Last Updated:
दिल्ली के हौजखास में पानी के संकट से हाहाकार मच गया है. नलों से गंदा पानी आने से लोग बीमार पड़ रहे हैं और अब लोग 3-3 हजार रुपये खर्च कर पानी के टैंकर मंगा रहे हैं. लोगों को टैंकर के पानी पर हफ्ते में नौ हजार रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं.
दिल्ली में पानी के लिए हाहाकार मच रहा है. हौज खास से देखें ग्राउंड रिपोर्ट.
Water Crisis in Delhi: दिल्ली में पानी के लिए हाहाकार की डरावनी तस्वीर सामने आ रही है. पानी की सप्लाई कहीं ठप है तो कहीं नलों से इतना गंदा पानी आ रहा है कि लोगों के रोजमर्रा के काम नहीं हो पा रहे. ऐसे में लोग 3-3 हजार रुपये खर्च कर प्राइवेट टैंकर मंगा रहे हैं. हालांकि इतना महंगा पानी खरीदकर भी लोगों की पूर्ति नहीं हो पा रही और एक-एक हफ्ते में 3-3 टैंकर मंगाने पड़ रहे हैं.
साउथ दिल्ली के हौजखास इलाके में पानी की किल्लत इतनी ज्यादा बढ़ गई है कि यहां प्राइवेट टैंकर और जलबोर्ड के टैंकरों से पानी की सप्लाई हो रही है. प्राइवेट टैंकर के लिए लोगों को एक से तीन हजार रुपए तक चुकाने पड़ रहे हैं.
न्यूज 18 इंडिया की टीम हौज खास पहुंची तो देखा कि टैंकरों से कमरों में पानी की सप्लाई हो रही है. ये प्राइवेट टैंकर थे. इलाके के लोगों ने बताया कि इलाके में सिर्फ पानी की कमी ही नहीं है बल्कि नलों से बेहद ही गंदा पानी आ रहा है, इसलिए टैंकर खरीदने पड़ रहे हैं.
लोगों ने बताया कि गंदा पानी पीने से कई घरों में लोग बीमार हो रहे हैं. इसके डर के चलते लोग नहाने धोने के लिए पानी के टैंकर मंगवा रहे हैं और पीने के लिए अलग से बिसलेरी की बोतल मंगवा रहे हैं.
इसी इलाके में देखा गया कि एक जगह तीसरी मंजिल पर टैंकर के पाइपों से पानी पहुंचाया गया तो दूसरी तरफ एक घर में ग्राउंड फ्लोर पर बने घर में पानी पहुंचाया जा रहा था.
इस दौरान रेजिडेंट हरप्रीत कौर ने बताया कि कल ही पानी की टंकी साफ करवाई है. उन्होंने गिलास में भरा गंदा पानी दिखाते हुए कहा कि इतना गंदा पानी आ रहा है इसे कैसे पीएं, इससे तो नहा भी नहीं सकते. इसीलिए यहां टैंकरों से पानी मंगाने पर मजबूर हैं.वहीं इस बिल्डिंग के ड्राइवर ने बताया कि यहां इसी तरह से टैंकर से पानी की सप्लाई हो रही है.
वहीं पास में टैंकर से पानी भर रहे घर के मालिक सुरभ ने बताया कि यह एक हफ्ते में तीसरा टैंकर है. हर टैंकर के लिए 3000 रुपये देने पड़ रहे हैं. घर में बच्चे बीमार हैं. जल बोर्ड के कनेक्शन के लिए हमें 2.75 लाख रुपए देने पड़ते हैं, लेकिन पानी की सप्लाई इतनी खराब है.
About the Author
Priya Gautam is an accomplished journalist currently working with Hindi.News18.com with over 14 years of extensive field reporting experience. Previously worked with Hindustan times group (Hindustan Hindi) and …और पढ़ें
