Last Updated:
Malviya Nagar Fire Case: दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड में 21 मौतों के बाद गिरफ्तार होटल मालिक लवकेश बजाज को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है. वह पहले फर्जी भारतीय दस्तावेज और होटल सुरक्षा उल्लंघन मामलों में भी आरोपी रह चुका है.
आरोपी लवकेश बजाज. इस अग्निकांड में 21 लोगों की मौत हो गई थी.
Malviya Nagar Fire Case: दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड मामले में गिरफ्तार होटल के मालिक लवकेश बजाज को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है. बुधवार को इस अग्निकांड में 21 लोगों की मौत हो गई थी. जांच में सामने आया है कि 60 साल का लवकेश बजाज पहले भी दिल्ली पुलिस के शिकंजे में आ चुका है और उसे पिछले साल बांग्लादेशी नागरिकों के लिए फर्जी भारतीय दस्तावेज बनवाने से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया गया था. जनवरी 2025 में पहाड़गंज थाने में दर्ज एक एफआईआर के आधार पर पुलिस ने बांग्लादेशी नागरिकों को फर्जी भारतीय पहचान पत्र और पासपोर्ट उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क की जांच शुरू की थी.
जांच के दौरान बजाज की भूमिका सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया था. पुलिस के अनुसार 29 जनवरी 2025 को सूचना मिली थी कि पहाड़गंज इलाके में एक बांग्लादेशी परिवार फर्जी भारतीय दस्तावेजों के सहारे रह रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस ने एक मकान पर छापा मारा. वहां दो महिलाएं और एक नाबालिग लड़का मिला. पूछताछ के दौरान वे कोई वैध भारतीय पहचान पत्र नहीं दिखा सके.
दो बांग्लादेशी पासपोर्ट बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस को घर से दो बांग्लादेशी पासपोर्ट, एक भारतीय पासपोर्ट, कई आधार कार्ड और बैंकिंग से जुड़े दस्तावेज मिले थे. जांच में यह भी पाया गया कि तीनों पासपोर्ट पर लगी तस्वीरें एक ही महिला की प्रतीत हो रही थीं. इसके अलावा बरामद आधार कार्ड अलग-अलग नाम और पतों पर बने हुए थे, लेकिन तस्वीरें और अन्य जानकारियां एक ही व्यक्ति से जुड़ी लग रही थीं. पुलिस का आरोप है कि इस पूरे फर्जी दस्तावेज नेटवर्क में लवकेश बजाज की मिलीभगत सामने आई थी. इसी आधार पर उसे धोखाधड़ी, जालसाजी और फर्जी दस्तावेज तैयार कराने से संबंधित धाराओं में गिरफ्तार किया गया था.
गिरफ्तारी के बाद उसे उस वक्त तिहाड़ जेल भेजा गया था, जहां वह करीब 15 दिन तक रहा. बाद में उसे अदालत से जमानत मिल गई थी. यह मामला अभी भी अदालत में विचाराधीन है. इसके अलावा एक अन्य मामला भी लवकेश के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने साल 2024 में दर्ज किया गया. जिसमें होटल के सुरक्षा मापदंड को पूरा न करने को लेकर केस दर्ज हुआ था. सुरक्षा मापदंड में CCTV कैमरे से जुड़े कोई नियम फॉलो नहीं किये गए थे जो गेस्ट हाउस होटल में होना जरूरी है. उस वक्त दिल्ली पुलिस ने रूटीन जांच में इस होटल में यह अनियमितता पाई थी जिसके बाद केस दर्ज हुआ था.
About the Author
न्यूज18 हिंदी में बतौर एसोसिएट एडिटर कार्यरत. मीडिया में करीब दो दशक का अनुभव. दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, आईएएनएस, बीबीसी, अमर उजाला, जी समूह सहित कई अन्य संस्थानों में कार्य करने का मौका मिला. माखनलाल यूनिवर्स…और पढ़ें
