Last Updated:
बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा (BJP chief JP Nadda) ने अपने सांसदों को निर्देश दिया है कि वे सेवा पखवाड़ा और मेरी माटी मेरा देश अभियान के माध्यम से जन सेवा के कार्यों में जुट जाएं.
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने वर्चुअल मीटिंग में सांसदों को निर्देश दिए हैं. (फोटो- News18 )
नई दिल्ली. बीजेपी (BJP) ने लोकसभा चुनाव की तैयारी तेज कर दी है. लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर बीजेपी विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जनता के बीच जा रही है और अपने पक्ष में अभी से माहौल तैयार करने में जुट गई है. बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा (BJP chief JP Nadda) ने अपने सभी लोकसभा और राज्यसभा सांसदों के साथ वर्चुअल बैठक की. इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा मनाने का निर्देश दिया. उसके साथ- साथ ‘मेरी माटी मेरा देश’ अभियान के तहत गांव-गांव जाकर वहां कार्यक्रम करके जनता के साथ संवाद स्थापित करने को भी कहा है.
सूत्रों के मुताबिक मेरी माटी मेरा देश अभियान के तहत बीजेपी कार्यकर्ता गांव की मिट्टी को दिल्ली पहुंचाएंगे जिससे कर्तव्य पथ के पास में अमृत उद्यान का निर्माण किया जाएगा. बीजेपी सांसदों के साथ वर्चुअल बैठक में बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सांसदों को कई निर्देश दिए हैं. प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से लेकर 2 अक्टूबर सेवा पखवाड़े के दौरान कई कार्यक्रमों के आयोजन को कहा है. इसमें अपने क्षेत्रों ब्लड डोनेशन कैंप, स्वच्छता अभियान, फुल बॉडी चेक अप समेत सेवा के कार्य करने के निर्देश दिए हैं. इसके अलावा जिन लोगों के आयुष्मान कार्ड नहीं हैं उन लोगों के कार्ड बनवाने में मदद करने को कहा है.
मेरी माटी मेरा देश अभियान के माध्यम से संवाद बढ़ाने को कहा
सूत्रों ने कहा कि सभी सांसद को कहा गया है कि मेरी माटी मेरा देश अभियान के माध्यम से जनता के साथ संवाद बढ़ाएं. इस अभियान के तहत 1 से 15 सितंबर तक गांव- गांव जाकर अमृत वाटिका बनाएं. उसके बाद गांव-गांव की मिट्टी दिल्ली पहुंचाई जाएगी. इससे कर्तव्य पथ पर अमृत उद्यान का निर्माण किया जाएगा. मेरी माटी मेरा देश अभियान का बड़ा कार्यक्रम दिल्ली में अक्टूबर के अंत में आयोजित किया जाएगा जिसमे प्रधानमंत्री शामिल होंगे.
