Tips to remove odor from air cooler tank: गर्मी के मौसम में भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए लोग एसी, कूलर का इस्तेमाल करते हैं. जिन लोगों के पास एयर कंडीशनर नहीं होता, उनका तो सहारा कूलर ही होता है. कुछ लोग रूम कूलर लेते हैं तो कुछ बाहर रखने वाला प्लास्टिक या मेटल बॉडी वाला कूलर लेते हैं. ठंडी हवा के लिए लोग लगातार कूलर चलाते हैं, लेकिन कुछ ही दिनों में कूलर से बहुत गंदी सी स्मेल आने लगती है. ऐसा लगता है जैसे कूलर के अंदर मछली सड़ गई हो. कूलर से मछली सी दुर्गंध आने लगे तो रूम में एक मिनट भी रुकना मुश्किल हो जाता है. आमतौर पर कूलर से सड़ी हुई स्मेल पानी हर दिन ना बदलने, पानी के गंदे होने, बैक्टीरिया पनपने, कूलर के खस की सफाई ना करने या काफी दिनों तक ना बदलने से भी दुर्गंध आती है. यदि आप भी कूलर की बदबू से परेशान हैं तो इस दुर्गंध को दूर करने के लिए ये आसान से काम के उपाय जरूर अपनाएं…
कूलर से आने वाली बदबू को दूर करने के उपाय
1. टैंक और पानी की सफाई करें
कुछ लोग कूलर में इस्तेमाल होने वाले पानी के कम होने पर उसी में दोबारा नया पानी भर देते हैं. इससे पुराने पानी में जर्म्स, गंदगी के कारण बदबू आने लगती है. नया पानी भरने से पहले पुराने पानी को पूरी तरह से निकाल दें. किसी साफ कपड़े से कूलर को पोछें. उसके बाद ही इसमें ताजा पानी भरें.
2. टैंक को ब्रश से साफ करें
पानी जब आप निकाल दें तो कूलर के टैंक को अच्छी तरह से ब्रश की मदद से रगड़ कर साफ करें. एक बाल्टी में पानी लें. इसमें एक से दो चम्मच ब्लीच डालें. आप ब्लीच की जगह सिरका भी ले सकते हैं. इस पानी को कूलर के टैंक में डालकर सफाई करें. उसके बाद फ्रेश पानी भर दें.
3. कूलिंग पैड या घास बदलें
एक ही पैड यानी घास को महीनों ना इस्तेमाल करें. कई बार इसमें पानी लगातार लगने, नमी से काई जम जाती है, जिससे मछली सी बदबू आने लगती है. बहुत अधिक घास सड़-गल गया हो तो बेहतर है कि नया लगा दें. आप इसे धूप में भी बीच-बीच में सुखाते रहें.
4. पंप और पाइप करें चेक
कई बार पंप में कचरा और काई जम जाता है. इसे अच्छी तरह से साफ करके निकालें. पाइप लाइन में ब्लॉकेज या काई होने पर भी बदबू आती है.
5. दो बार पानी बदलें
दिन भर में दो बार पानी बदलें. सुबह ताजा पानी डालकर कूलर का इस्तेमाल करें और फिर शाम में भी पानी बदल दें, ताकि रात भर आपको ठंडी और फ्रेश हवा मिलती रहे. समय नहीं है आपके पास बहुत तो आप कोशिश करें कि 2 दिन पर जरूर पानी बदल दें.
6.एंटी-बैक्टीरियल उपाय
पानी में थोड़ा सा फिनाइल डाल सकते हैं. मार्केट में कूलर के लिए एंटी-बैक्टीरियल टैबलेट भी मिलती है, इसे भी आप पानी में डाल सकते हैं. इससे बैक्टीरिया जल्दी नहीं पनपेंगे और बदबू भी नहीं आएगी.
7. कूलर को सूखा रखें
अगर कूलर बंद कर रहे हैं तो टैंक खाली करके सूखा छोड़ें वरना बदबू जल्दी बनती है.
8. सही वेंटिलेशन है जरूरी
कूलर हमेशा खुली खिड़की/हवा के साथ चलाएं. रूम कूलर है तो लगातार बंद कमरे में चलाने से भी बदबू बढ़ती है. ये सभी उपाय आजमाने के बाद भी कूलर की स्मेल नहीं जा रही है तो हो सकता है कि पैड पूरी तरह खराब हो चुके हों. बेहतर है कि उन्हें बदलकर नया लगा लें.
