IGI एयरपोर्ट जानेवालों के लिए खास खबर, अब की बदमाशी तो बचना मुश्किल, जेब पर आफत आनी तय, स्‍मार्ट सिस्‍टम से नजर

होमताजा खबरDelhi

IGI एयरपोर्ट के आसपास अब की बदमाशी तो बचना मुश्किल, जेब पर आफत आनी तय

Last Updated:

IGI Airport Traffic Violation News: इंदिरा गांधी एयरपोर्ट देश का सबसे व्‍यस्‍त हवाई अड्डा है. यहां से हर दिन सैकड़ों की तादाद में फ्लाइट्स टेक ऑफ और लैंड करती हैं, ऐसे में यहां हर दिन बड़ी संख्‍या में लोग आते और जाते हैं. इसे देखते हुए IGI एयरपोर्ट की तरफ बड़ी संख्‍या में वाहन जाते हैं

IGI एयरपोर्ट के आसपास ट्रैफिक नियमों का उल्‍लंघन अब भारी पड़ने वाला है. (फाइल फोटो)

IGI Airport Traffic Violation News: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे (IGI Airport) के आसपास अब ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करना वाहन चालकों को भारी पड़ सकता है. पलभर में जेब ढीली हो सकती है. एयरपोर्ट क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और सुचारु बनाने के लिए हाईटेक कैमरा आधारित ई-चालान सिस्‍टम लागू कर दी गई है. इस नई व्यवस्था के तहत ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर अब ऑटोमेटिक तरीके से कार्रवाई होगी और मौके पर ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी जरूरी नहीं होगी.

दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL-GMR) और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त पहल के तहत यह अत्याधुनिक निगरानी प्रणाली शुरू की गई है. अधिकारियों के अनुसार, एयरपोर्ट के आसपास बढ़ते ट्रैफिक दबाव और लगातार होने वाले नियम उल्लंघनों को देखते हुए यह कदम उठाया गया है. नई व्यवस्था से सड़क सुरक्षा मजबूत होने के साथ-साथ ट्रैफिक प्रबंधन में भी सुधार आने की उम्मीद है. परियोजना के पहले चरण में एयरपोर्ट क्षेत्र के प्रमुख स्थानों पर 14 हाई-डेफिनिशन ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरे लगाए गए हैं. ये कैमरे वाहनों की नंबर प्लेट को रियल टाइम में पढ़ने और रिकॉर्ड करने में सक्षम हैं. अधिकारियों ने बताया कि अगले चरण में करीब 35 अतिरिक्त कैमरे लगाए जाएंगे, जिससे लगभग पूरा एयरपोर्ट रोड नेटवर्क निगरानी के दायरे में आ जाएगा.

स्‍मार्ट सिस्‍टम

यह स्मार्ट सिस्टम कई प्रकार के ट्रैफिक उल्लंघनों का स्वतः पता लगाने में सक्षम है. इनमें ओवरस्पीडिंग, गलत या अवैध पार्किंग, गलत दिशा में वाहन चलाना, दोपहिया वाहनों पर ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट वाहन चलाना, स्टॉप लाइन का उल्लंघन और रेड लाइट जंप करना शामिल है. जैसे ही कोई उल्लंघन दर्ज होगा, संबंधित वाहन मालिक के नाम स्वतः ई-चालान जारी कर दिया जाएगा.

यहां लगाए गए हैं कैमरे

एयरपोर्ट के जिन प्रमुख इलाकों में कैमरे लगाए गए हैं, उनमें सेंट्रल स्पाइन रोड, कार्गो टर्मिनल क्षेत्र, रंगपुरी, सेंटौर होटल जंक्शन, एरोसिटी, एनएसजी जंक्शन और टर्मिनल-1 एग्जिट रोड शामिल हैं. ये सभी इलाके अत्यधिक व्यस्त माने जाते हैं, जहां ट्रैफिक दबाव और नियम उल्लंघन की घटनाएं अधिक देखने को मिलती हैं.

ट्रैफिक जाम से भी मिलेगी निजात

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि नई तकनीक के इस्तेमाल से न केवल नियमों का बेहतर पालन सुनिश्चित होगा, बल्कि ट्रैफिक जाम और सड़क हादसों में भी कमी आएगी. अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे एयरपोर्ट क्षेत्र में ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करें, क्योंकि अब हर गतिविधि कैमरों की निगरानी में होगी.

About the Author

Manish Kumar

बिहार, उत्‍तर प्रदेश और दिल्‍ली से प्रारंभिक के साथ उच्‍च शिक्षा हासिल की. झांसी से ग्रैजुएशन करने के बाद दिल्‍ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में PG डिप्‍लोमा किया. Hindustan Times ग्रुप से प्रोफेशनल कॅरियर की शु…और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *