Last Updated:
Igi Airport Road- आईजीआई एयरपोर्ट रोड पर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और जीएमआर ने एएनपीआर कैमरों से ऑटोमेटेड ई चालान व्यवस्था शुरू की है. जिससे तेज रफ्तार और गलत पार्किंग पर चालान सीधे घर भेजा जाएगा.अगर आप इंदिरा गांधी इंटरनेशल एयरपोर्ट (आईजीआई) की ओर जा रहे हैं तो यह खबर आपके लिए खास है. वरना आपको लेने के देने पड़ सकते हैं
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लगाया नया सिस्टम.
नई दिल्ली. अगर आप इंदिरा गांधी इंटरनेशल एयरपोर्ट (आईजीआई) की ओर जा रहे हैं तो यह खबर आपके लिए खास है. वरना आपको लेने के देने पड़ सकते हैं और सफर का पूरा मजा किरकिरा अगल से होगा. अगर आप आईजीआई के आसपास लापरवाही से गाड़ी चलाते हैं, चालान आपके घर पर पहुंचेगा. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और डायल-जीएमआर ने एयरपोर्ट इलाके में ऑटोमेटेड ई-चालान सिस्टम लागू कर दिया है. यानी अब ट्रैफिक नियम तोड़ते ही कैमरा आपकी गाड़ी को रिकॉर्ड करेगा और घर बैठे ई-चालान पहुंच जाएगा.
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की नई दिल्ली रेंज के डीसीपी शोभित सक्सेना के अनुसार यह नई टेक्नोलॉजी सड़क सुरक्षा बढ़ाने और एयरपोर्ट के आसपास ट्रैफिक को बेहतर बनाने के लिए शुरू की गई है. इसके तहत एयरपोर्ट रोड नेटवर्क पर हाई-डेफिनिशन एएनपीआर (ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन) कैमरे लगाए गए हैं.
14 कैमरे लग चुके हैं
फिलहाल एयरपोर्ट इलाके में 14 एएनपीआर कैमरे लगाए जा चुके हैं, जबकि 35 और कैमरे लगाने का काम तेजी से चल रहा है. ये कैमरे गाड़ियों की नंबर प्लेट पढ़कर ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन को रिकॉर्ड करेंगे और स्वत: ही चलान आपके घर पर पहुंचेगा. अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में पूरे एयरपोर्ट इलाके को स्मार्ट मोनिटरिंग सिस्टम से जोड़ दिया जाएगा.
तुरंत होगा ई चालान
इस ऑटोमेटेड सिस्टम के जरिए तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने, अवैध पार्किंग, गलत दिशा में वाहन चलाने, ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट बाइक चलाने, स्टॉप लाइन पार करने और रेड लाइट जंप जैसे मामलों में तुरंत ई-चालान जारी किया जाएगा.
यहां पर होगी सख्त निगरानी
ये कैमरे एयरपोर्ट के कई अहम इलाकों में लगाए गए हैं. इनमें सेंट्रल स्पाइन रोड, कार्गो टर्मिनल एरिया, रंगपुरी इलाका, सेंटॉर होटल जंक्शन, एरोसिटी, एनएसजी जंक्शन और टर्मिनल-1 से बाहर निकलने वाली सड़क शामिल हैं.
कर्मी आफिस में बैठे बैठे करेंगे जांच
पुलिस के अनुसार कैमरों से रिकॉर्ड किया गया डेटा सीधे एनआईसी और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के सिस्टम से जुड़ा रहेगा. इसके बाद ट्रैफिक पुलिसकर्मी फुटेज की जांच और पुष्टि करेंगे और फिर नियमों के अनुसार ई-चालान जारी किया जाएगा.
हादसों में भी आ सकती है कमी
डायल-जीएमआर और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि यह पहल एयरपोर्ट इलाके में ट्रैफिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए है. इससे यात्रियों, कर्मचारियों और आम लोगों के लिए सड़कें पहले से ज्यादा सुरक्षित बन सकेंगी. साथ ही ट्रैफिक जाम और सड़क हादसों में भी कमी आने की उम्मीद है.
About the Author
करीब 20 साल का पत्रकारिता का अनुभव है. नेटवर्क 18 से जुड़ने से पहले कई अखबारों के नेशनल ब्यूरो में काम कर चुके हैं. रेलवे, एविएशन, रोड ट्रांसपोर्ट और एग्रीकल्चर जैसी महत्वपूर्ण बीट्स पर रिपोर्टिंग की. कैंब्रिज…और पढ़ें
