Last Updated:
Greater Noida News: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहली उड़ान लोगों को यादगार रही. यात्रियों ने न केवल अपनी यात्रा के अनुभव साझा किए, बल्कि एयरपोर्ट की सुविधाओं, बेहतर कनेक्टिविटी और प्रदेश के विकास से जुड़े अपने विचार भी व्यक्त किए.
ग्रेटर नोएडा: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहली व्यावसायिक उड़ान के पहुंचने के साथ ही एक नए अध्याय की शुरुआत हो गई. लखनऊ से आई पहली उड़ान के यात्रियों में इस ऐतिहासिक पल का हिस्सा बनने को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया. यात्रियों ने न केवल अपनी यात्रा के अनुभव साझा किए, बल्कि एयरपोर्ट की सुविधाओं, बेहतर कनेक्टिविटी और प्रदेश के विकास से जुड़े अपने विचार भी व्यक्त किए.
पहली उड़ान से नोएडा पहुंचीं यात्री मेधा ने बताया कि यह यात्रा उनके परिवार के लिए बेहद खास रही. उन्होंने कहा कि वह अपनी तीन वर्षीय बेटी के साथ सफर कर रही हैं और उनकी बेटी को विशेष रूप से पायलट की वेशभूषा पहनाकर लाया गया है.
परिवार के लिए यादगार लम्हा
मेधा ने मुस्कुराते हुए बताया कि उन्होंने और उनके पति ने अपनी बेटी को पायलट के रूप में देखने का सपना संजोया है. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में बेटी जो भी बनना चाहेगी, उसका फैसला वही करेगी, लेकिन आज उसे पायलट की ड्रेस में देखकर परिवार बेहद खुश है. पहली उड़ान का हिस्सा बनना उनके लिए यादगार अनुभव रहा.
परियोजना का सालों से था इंतजार
यात्री राजीव ने भी अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वह पिछले करीब पांच सालों से इस एयरपोर्ट के निर्माण कार्य पर नजर रखे हुए थे. उन्होंने बताया कि दिल्ली में रहने के बावजूद वह नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के विकास को लगातार फॉलो कर रहे थे और हमेशा यह जानने के लिए उत्सुक रहते थे कि यह परियोजना कब पूरी होगी.
राजीव ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि एयरपोर्ट इतना आधुनिक और आकर्षक होगा. उन्होंने बताया कि वह एक दिन पहले दिल्ली से लखनऊ गए थे और फिर पहली उड़ान से नोएडा पहुंचे. यात्रा इतनी सहज और तेज रही कि 40 से 50 मिनट का समय कब बीत गया, इसका एहसास तक नहीं हुआ. एयरपोर्ट पर पहुंचकर उन्हें बेहद अच्छा महसूस हुआ.
यात्रा आरामदायक, सुविधा बेहतर
एक अन्य यात्री आलोक ने भी यात्रा को शानदार अनुभव बताया. उन्होंने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचकर उन्हें बेहद खुशी हुई. उनके अनुसार, यात्रा आरामदायक रही और एयरपोर्ट की सुविधाएं उम्मीद से कहीं बेहतर दिखाई दीं. उन्होंने कहा कि उन्होंने कल्पना नहीं की थी कि पहला अनुभव इतना शानदार होगा.
नोएडा क्षेत्र के एक यात्री ने एयरपोर्ट की उपयोगिता पर जोर देते हुए कहा कि पहले उन्हें उड़ान पकड़ने के लिए दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट तक जाना पड़ता था, जिसमें काफी समय और मेहनत लगती थी. अब नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने से यात्रा काफी आसान हो जाएगी. उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट उनके घर के अपेक्षाकृत नजदीक है, जिससे समय की बचत होगी और यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी.
कप्तान की ओर से विशेष अनाउंसमेंट
यात्री गौरव ने भी अपनी यात्रा को सुखद बताते हुए कहा कि दिल्ली एयरपोर्ट तक पहुंचने में अक्सर ट्रैफिक और लंबी दूरी के कारण परेशानी होती थी, लेकिन नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचना काफी आसान रहा. उन्होंने कहा कि पूरी यात्रा का अनुभव बेहद सकारात्मक रहा और यह एयरपोर्ट भविष्य में लाखों यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित होगा. यात्रियों में केवल यात्रा की खुशी ही नहीं, बल्कि प्रदेश के विकास को लेकर गर्व की भावना भी दिखाई दी. एक यात्री ने बताया कि उड़ान के दौरान कप्तान की ओर से किया गया विशेष अनाउंसमेंट उन्हें काफी पसंद आया.
About the Author
आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.
