ब्राह्मण समाज पर विवादित बयान के बाद घिरे राजकुमार भाटी, सपा प्रवक्ता के खिलाफ नोएडा में FIR दर्ज, विरोध में पार्टी के दो सदस्यों का इस्तीफा

Last Updated:

Noida News: समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी के एक विवादित बयान के बाद ब्राह्मण समाज में जमकर विरोध हो रहा है. वहीं अब उनके खिलाफ नोएडा में एफआईआर दर्ज की गई है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि राजकुमार भाटी ने ब्राह्मण समाज का अपमान करने के उद्देश्य से आपत्तिजनक बयान दिया है. वहीं इसके विरोध में गौतमबुद्ध नगर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज भाटी और सचिव पद के प्रमुख उम्मीदवार शोभाराम चंदेला ने समाजवादी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है.

सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी के खिलाफ FIR दर्ज

नोएडा: समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी के एक विवादित बयान ने राजनीतिक हलचल तेज कर दी है. सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो के बाद उनके खिलाफ नोएडा में एफआईआर दर्ज की गई है. नोएडा के सेक्टर-53 स्थित गिझौड़ गांव निवासी सुशील पंडित की शिकायत पर सेक्टर-24 थाने में मामला दर्ज हुआ है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि राजकुमार भाटी ने ब्राह्मण समाज का अपमान करने के उद्देश्य से आपत्तिजनक बयान दिया है.

बताया जा रहा है कि एक कार्यक्रम के दौरान राजकुमार भाटी ने अपने भाषण में ब्राह्मण समाज पर आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिसके बाद ब्राह्मण समाज के लोगों ने इसका विरोध जताया और नाराजगी व्यक्त की. विवाद बढ़ने के बाद राजकुमार भाटी ने सफाई देते हुए माफी भी मांगी है, लेकिन उनकी माफी से ब्राह्मण समाज संतुष्ट नहीं है और सपा प्रवक्ता के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है.

मनोज भाटी और शोभाराम चंदेला ने दिया इस्तीफा
वहीं राजकुमार भाटी के विवादित बयान से खुद को अलग करते हुए गौतमबुद्ध नगर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज भाटी और सचिव पद के प्रमुख उम्मीदवार शोभाराम चंदेला ने समाजवादी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने कहा कि राजकुमार भाटी का यह बयान गलत है और हम इसका विरोध करते हैं. इसलिए हम अपने सभी पदों और पार्टी से इस्तीफा देते हैं.

इन धाराओं के तहत मामला दर्ज
जातिगत और आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है. पुलिस ने जातिगत टिप्पणी, लोक शांति भंग करने और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और उससे जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है. जांच में आरोप सही पाए जाने पर राजकुमार भाटी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो 5 मई का है. सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी दिल्ली के जवाहर भवन में आयोजित ‘जाति और साम्प्रदायिकता के विषाणु’ नामक पुस्तक के लोकार्पण कार्यक्रम में पहुंचे थे. इसी कार्यक्रम में दिए गए उनके बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई. ब्राह्मण समाज के लोगों का कहना है कि इस तरह की टिप्पणियां समाज में तनाव बढ़ा सकती हैं.

यूपी के डिप्टी सीएम ने किया विरोध
कई बड़े नेता उनके इस बयान पर विरोध जता रहे हैं. यूपी के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इसे पूरे देश का ब्राह्मण समाज बर्दाश्त नहीं करेगा. अखिलेश यादव जवाब दें. सपा का असली चरित्र और घृणित चिंतन एक बार फिर पूरे देश के सामने उजागर हो गया है. सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी द्वारा ब्राह्मण समाज पर की गई अमर्यादित और अपमानजनक टिप्पणी न केवल निंदनीय है, बल्कि यह समाजवादी पार्टी की मानसिकता को भी दर्शाती है. जिस ब्राह्मण समाज ने देश को ज्ञान, संस्कृति, संविधान और राष्ट्र निर्माण की दिशा दी, उसके प्रति इस प्रकार की भाषा अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है.

About the Author

आर्यन सेठ

आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *