Last Updated:
Noida Greater Noida Traffic Advisory: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य विशिष्ट महानुभावों के 27 जून को नोएडा व ग्रेटर नोएडा में प्रस्तावित कार्यक्रमों के मद्देनजर यातायात पुलिस गौतमबुद्धनगर ने एक विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. सुरक्षा और सुचारु यातायात के लिए नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे, यमुना एक्सप्रेसवे और दिल्ली से जुड़ने वाले बॉर्डर्स (चिल्ला, डीएनडी, कालिंदी कुंज) पर भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों का प्रवेश सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा. आम जनता के लिए कई रूट डायवर्ट किए गए हैं, जबकि आपातकालीन वाहनों को बिना रोक-टोक निकलने की अनुमति होगी.
कल दिल्ली से नोएडा या नोएडा से ग्रेटर नोएडा जाने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर पढ़ लें.
Noida Greater Noida Traffic Advisory Saturday: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और अन्य वीवीआईपी (VVIP) महानुभावों के 27 जून को नोएडा और ग्रेटर नोएडा में होने वाले आधिकारिक कार्यक्रमों को लेकर गौतमबुद्धनगर यातायात पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हो गई है. सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने और वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान सड़कों पर जाम की स्थिति से बचने के लिए पुलिस ने एक व्यापक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. पुलिस ने साफ किया है कि 27 जून को नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे, यमुना एक्सप्रेसवे और आसपास के मुख्य मार्गों पर आवश्यकतानुसार अल्प समय के लिए रूट डायवर्जन लागू रहेगा, इसलिए वाहन चालक वैकल्पिक रास्तों की जानकारी लेकर ही अपने सफर पर निकलें.
दिल्ली बॉर्डर पर मालवाहक वाहनों की नो-एंट्री
यातायात पुलिस के अनुसार, 27 जून को सुबह 07:00 बजे से लेकर रात 10:00 बजे तक दिल्ली से गौतमबुद्धनगर (नोएडा/ग्रेटर नोएडा) की सीमा में प्रवेश करने वाले सभी भारी मालवाहक (HGV), मध्यम मालवाहक (MGV) और हल्के मालवाहक (LGV) वाहनों के प्रवेश पर चिल्ला, डीएनडी और कालिंदी कुंज बॉर्डर से पूर्ण प्रतिबंध रहेगा.
चिल्ला बॉर्डर: यहां से आने वाले वाहन चिल्ला रेड लाइट से यू-टर्न लेकर एनएच-9/24, एनएच-91 और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे (EPE) के रास्ते आगे बढ़ेंगे.
डीएनडी बॉर्डर: डीएनडी से आने वाले वाहनों को टोल प्लाजा से यू-टर्न लेकर वैकल्पिक मार्ग अपनाने होंगे.
कालिंदी कुंज बॉर्डर: यहां से आने वाले वाहन भी एनएच-9/24, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और एनएच-91 के माध्यम से गंतव्य तक जा सकेंगे.
यमुना एक्सप्रेसवे और परी चौक का नया रूट प्लान
यमुना एक्सप्रेसवे और ग्रेटर नोएडा के प्रमुख चौराहों पर भी यातायात का विशेष प्रबंधन किया गया है. आगरा की ओर से आने वाले वाहनों को जरूरत पड़ने पर जेवर टोल से पहले ही अलीगढ़ की तरफ मोड़ दिया जाएगा. यदि एक्सप्रेसवे पर वाहनों का दबाव अधिक होता है, तो उन्हें जेवर कस्बे की ओर उतारकर सबीता अंडरपास, खुर्जा बाईपास और जहांगीरपुर के रास्ते भेजा जाएगा. इसके अलावा, परी चौक से आगरा की तरफ जाने वाले वाहन अल्फा कमर्शियल गोलचक्कर, मेट्रो डिपो गोलचक्कर, 130 मीटर रोड, सिरसा गोलचक्कर और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे होते हुए बुलंदशहर और अलीगढ़ की ओर जा सकेंगे.
🚨यातायात एडवाइजरी 🚨
यातायात हेल्पलाइन नं०–9971009001 pic.twitter.com/5BPIYYkQ57
