Last Updated:
NCR Dust Strom News: दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार शाम मौसम ने अचानक खौफनाक करवट ली. पूरा इलाका भीषण धूल भरी आंधी की चपेट में आ गया. आसमान में धूल का गुबार छा गया. मौसम विभाग ने बिगड़ते हालात को देखकर पूरे एनसीआर के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है. इस आंधी का सबसे ज्यादा खौफनाक असर उत्तर प्रदेश में देखने को मिला. इटावा में तूफान की रफ्तार इतनी तेज थी कि लोहे के भारी-भरकम छज्जे हवा में उड़कर 100 मीटर दूर जा गिरे, वहीं, जिला जज कैंपस में अनगिनत पेड़ जड़ से उखड़ गए.
11kmph Dust Strom: मंगलवार की शाम दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में रौद्र आंधी-तूफान की वजह से अफरा तफरी मच गई. नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली में 111 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलीं. दिल्ली और एनसीआर के आसमान धूल के गुबार से ढंक गए. मौसम विभाग (आईएमडी) ने खतरे की गंभीरता को भांपते हुए तत्काल पूरे दिल्ली-एनसीआर में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है. दिल्ली से सटे यूपी के इटावा सहित कई जिलों में इस तूफान ने जमकर तबाही मचाई है, जहां लोहे के भारी टीन शेड हवा में तिनके की तरह उड़ते नजर आए.
आईएमडी की ‘नाउकास्ट’ चेतावनी के अनुसार, धूल भरी आंधी के साथ-साथ दिल्ली के कई हिस्सों में बारिश की संभावना है. दक्षिण दिल्ली, दक्षिण-पूर्व, दक्षिण-पश्चिम, नई दिल्ली और उत्तर-पश्चिम दिल्ली में गंभीर गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश का अलर्ट है. वहीं, उत्तरी दिल्ली, मध्य दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली और शाहदरा के इलाकों में भी तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश होने की उम्मीद जताई गई है.
इटावा में तबाही: 100 मीटर दूर गिरे लोहे के छज्जे
तूफान का सबसे ज्यादा कहर उत्तर प्रदेश के इटावा में टूटा है. यहां हवा की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई घरों और इमारतों पर लगे लोहे के बड़े-बड़े छज्जे उखड़ गए और 100-100 मीटर की दूरी पर जाकर गिरे. सबसे डरावना मंजर इटावा के जिला जज कैंपस में दिखा, जहां बड़ी संख्या में विशालकाय पेड़ जड़ से उखड़कर जमीन पर धराशायी हो गए. पूरा कैंपस टूटे हुए पेड़ों की शाखाओं से पट गया है. हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस भयानक तूफान में अब तक किसी भी प्रकार की जनहानि की खबर नहीं है. स्थिति का जायजा लेने के लिए पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं.
यह ख़बर बिल्कुल अभी आई है और इसे सबसे पहले आप News18Hindi पर पढ़ रहे हैं. जैसे-जैसे जानकारी मिल रही है, हम इसे अपडेट कर रहे हैं. ज्यादा बेहतर एक्सपीरिएंस के लिए आप इस खबर को रीफ्रेश करते रहें, ताकि सभी अपडेट आपको तुरंत मिल सकें. आप हमारे साथ बने रहिए और पाइए हर सही ख़बर, सबसे पहले सिर्फ Hindi.News18.com पर…
