Last Updated:
Tips To Keep Roti Soft: अगर रोटियां कुछ ही घंटों में सख्त हो जाती हैं, तो आटा गूंथते समय थोड़ा दूध मिलाना फायदेमंद हो सकता है. यह किचन ट्रिक रोटियों को लंबे समय तक मुलायम बनाए रखने में मदद करती है. सही तरीके से आटा गूंथना, सही तरीके से रोटी सेंकना और अच्छी तरह स्टोर करने से रोटियां रात तक भी ताजा और सॉफ्ट रहती हैं.
रोटी को सॉफ्ट रखने के लिए आटा गूंथते समय उसमें थोड़ा दूध मिला लें.
Hack To Make Roti Cotton-Soft: कई लोग रोटियां बनाकर रख देते हैं, तो कुछ घंटों बाद ही रोटियां कड़क हो जाती हैं. सुबह बनाई गई रोटियां दोपहर तक सूखी हो जाती हैं. इन रोटियों को खाना मुश्किल हो जाता है. खासकर टिफिन के लिए बनाई गई रोटियों में यह समस्या ज्यादा देखने को मिलती है. रोटियों की नमी कम होने और आटा सही तरीके से न गूंथने के कारण उनका स्वाद और मुलायमपन जल्दी खत्म हो जाता है. अगर आप भी इस समस्या से जूझ रहे हैं, तो एक आसान ट्रिक अपना सकते हैं. इस ट्रिक से आपकी सुबह बनाई गई रोटियां शाम तक रूई जैसी सॉफ्ट बनी रहेंगी और उनका स्वाद भी जबरदस्त बना रहेगा.
आटा गूंथते समय मिलाएं थोड़ा दूध
आटा गूंथने के लिए लोग पानी का इस्तेमाल करते हैं. अगर आप चाहते हैं कि रोटियां लंबे समय तक नरम बनी रहें, तो आटा गूंथते समय पानी के साथ थोड़ा दूध मिला सकते हैं. दूध में मौजूद प्राकृतिक फैट और प्रोटीन आटे की बनावट को बेहतर बनाने में मदद करते हैं. इससे रोटियां अधिक मुलायम बनती हैं और जल्दी सूखती नहीं हैं. सबसे पहले आटे में थोड़ा दूध और पानी मिलाएं. इसके बाद अच्छी तरह गूंथ लें. आटा न ज्यादा सख्त हो और न ही बहुत ढीला हो. अच्छी तरह गूंथने के बाद इसे 15 से 20 मिनट के लिए ढककर रख दें. इससे आटा अच्छी तरह सेट हो जाता है और रोटियां ज्यादा फूली और नरम बनती हैं.
इन बातों का भी रखें ध्यान
रोटियों को बहुत ज्यादा देर तक तवे पर न रखें. ज्यादा सेकने से उनमें मौजूद नमी खत्म हो सकती है, जिससे वे जल्दी सख्त हो जाती हैं. रोटी फूलने के बाद उसे तुरंत उतार लें. चाहें तो हल्का घी लगाकर भी रख सकते हैं, जिससे मुलायमपन लंबे समय तक बना रहता है. रोटियों को बनाने के बाद तुरंत किसी साफ कपड़े या रोटी बॉक्स में रखें. अगर रोटियां लंबे समय तक रखनी हों, तो उन्हें ढककर रखें ताकि उनकी नमी बनी रहे. खुली हवा में रखने से रोटियां जल्दी सूख सकती हैं.
इस ट्रिक से रोटियां बनाएं टेस्टी
रोटियों का स्वाद और बनावट बेहतर बनाने के लिए आटे में कई चीजें मिलाई जा सकती हैं. आटा गूंथते वक्त अजवाइन, कसूरी मेथी, तिल या जीरा मिलाने से उनका स्वाद बढ़ जाता है. कुछ लोग पौष्टिकता बढ़ाने के लिए आटे में बेसन, सत्तू या बारीक कटी हरी धनिया भी मिलाते हैं. वहीं, थोड़ा घी या तेल मिलाने से रोटियां लंबे समय तक नरम रहती हैं और उनका स्वाद भी बेहतर हो जाता है. ध्यान रहे कि किसी भी सामग्री का उपयोग संतुलित मात्रा में करें, ताकि रोटियों का मूल स्वाद और बनावट बनी रहे.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें
