Last Updated:
अरविंद केजरीवाल ने भ्रष्टाचार के बड़े सिंडिकेट को लेकर केंद्र सरकार को कटघरे में खड़ा किया है. उन्होंने याद दिलाया कि वह पहले भी बोल चुके हैं कि पेपर लीक का यह पूरा धंधा अरबों-खरबों रुपये का है. इस काले धंधे से आने वाली अवैध कमाई का पैसा सीधे टॉप पर बैठे लोगों तक पहुंचता है. केजरीवाल ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि देश में राजनीतिक फायदे के लिए इतने जो सांसद और विधायक खरीदे जा रहे हैं, वह इसी पैसे की बदौलत खरीदे जा रहे हैं. यह युवाओं के भविष्य और पेपर लीक के काले पैसे का बड़ा खेल चल रहा है.
अरविंद केजरीवाल ने नीट पेपर लीक पर केंद्र सरकार को घेरा. (फाइल फोटो)
नई दिल्ली. आम आदमी पार्टी (आप) ने नीट पेपर लीक होने से रोकने के लिए वायुसेना के जहाज का इस्तेमाल के बाद अब टेलीग्राम को बैन करने पर केंद्र सरकार को आड़े हाथ लिया है. ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पेपर लीक रोकने के लिए पहले भारतीय वायुसेना के जहाज और अब टेलीग्राम बैन. यह सरकार पूरी तरह से कॉमेडी सर्कस बन गई है. इससे पेपर लीक कभी नहीं रुकेंगे. उन्होंने पूछा कि क्या पेपर लीक के धंधे से आने वाले पैसे का इस्तेमाल सांसदों और विधायकों को खरीदने के लिए किया जा रहा है? क्योंकि सरकार की पेपर लीक रोकने की नीयत ही नहीं है. अगर पूरी व्यवस्था बदलनी है तो जनता को सड़क पर आना पड़ेगा.
गुरुवार को सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर एक वीडियो जारी कर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सरकार ने पेपर लीक रोकने के लिए टेलीग्राम बैन कर दिया. क्या लोगों को यह सुनकर हंसी नहीं आती? पहले इन्होंने बोला कि हम पेपर को एयरफोर्स के हवाई जहाज से ट्रांसपोर्ट कराएंगे. अब कह रहे हैं कि टेलीग्राम बैन कर दिया. क्या इससे पेपर लीक रुकेंगे? इन्हें तो पेपर लीक रोकना ही नहीं है. इनकी नीयत ही खराब है.
अरविंद केजरीवाल ने याद दिलाया कि मैंने पहले ही बोला था कि पेपर लीक का धंधा अरबों-खरबों रुपए का है और इसका पैसा टॉप तक पहुंचता है. इतने जो सांसद और विधायक खरीदे खरीदे जा रहे हैं, यह किस पैसे से खरीदे जा रहे हैं? यह युवाओं के पेपर लीक के पैसे से ही तो खरीदे जा रहे हैं. अभी इन्होंने टीएमसी के ढेर सारे सांसद-विधायक खरीदे. अभी बता रहे हैं कि महाराष्ट्र में खूब खरीद रहे हैं. एक-एक सांसद को 50-50 करोड़ रुपए दे रहे हैं. तो ये ऐसे ही थोड़ी खरीदे जा रहे हैं.
अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि अगर पेपर लीक का यह धंधा बंद कर दिया, तो सांसद और विधायक खरीदने का पैसा कहां से आएगा? जब तक जनता मिलकर सड़कों पर नहीं उतरेगी, तब तक पेपर लीक बिल्कुल नहीं रुकने वाला है. यह पूरी व्यवस्था बदलनी पड़ेगी.
उधर, आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने एक्स पर कहा कि वाह भाई, ईडी पार्टी ग़ज़ब के जोकर हो यार तुम लोग, मतलब हद ही कर दी है. कभी वायु सेना से पेपर पहुँचाने की बात करते हो कभी टेलीग्राम बंद करके पेपर लीक ख़त्म करने की बात करते हो. आख़िर कितनी नौटंकी करोगे भाई?
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…और पढ़ें
