Last Updated:
दिल्ली के बुराड़ी इलाके में ड्रग्स केस की जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध ड्रग लैब का पता चला है. एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड की रेड के दौरान एक अफ्रीकी महिला ने कथित तौर पर बालकनी से छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस को फ्लैट के एक बंद कमरे से बड़ी मात्रा में केमिकल, बीकर, पाइप और अन्य उपकरण मिले हैं. शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि यहां ड्रग्स बनाने या उससे जुड़े कच्चे माल को रखने का काम किया जाता था. मामले की जांच जारी है.
दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक विदेशी महिला ने छत से कूद कर अपनी जान दे दी. (एआई प्रतीकात्म्क इमेज)
Crime News: दिल्ली के बुराड़ी इलाके में ड्रग्स तस्करी से जुड़े एक मामले की जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध ड्रग लैब का पता चला है. इस कार्रवाई के दौरान पुलिस की मौजूदगी में एक अफ्रीकी महिला की मौत भी हो गई है. जानकारी के मुताबिक, बुराड़ी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज एक मामले की जांच दिल्ली पुलिस की एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड कर रही थी. इसी मसले में पहले फ्रैंक डैशमंड नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है.
जांच को आगे बढ़ाते हुए एएनएस की टीम स्वरूप नगर इलाके में स्थित एक फ्लैट पर पहुंची. यहां से पुलिस ने रोमियो उर्फ स्काई नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया. उसके घर की तलाशी के दौरान करीब 30 ग्राम एमडीएमए और 1.5 ग्राम हेरोइन बरामद की गई. पूछताछ और जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि उसी इमारत की चौथी मंजिल पर दो अलग-अलग फ्लैटों में दो अफ्रीकी नागरिक रह रहे हैं. इनमें से एक फ्लैट में स्टेला पायस नाम की महिला रहती थी. पुलिस टीम जब उसके फ्लैट में पहुंची तो उसने बालकनी से छलांग लगा दी.
महिला को तुरंत बुराड़ी के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस का कहना है कि महिला ने पुलिस कार्रवाई के डर से यह कदम उठाया. इस बीच सामने वाले फ्लैट में रहने वाले अफ्रीकी नागरिक मार्टिन आरोन के पास से एक चाबी बरामद हुई. इस चाबी की मदद से स्टेला के फ्लैट में मौजूद एक बंद कमरे को खोला गया. कमरे के अंदर बड़ी मात्रा में केमिकल, बीकर, पाइप, बोरियां, इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीनें और अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं.
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में आशंका है कि इस कमरे का इस्तेमाल ड्रग्स तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल को रखने के लिए किया जा रहा था. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है. वहीं, अफ्रीकी महिला की मौत के मामले में मजिस्ट्रियल जांच शुरू हो गई है.
About the Author
Anoop Kumar Mishra is currently serving as Assistant Editor at News18 Hindi Digital, where he leads coverage of strategic domains including aviation, defence, paramilitary forces, international security affairs…और पढ़ें
