पहले ईरान-अमेरिका तनाव, अब PM मोदी की अपील, सोने-चांदी के व्यापार में आएगा बड़ा भूचाल! व्यापारी ने जताई चिंता

Last Updated:

PM Modi Appeal Gold-Silver Market Effect: ईरान-अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव और युद्ध जैसे हालात का असर अब भारत के बाजारों पर भी दिखाई देने लगा है. इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से सोना खरीदने से बचने और जरूरत न हो तो विदेश यात्रा टालने की अपील की है, जिसका असर अब भारतीय व्यापारों पर देखने को मिल सकता है. आइए व्यापारियों से जानते हैं कि इसका क्या प्रभाव पड़ेगा.

गाजियाबाद: अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव और युद्ध जैसे हालात का असर अब भारत के बाजारों पर भी दिखाई देने लगा है. कच्चे तेल के दाम बढ़ने के साथ-साथ सोने और चांदी की कीमतों में भी लगातार उछाल आ रहा है. इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से खर्च कम करने, सोना खरीदने से बचने और जरूरत न हो तो विदेश यात्रा टालने की अपील की है. प्रधानमंत्री की इस अपील के बाद सर्राफा बाजार में चिंता बढ़ गई है.

सर्राफा एसोसिएशन के व्यापारियों का कहना है कि सोने के दाम पहले ही रिकॉर्ड स्तर पर हैं, जिससे कारोबार करीब 90 प्रतिशत तक प्रभावित हुआ है. व्यापारियों के अनुसार छोटे और मध्यम ज्वेलर्स पर सबसे ज्यादा असर पड़ेगा. वहीं निवेशकों को फिलहाल शॉर्ट टर्म निवेश से बचने और लंबी अवधि के लिए ही सोने में निवेश करने की सलाह दी जा रही है.

बाजार पर पड़ेगा बड़ा असर
सर्राफा एसोसिएशन के महामंत्री गौरव गर्ग ने बताया कि सोने के दाम डेढ़ लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार पहुंचने के बाद बाजार पर बड़ा असर पड़ा है. उनका कहना है कि करीब 90 प्रतिशत तक कारोबार डाउन हो चुका है. जिन घरों में शादी या अन्य पारिवारिक कार्यक्रम हैं, वहीं लोग मजबूरी में खरीदारी कर रहे हैं. भारत में सोने को पारंपरिक वेशभूषा और स्त्री धन का हिस्सा माना जाता है. इसलिए लोग पूरी तरह खरीदारी बंद नहीं कर सकते हैं.

आम लोग नया सोना खरीदने की बजाय अपना पुराना सोना बदलकर काम चला रहे हैं. प्रधानमंत्री की ओर से अगले एक साल तक सोना न खरीदने की अपील के बाद छोटे और मध्यम वर्ग के ज्वेलरी व्यापारियों की चिंता और बढ़ गई है. उनका कहना है कि देश सर्वोपरि है और प्रधानमंत्री ने जो अपील की है वह सोच-समझकर ही की होगी, लेकिन इसका व्यापार पर बड़ा असर देखने को मिलेगा.

छोटे व्यापारी को नुकसान का खतरा
गौरव गर्ग के अनुसार, छोटे दुकानदारों पर सबसे ज्यादा संकट आएगा. कई दुकानदार ऐसे हैं जिनकी रोजाना 20 हजार से 50 हजार रुपये तक की बिक्री होती थी, लेकिन अब वह कारोबार भी प्रभावित हो सकता है. बड़े व्यापारी अपने पास स्टॉक बनाए रखते हैं, चाहे सोने का दाम एक लाख हो या दो लाख रुपये प्रति 10 ग्राम. छोटे व्यापारी रोज खरीदकर रोज बेचते हैं, इसलिए उन्हें नुकसान का खतरा ज्यादा है.

सोने-चांदी की कीमतों में लगातार उछाल
उन्होंने कहा कि अब ज्वेलर्स ग्राहकों को जोड़े रखने के लिए चांदी की ज्वेलरी की ओर आकर्षित करने का प्रयास करेंगे. मौजूदा समय में सोने का भाव करीब 1 लाख 52 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी का दाम करीब 2 लाख 60 हजार रुपये प्रति किलो चल रहा है. व्यापारियों का कहना है कि पिछले छह महीनों में दुनिया में चल रहे युद्ध और तनाव के कारण सोने-चांदी की कीमतों में लगातार उछाल आया है.

उन्होंने कहा कि पहले भी युद्ध के समय कीमतें बढ़ती थीं, लेकिन इस बार असर ज्यादा देखने को मिला है. निवेश को लेकर गौरव गर्ग ने सलाह दी कि लोग अगर निवेश करना चाहते हैं तो लंबी अवधि के लिए करें, क्योंकि शॉर्ट टर्म निवेश के लिए यह सही समय नहीं है. वहीं जून से शादी का सीजन शुरू होने वाला है. इसलिए शगुन और परंपरा के चलते सोने की खरीदारी पूरी तरह बंद होने की संभावना नहीं है.

About the Author

आर्यन सेठ

आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *