'डर था, लेकिन पुलिस ने भरोसा दिलाया…' खोड़ा में जुम्मे की नमाज के बाद नमाजियों ने कहा- थैंक यू योगी सरकार

Last Updated:

Khoda Jumma Namaz After Surya Murder Case: गाजियाबाद के खोड़ा में सूर्या हत्याकांड के बाद उपजे तनाव और सोशल मीडिया पर चल रही तमाम अफवाहों के बीच शुक्रवार को जुम्मे की नमाज पूरी तरह शांति और सौहार्द के माहौल में संपन्न हुई. प्रशासन के लिए यह दिन एक बड़ी परीक्षा जैसा था, लेकिन ड्रोन कैमरों, भारी पुलिस बल और दो शिफ्टों में नमाज के सटीक मैनेजमेंट ने सुरक्षा का ऐसा ताना-बाना बुना कि कहीं कोई परिंदा भी पर नहीं मार सका. नमाज के बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने यूपी पुलिस, जिला प्रशासन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का तहे दिल से शुक्रिया अदा किया और खोड़ा के साथ-साथ पूरे देश में अमन-चैन और भाईचारा बनाए रखने की खास दुआ मांगी.

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित खोड़ा इलाके में हाल ही में हुए सूर्या हत्याकांड के बाद से माहौल काफी संवेदनशील बना हुआ था. शुक्रवार को जुम्मे की नमाज को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही थीं और सोशल मीडिया पर भी लगातार विरोध और अफवाहों का दौर चल रहा था. ऐसी चुनौतीपूर्ण स्थिति के बीच शुक्रवार को खोड़ा में जुम्मे की नमाज बेहद शांतिपूर्ण और भाईचारे के माहौल में संपन्न हुई. इस सफल और सुरक्षित आयोजन के बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने उत्तर प्रदेश पुलिस, जिला प्रशासन और सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की व्यवस्थाओं की जमकर तारीफ की और उनका शुक्रिया अदा किया.

चप्पे-चप्पे पर तैनात रही फोर्स
सूर्या हत्याकांड के बाद से ही खोड़ा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के लिए एक बहुत बड़ी परीक्षा थी. नमाज को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस ने कई दिन पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी थीं. इलाके में लगातार फ्लैग मार्च किए गए और हिंदू-मुस्लिम दोनों पक्षों के साथ शांति समिति की बैठकें बुलाई गईं.
शुक्रवार को किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए खोड़ा की तंग गलियों और मुख्य चौराहों पर भारी संख्या में पुलिस बल, पीएसी (PAC) और रैपिड रिस्पांस फोर्स (RRF) के जवानों को तैनात किया गया था. इसके साथ ही आसमान से ड्रोन कैमरों के जरिए हर हरकत पर पैनी नजर रखी जा रही थी. माहौल खराब होने से बचाने के लिए प्रशासन ने कुछ हिंदू संगठन के पदाधिकारियों को एहतियातन नजरबंद भी किया था, ताकि कोई अफवाह या विवाद न फैल सके.

भीड़ संभालने के लिए दो शिफ्ट में कराई गई नमाज
मस्जिदों और उसके आसपास सुरक्षा के इंतजाम इतने पुख्ता थे कि आम नमाजियों के मन में सुरक्षा को लेकर पूरा भरोसा था. भीड़ को नियंत्रित रखने और किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचने के लिए प्रशासन ने कई मस्जिदों में दो शिफ्टों में नमाज अदा कराने की रणनीति अपनाई. जिले के तमाम बड़े और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी खुद धूप में खड़े होकर लगातार पूरे इलाके का गश्त करते रहे. इस मुस्तैदी का नतीजा यह रहा कि हजारों लोगों ने बिना किसी डर, तनाव या संकोच के नमाज अदा की.
यह भी पढ़ें: खोड़ा में जुमे की नमाज हुई, हिंदू संगठनों की एंट्री कर दी गई बैन, मुसलमानों बोले- थैंक यू योगी जी

नमाजियों ने मांगी खोड़ा में भाईचारे अमन की दुआ

नमाज पूरी होने के बाद मस्जिदों से बाहर आए स्थानीय लोगों ने पुलिस के इंतजामों को देखकर राहत की सांस ली. स्थानीय निवासी वसीम ने बताया कि “आज की नमाज में अच्छी संख्या में लोग आए थे. प्रशासन की व्यवस्था बहुत शानदार थी और हम सबने दुआ में यही मांगा है कि खोड़ा में हमेशा भाईचारा और प्यार कायम रहे”.

वहीं मोहम्मद अब्दुल्ला ने कहा कि “सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों के कारण थोड़ी चिंता थी, लेकिन जिला प्रशासन की मुस्तैदी ने सब आसान कर दिया. उत्तर प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने जिस तरह यहां पुलिस फोर्स को मुस्तैद किया था, उसी की बदौलत सब कुछ बहुत शांति से हो गया”. इसके अलावा एक अन्य स्थानीय निवासी याकूब ने भी यूपी पुलिस का तहे दिल से धन्यवाद करते हुए कहा कि “पुलिस ने बहुत अच्छा काम किया है और हमारी दुआ यही है कि पूरे देश में अमन-चैन बना रहे”. पुलिस की मुस्तैदी और रणनीति के चलते आखिरकार जिस जुम्मे को लेकर तमाम तरह के कयास लगाए जा रहे थे, वह बिना रुकावट अच्छी तरह संपन्न हो गया. जिससे स्थानीय लोगों ने भी राहत की सांस ली.

About the Author

Seema Nath

सीमा नाथ 6 साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शाह टाइम्स में रिपोर्टिंग के साथ की जिसके बाद कुछ समय उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम …और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *