आसान शिकार बन जाते हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी खासतौर पर ऐसे लोगों को निशाना बनाता था, जो जल्दी पैसे या चमत्कारी समाधान चाहते थे. जांच एजेंसियों के मुताबिक कमरुद्दीन बाबा ने तंत्र-मंत्र और ‘धन वर्षा’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल भरोसा जीतने के लिए किया. लेकिन उसके पीछे एक खतरनाक आपराधिक नेटवर्क और लालच काम कर रहा था. अब अदालत में दाखिल चार्जशीट इस पूरे मामले की कानूनी लड़ाई का आधार बनेगी.
कमरुद्दीन बाबा पर मुख्य आरोप क्या हैं?
दिल्ली पुलिस के अनुसार कमरुद्दीन बाबा ने तीन लोगों को जहरीले लड्डू खिलाकर उनकी हत्या की और 2 लाख रुपए लेकर फरार हो गया. उस पर हत्या, जहरीला पदार्थ देकर नुकसान पहुंचाने और धोखाधड़ी जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं. पुलिस का दावा है कि आरोपी लोगों को ‘धन वर्षा’ और तांत्रिक उपायों के नाम पर अपने जाल में फंसाता था.
About the Author
सुमित कुमार News18 हिंदी में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं. वे पिछले 4 साल से यहां सेंट्रल डेस्क टीम से जुड़े हुए हैं. उनके पास जर्नलिज्म में मास्टर डिग्री है. News18 हिंदी में काम करने से पहले, उन्ह…और पढ़ें
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
