हिंदू घरों में पवित्र तुलसी का पौधा होता ही है. लोग सुबह-शाम तुलसी मां की पूजा करते हैं, दीया जलाते हैं. आमतौर पर घर की बालकनी, आंगन या छत पर लगा होने के कारण दिन भर डायरेक्ट तेज धूप पौधे पर लगती रहती है. ऐसे में आप प्रॉपर केयर ना करें तो तुलसी बहुत जल्दी मुरझा जाती है. पवित्र तुलसी का पौधा लगातार तेज धूप में होने से और कम पानी देने के कारण मुरझाने या सूखने लगता है. ऐसे में आप यहां बताए कुछ बहुत ही आसान से केयर टिप्स फॉलो करके तुलसी को गर्मियों में भी हरा-भरा रख सकते हैं.
तुलसी का पौधा नहीं सूखेगा, करें ये जरूरी काम
1. दोपहर की तेज धूप से बचाएं
गर्मियों में दोपहर 11 बजे से 4 बजे तक की धूप बहुत तेज होती है. इस दौरान तुलसी के पौधे को धूप में रखने की बजाय छांव में रखें. ऐसी जगह रखें जहां सुबह की धूप मिले, लेकिन दोपहर में हल्की छाया मिल जाए.
2. सही समय पर पानी दें
कुछ लोग 3-4 दिनों तक पौधों में पानी देना ही भूल जाते हैं, आप ऐसा ना करें. सुबह और शाम में सूर्यास्त के बाद पानी जरूर डालें. पत्तियों पर पानी डालें, मिट्टी में प्रॉपर पानी डालें. दिन में गर्म मिट्टी पर पानी डालने से बचें, क्योंकि मिट्टी की गर्मी से पानी जड़ तक जाएगा तो जड़ों को भी नुकसान हो सकता है.
ध्यान रखें
मिट्टी नम रहे, लेकिन पानी को जमा न होने दें.
हर दिन उतना ही पानी दें, जितने की जरूरत हो.
3. मल्चिंग भी है जरूरी
आपके पास तुलसी का पौधा है या कोई और, मल्चिंग बेहद जरूरी है. इसमें पौधे की मिट्टी के ऊपर सूखे पत्ते, नारियल का छिलका, घास की पतली परत बिछाई जाती है. इससे मिट्टी धूप में भी ठंडी बनी रहती है. मल्चिंग से नमी बनी रहती है. जड़ें गर्म नहीं होतीं.
4. बड़े गमले में लगाएं
तुलसी का पौधा काफी बड़ा है और गमला छोटा है, तो इसे तुरंत बड़े गमले में शिफ्ट कर दें. छोटे गमले में जड़ें जल्दी गर्म हो सकती हैं. बड़े गमले में पौधा अधिक स्वस्थ रहता है. मिट्टी में नमी भी ज्यादा समय तक बनी रहती है.
5. सूखी पत्तियां और टहनियां हटाएं
समय-समय पर सूखी या पीली पत्तियों को हटाते रहें. मंजरी सूख गई है तो काट दें. इससे पौधे की ऊर्जा नई पत्तियों और शाखाओं के विकास में लगती है.
6. जैविक खाद का इस्तेमाल करें
हर 15 से 20 दिनों में आप वर्मीकम्पोस्ट, गोबर की खाद, घर का बना जैविक खाद डालें. इससे पौधे को भरपूर पोषण मिलेगा. ग्रोथ सही से होगा, तुलसी की पत्तियां हरी-भरी रहेंगी.
7. लू से बचाने के लिए करें स्प्रे
आप चाहें तो दिन में या सुबह के समय पत्तों पर पानी का स्प्रे कर दें. इससे गर्मी, लू से पौधा खराब नहीं होगा. पौधे को ताजगी मिलती है. शाम के बाद स्प्रे करने से बचें.
तुलसी सूखने के संकेत
पत्तियां पीली पड़ना
पत्तियों का झड़ना
टहनियों का सूखना
मिट्टी का अत्यधिक सूखा होना
क्या सूखी तुलसी फिर हरी हो सकती है?
कई बार पौधा ऊपर से सूखा दिखाई देता है, लेकिन जड़ें जीवित रहती हैं. ऐसी स्थिति में:
सूखी शाखाओं को काट कर तुरंत हटा दें.
नियमित पानी देने से भी पौधों में जान आ सकती है.
हल्की छाया में रखें, इससे दोबारा कुछ हफ्तों में पत्ते निकलने शुरू हो जाएंगे.
