Last Updated:
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर शहजाद भट्टी के लिए काम कर रहे दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है. जिससे दिल्ली एनसीआर में फायरिंग और टारगेट किलिंग की साजिश नाकाम हुई है. मामले की जांच चल रही है.
दिल्ली स्पेशल सेल की गिरफ्त में दोनों आरोपी.
नई दिल्ली. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर शहजाद भट्टी (आईएसआई प्रॉक्सी) से जुड़े एक खतरनाक क्रिमिनल मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है. इस साजिश में शामिल दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है. इन पर दिल्ली-एनसीआर में फायरिंग, ग्रेनेड हमले और टारगेट किलिंग की बड़ी साजिश रचने का आरोप है. गिरफ्तार आरोपी राजवीर (21 साल) और विवेक बंजारा (19 साल) दोनों मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के रहने वाले हैं.
पुलिस के अनुसार राजवीर को 18 अप्रैल को दिल्ली के सराय काले खां से गिरफ्तार किया गया. उसके कब्जे से एक पिस्टल और छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं. विवेक बंजारा को 16 अप्रैल को ग्वालियर के डबरा से पकड़ा गया था. पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पाकिस्तान में बैठे शहजाद भट्टी के निर्देश पर काम कर रहे थे. उनकी भर्ती सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए की गई थी. राजवीर को ‘राणा भाई’ नाम के व्यक्ति ने भर्ती किया, जिसके बाद उसने विवेक को भी इस गिरोह से जोड़ा. जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए.
मार्च 2026 में शहजाद भट्टी के कहने पर विवेक अहमदाबाद से हथियार लाने गया था. 9 अप्रैल को दोनों अमृतसर गए, जहां से उन्हें एक पिस्टल, 15-20 कारतूस और 20,000 रुपये मिले. 11 अप्रैल को राजवीर ने पंजाब के जिरकपुर के एक क्लब पर फायरिंग की, लेकिन पिस्टल खराब होने से वारदात अधूरी रह गई. विवेक ने इसकी वीडियो बनाकर पाकिस्तान भेज दिया. इसके बाद राजवीर दिल्ली-एनसीआर आया और यहां एक बड़े होटल पर फायरिंग की तैयारी कर रहा था. पुलिस ने उसे इसी दौरान पकड़ लिया.
स्पेशल सेल ने 31 मार्च 2026 को एफआईआर दर्ज कर इस पूरे मॉड्यूल की जांच शुरू की थी. दोनों आरोपी सोशल मीडिया के जरिए आईएसआई प्रॉक्सी से संपर्क में थे और पैसे के लालच में देश विरोधी गतिविधियों में शामिल हो गए थे. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल मामले की आगे जांच कर रही है.
About the Author
करीब 20 साल का पत्रकारिता का अनुभव है. नेटवर्क 18 से जुड़ने से पहले कई अखबारों के नेशनल ब्यूरो में काम कर चुके हैं. रेलवे, एविएशन, रोड ट्रांसपोर्ट और एग्रीकल्चर जैसी महत्वपूर्ण बीट्स पर रिपोर्टिंग की. कैंब्रिज…और पढ़ें
