नई दिल्ली. कॉमिक टाइमिंग, देसी अंदाज और चेहरे पर मासूमियत के साथ तगड़ा व्यंग्य… दिव्येंदु शर्मा उन एक्टर्स में गिने जाते हैं, जिन्होंने बिना बड़े स्टारडम के भी अपनी अलग पहचान बनाई. मिर्जापुर के ‘मुन्ना भैया’ के तौर पर भले उन्होंने डराया हो, लेकिन कॉमेडी में उनका अंदाज उतना ही मजेदार है. अगर आप हल्की-फुल्की, देसी और एंटरटेनिंग फिल्में देखना पसंद करते हैं तो ओटीटी पर मौजूद उनकी ये फिल्में आपकी वॉचलिस्ट में जरूर होनी चाहिए.
ओटीटी पर दिव्येंदु शर्मा की कॉमेडी फिल्में
प्यार का पंचनामा: दिव्येन्दु शर्मा ने 2011 में प्यार का पंचनामा से करियर की शुरुआत की. ये उनकी ब्रेकआउट फिल्म रही. तीन दोस्तों की लव लाइफ की मुश्किलों को बेहद ह्यूमर के साथ दिखाया गया है. दिव्येन्दु का ‘लिक्विड’ वाला रोल आज भी याद किया जाता है. फिल्म की डायलॉग डिलीवरी और रियलिस्टिक कॉमेडी ने इसे कल्ट क्लासिक बना दिया. फिल्म को आप ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं.
मडगांव एक्सप्रेस: कुणाल खेमू के डायरेक्टोरियल डेब्यू वाली ये फिल्म तीन दोस्तों की गोवा ट्रिप पर आधारित है, जो पूरी तरह से गड़बड़ हो जाती है. दिव्येन्दु, प्रतीक गांधी और अविनाश तिवारी की तिकड़ी दर्शकों को जोर-जोर से हंसाती है. फिल्म क्राइम-कॉमेडी का परफेक्ट मिक्स है. अमेजन प्राइम वीडियो के साथ यूट्यूब पर भी देख सकते हैं.
चश्मे बद्दूर: साल 2013 में डेविड धवन फिल्म को लेकर आए, जो रीमेक फिल्म थी. दिव्येन्दु ने फिल्म में ‘ओमी’ का रोल किया. अली जफर, सिद्धार्थ और तापसी पन्नू के साथ फिल्म में गोवा बैकग्राउंड में भरपूर मस्ती है. कॉलेज लाइफ, दोस्ती और रोमांस से भरी यह फिल्म हल्की-फुल्की कॉमेडी पसंद करने वालों के लिए शानदार विकल्प है. इस फिल्म को आप क्लासिक कॉमेडी का मॉडर्न वर्जन कह सकते हैं. फिल्म को नेटफ्लिक्स में देख सकते हैं.
टॉयलेट: एक प्रेम कथा: अक्षय कुमार और भूमि पेडनेकर के साथ दिव्येन्दु ने ‘नारू’ का रोल निभाया. साल 2017में आई ये फिल्म सोशल मैसेज के साथ कॉमेडी को बैलेंस करती है. दिव्येंदु का सपोर्टिंग रोल छोटा जरूर था, लेकिन उनकी मौजूदगी कहानी में मजेदार रंग भरती है. फिल्म को नेटफ्लिक्स में देख सकते हैं.
शुक्राणु: साल 2020 में आई ये फिल्म 1970 के दशक में इमरजेंसी के दौरान नसबंदी अभियान पर सैटायरिकल कॉमेडी है. फिल्म में दिव्येंदु ने अपने देसी ह्यूमर और एक्सप्रेशंस से दर्शकों को खूब एंटरटेन किया. सामाजिक मुद्दे को मजेदार अंदाज में दिखाने के लिए फिल्म की तारीफ भी हुई थी. फिल्म को जी5 पर देख खुद के साथ परिवार को गुदगुदा सकते हैं.
थाई मसाज: यह फिल्म उम्र, अकेलेपन और जिंदगी को खुलकर जीने की कहानी को कॉमिक अंदाज में पेश करती है. 70 साल के बुजुर्ग की कहानी जो थाईलैंड जाकर अपनी समस्या का समाधान ढूंढता है. फिल्म में दिव्येंदु का किरदार कहानी में नई ऊर्जा लाता है. इमोशन और कॉमेडी का बैलेंस इसे खास बनाता है. फिल्म को नेटफ्लिक्स में देख सकते हैं.
बत्ती गुल मीटर चालू: शाहिद कपूर, श्रद्धा कपूर और दिव्येंदु शर्मा से सजी इस फिल्म में दिव्येंदु ने शाहिद के बचपन के दोस्त का रोल अदा किया, जिसका एटिट्यूड देखते ही बनता है. OTT प्लेटफॉर्म: यह फिल्म ZEE5 पर उपलब्ध है, जहां आप यह कॉमेडी ड्रामा अभी भी देख सकते हैं.
2026 में इस फिल्म में तहलका मचाएंगे दिव्येन्दु शर्मा
दिव्येन्दु शर्मा की खासियत है कि वे कॉमेडी को रियल और रिलेटेबल बनाते हैं. मिर्जापुर जैसी सीरीज में गंभीर रोल करने के बाद भी उनकी कॉमेडी फिल्में दर्शकों को खूब पसंद आती हैं. ये फिल्में सिर्फ हंसी नहीं, बल्कि दोस्ती, रिलेशनशिप, सोशल इश्यूज और लाइफ के सबक भी देती हैं. इस साल वह गुरमीत सिंह के डायरेक्शन में बनी फिल्म ‘मिर्जापुर द फिल्म’ में नजर आने वाले हैं.
