अब दमनकर्मियों को छू भी नहीं पाएंगी आग की लपटें, गाजियाबाद में तैयार हुआ ये खास फायर फाइटर सूट

Last Updated:

Ghaziabad News: भीषण आग की घटनाओं में दमकलकर्मी अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों की रक्षा करते हैं, तो उनकी रक्षा का भी ख्याल रखना जरूरी है. इसके लिए गाजियाबाद स्थित नॉर्दर्न इंडिया टेक्सटाइल रिसर्च एसोसिएशन (NITRA) ने देश का पहला स्वदेशी स्पेशलाइज्ड फायर फाइटिंग सूट विकसित किया है.

गाजियाबाद: भीषण आग की घटनाओं के दौरान दमकलकर्मियों को आग की तेज लपटों, अत्यधिक तापमान और जहरीले धुएं के बीच जान जोखिम में डालकर राहत और बचाव कार्य करना पड़ता है. ऐसे मुश्किल हालात में उनकी सुरक्षा सबसे बड़ी चुनौती होती है. इसी चुनौती का समाधान खोजते हुए गाजियाबाद स्थित नॉर्दर्न इंडिया टेक्सटाइल रिसर्च एसोसिएशन (NITRA) ने देश का पहला स्वदेशी स्पेशलाइज्ड फायर फाइटिंग सूट विकसित किया है. करीब ढाई साल की रिसर्च के बाद तैयार किया गया यह हाईटेक सूट अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरा उतरता है और अब तक विदेशों से आयात किए जाने वाले महंगे फायर फाइटिंग सूट का मजबूत भारतीय विकल्प बन सकता है.

वर्तमान में भारत में उपयोग होने वाले अधिकांश हाई-परफॉर्मेंस फायर फाइटिंग सूट यूरोप, अमेरिका जैसे देशों से आयात किए जाते हैं. इन विशेष सूटों की कीमत 20 से 25 लाख रुपये तक होती है, जिससे सरकारी विभागों और औद्योगिक संस्थानों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ता है. NITRA की ओर से विकसित नया सूट विदेशी उत्पादों की तुलना में काफी कम लागत पर तैयार किया जा सकता है. इससे देश में अग्निशमन उपकरणों के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा और आयात पर निर्भरता कम होगी.

लगातार शोध और परीक्षण के बाद डिजाइन
इस परियोजना पर NITRA के वैज्ञानिकों और तकनीकी विशेषज्ञों ने करीब ढाई वर्षों तक लगातार शोध और परीक्षण किए डिजाइन तैयार करने से लेकर सामग्री के चयन और विभिन्न तकनीकी मानकों की जांच तक हर चरण पर विशेष ध्यान दिया गया. कई सफल परीक्षणों के बाद इस सूट को अंतिम रूप दिया गया है. सूट की सबसे बड़ी विशेषता इसकी सात हाईटेक सुरक्षा परतें हैं. इन परतों में ग्लास फाइबर सहित कई उन्नत तकनीकी फाइबर का उपयोग किया गया है, जो अत्यधिक गर्मी और आग की सीधी लपटों से शरीर की सुरक्षा करते हैं.

अत्यधिक तापमान में भी सुरक्षा
इसके अलावा सूट की बाहरी सतह पर विशेष एल्यूमिनियम कोटिंग की गई है, जो गर्मी को परावर्तित कर शरीर तक पहुंचने से रोकती है. इससे दमकलकर्मी लंबे समय तक खतरनाक परिस्थितियों में सुरक्षित रहकर काम कर सकते हैं. आग बुझाने के दौरान धुएं और जहरीली गैसों के बीच सांस लेना भी एक बड़ी चुनौती होती है. इसे देखते हुए सूट में विशेष ऑक्सीजन सिस्टम शामिल किया गया है. ऑक्सीजन सिलेंडर को भी अग्निरोधी टेक्सटाइल कवर से सुरक्षित किया गया है, जिससे अत्यधिक तापमान में भी उसकी सुरक्षा बनी रहती है.

कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए बेहतर
NITRA के महानिदेशक डॉ. एम. एस. परमार ने बताया कि यह सूट वस्त्र मंत्रालय के राष्ट्रीय तकनीकी वस्त्र मिशन के सहयोग से विकसित किया गया है. इसका उपयोग केवल दमकलकर्मियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि रक्षा क्षेत्र, तेल और गैस उद्योग, एयरोस्पेस, विमानन, बिजली संयंत्र और थर्मल उद्योगों में कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए भी किया जा सकेगा. NITRA ने अपने औद्योगिक सहयोगी System 5S Private Limited के साथ मिलकर इस सूट को विकसित किया है.

यह EN 1486 और ISO 15538 जैसे अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है और विदेशों में हुए परीक्षणों में भी सफल साबित हुआ है. विशेषज्ञों के अनुसार, भारत में ऐसे विशेष अग्निशमन सूटों की वार्षिक मांग लगभग एक हजार सेट है. ऐसे में यह स्वदेशी तकनीक न केवल देश की जरूरतों को पूरा करेगी, बल्कि आत्मनिर्भर भारत अभियान को भी नई मजबूती प्रदान करेगी.

About the Author

आर्यन सेठ

आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *