NEET अभ्यर्थियों की बल्ले-बल्ले, परीक्षा के लिए कई राज्यों में बस का सफर बिल्कुल मुफ्त, देखें लिस्ट

नई दिल्ली (NEET UG Re-Exam Free Bus Service). 21 जून को नीट यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा होगी. इस परीक्षा में शामिल होने के लिए देशभर के लाखों अभ्यर्थियों को एक शहर से दूसरे शहर और अलग-अलग जिलों में बने परीक्षा केंद्रों तक पहुंचना है. भीड़ और आर्थिक तनाव को कम करने के लिए कई राज्य सरकारों ने बेहद सराहनीय कदम उठाया है. परीक्षा के दिन अभ्यर्थियों को समय पर सेंटर पहुंचाने के लिए कई राज्यों में फ्री या रियायती बस सफर की घोषणा की गई है.

कुछ राज्यों में परीक्षार्थियों के साथ जाने वाले उनके माता-पिता या अभिभावकों के लिए भी मुफ्त यात्रा का इंतजाम किया गया है. लंबी दूरी तय करने वाले अभ्यर्थियों की सहूलियत के लिए रेलवे ने भी कुछ खास रूट्स पर स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है. अगर आप भी कल नीट यूजी परीक्षा देने वाले हैं तो जानिए, आपके राज्य की सरकार ने क्या खास इंतजाम किए हैं और मुफ्त सफर का फायदा उठाने के लिए आपको कौन-कौन से नियम मानने होंगे.

राज्यवार फ्री बस और ट्रेन सेवाओं की लिस्ट

नीट यूजी परीक्षा कल, 21 जून 2026 को होगी. 22 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने नीट यूजी के लिए रजिस्ट्रेशन करवाया है. उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई राज्यों ने फ्री बस और स्पेशल ट्रेन सर्विस शुरू की है.

यूपी में 14 हजार बसों का संचालन

उत्तर प्रदेश में योगी सरकार और प्रशासन नीट यूजी 2026 को लेकर अलर्ट मोड पर हैं. परिवहन विभाग ने प्रदेशभर में 14,250 से अधिक बसों के संचालन की व्यवस्था की है. इनमें से करीब 1,500 बसें विशेष रूप से परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए रिजर्व की गई हैं. अभ्यर्थियों को यूपी रोडवेज (UPSRTC) की बसों में किराये पर 50% की छूट दी जाएगी. छात्रों को बस में सिर्फ अपना वैध एडमिट कार्ड दिखाना होगा. परीक्षा केंद्र तक समय पर पहुंचाने के लिए अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं.

दिल्ली और आंध्र प्रदेश: एडमिट कार्ड के साथ फ्री यात्रा

देश की राजधानी दिल्ली में रहने वाले नीट अभ्यर्थी कल यानी 21 जून को दिल्ली परिवहन निगम (DTC) की बसों में बिल्कुल मुफ्त सफर कर सकते हैं. इसके लिए उन्हें बस कंडक्टर को अपना नीट यूजी एडमिट कार्ड दिखाना होगा.

आंध्र प्रदेश सरकार ने भी अपने यहां के अभ्यर्थियों के लिए APSRTC बसों में परीक्षा के दिन (21 जून) मुफ्त यात्रा की यही व्यवस्था लागू की है. यह सुविधा केवल परीक्षा वाले दिन के लिए ही मान्य होगी.

पंजाब और बिहार: गार्जियन को भी छूट और लग्जरी बसों का इंतजाम

पंजाब सरकार ने एक कदम आगे बढ़ाते हुए 20 जून से 22 जून तक पंजाब रोडवेज, PUNBUS और PRTC बसों में छात्रों के साथ-साथ उनके किसी एक अभिभावक या गार्जियन के लिए भी सफर पूरी तरह मुफ्त कर दिया है. वहीं बिहार सरकार ने सबसे शानदार इंतजाम किया है. बिहार के छात्र BSRTC की सभी बसों- चाहे वो AC हो, नॉन-एसी, डीलक्स, लग्जरी, इलेक्ट्रिक या महिलाओं के लिए खास पिंक बस हो, 20 जून से लेकर परीक्षा के एक दिन बाद तक मुफ्त सफर कर सकेंगे.

बिहार ट्रेन सेवा

नीट परीक्षा को ध्यान में रखते हुए पूर्व मध्य रेलवे 21.06.2026 को परीक्षा स्पेशल गाड़ी का परिचालन करेगी:

गाड़ी संख्या कहां से कहां तक प्रस्थान का समय
08603 रांची धनबाद 18:30
08631 रांची डालटनगंज 19:15
04208 वाराणसी पटना 17:45
03212 बक्सर पटना 06:30
03213 पटना बक्सर 18:20
03214 झाझा दानापुर 03:40
03215 दानापुर झाझा 18:15
03216 पटना गया 06:00
03211 पटना दरभंगा 04:30

ओडिशा और उत्तराखंड के नियम

ओडिशा में नीट यूजी अभ्यर्थियों को OSRTC बसों में एडमिट कार्ड के वेरिफिकेशन के बाद परीक्षा के दिन मुफ्त सफर की अनुमति मिलेगी. उत्तराखंड में यह लाभ केवल वहां के स्थायी निवासियों को मिलेगा, जो परीक्षा से दो दिन पहले से लेकर दो दिन बाद तक मान्य रहेगा.

राजस्थान और मध्य प्रदेश: स्पेशल बस और ट्रेन अलर्ट

राजस्थान सरकार ने भी नीट के लिए रोडवेज बसों में परीक्षार्थियों के लिए मुफ्त सफर का ऐलान किया है. छात्र परीक्षा केंद्र वाले शहर तक आने-जाने के लिए एडमिट कार्ड दिखाकर फ्री यात्रा कर सकते हैं. इसके अलावा, मध्य प्रदेश और राजस्थान के कुछ प्रमुख रेल रूट्स (जैसे कोटा, जयपुर, इंदौर और भोपाल) पर रेलवे ने छात्रों की भारी भीड़ को देखते हुए ‘नीट स्पेशल’ मेमू (MEMU) और एक्सप्रेस ट्रेनें चलाने का फैसला किया है. इससे छात्र बिना किसी देरी के समय पर अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंच सकेंगे.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *