12 फीट से ऊंचे डीजे पर रोक…कांवड़ यात्रा के लिए गाजियाबाद में तैयारी पूरी, रूट के हर रेस्टोरेंट पर लगेगा बारकोड

Last Updated:

Kanwar Yatra Ghaziabad : इस बार 30 जुलाई से शुरू होकर 24 अगस्त तक चलने वाली कांवड़ यात्रा के दौरान करोड़ों श्रद्धालु गाजियाबाद से गुजरेंगे. इसे लेकर प्रशासन ने कमर कसना शुरू कर दिया है. जिलाधिकारी ने बताया कि सबसे पहले कांवड़ मार्ग को पूरी तरह गड्ढा मुक्त किया जाएगा. बरसात के मौसम को देखते हुए बिजली के पोलों पर प्लास्टिक कवर लगाए जा रहे हैं, ताकि करंट उतरने जैसी घटनाओं से बचाव किया जा सके. प्रशासन ने साफ कर दिया है कि गाजियाबाद में 12 फुट से अधिक ऊंचे डीजे को अनुमति नहीं दी जाएगी. भीड़ प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे.

गाजियाबाद. सावन का पवित्र महीना शुरू होने में अब कुछ ही दिन बाकी हैं. ऐसे में गाजियाबाद जिला प्रशासन ने कांवड़ यात्रा 2026 को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं. इस बार 30 जुलाई से शुरू होकर 24 अगस्त तक चलने वाली कांवड़ यात्रा के दौरान करोड़ों श्रद्धालुओं के गाजियाबाद से गुजरने की संभावना है. इसी को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस, पीडब्ल्यूडी, नगर निगम, बिजली विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग समेत सभी संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं. जिला अधिकारी रविंद्र कुमार ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कांवड़ मार्ग पर किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए.

PWD को पैसा मिला

जिला अधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि कांवड़ यात्रा को लेकर सभी विभागों के साथ लगातार बैठकें की जा रही हैं. सबसे पहले कांवड़ मार्ग को पूरी तरह गड्ढा मुक्त बनाने पर जोर दिया गया है. इसके लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) ने 1 करोड़ 20 लाख रुपये के बजट की मांग की थी जिसे मंजूरी मिल चुकी है. यात्रा के दौरान साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था भी प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी. नगर निगम को पूरे कांवड़ मार्ग पर नियमित सफाई के निर्देश दिए गए हैं. बिजली विभाग यह सुनिश्चित करेगा कि पूरे मार्ग पर पर्याप्त रोशनी रहे. बरसात के मौसम को देखते हुए बिजली के पोलों पर प्लास्टिक कवर लगाए जा रहे हैं, ताकि करंट उतरने जैसी घटनाओं से बचाव किया जा सके.

गाजियाबाद के मुरादनगर स्थित छोटा हरिद्वार घाट पर भी विशेष तैयारियां की जा रही हैं. यहां श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग की जाएगी और भीड़ प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे. घाट और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके. गाजियाबाद पुलिस भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सक्रिय है. कांवड़ मार्ग पर जगह-जगह बैरिकेडिंग, वॉच टावर और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. ट्रैफिक पुलिस भी अलग से तैनात रहेगी ताकि यात्रा के दौरान यातायात सुचारु बना रहे. पूरे कांवड़ मार्ग पर सीसीटीवी से निगरानी होगी.

डीजे संचालकों के साथ बैठक

डीजे को लेकर भी इस बार सख्ती बरती जाएगी. पुलिस अधिकारी लगातार डीजे संचालकों के साथ बैठक कर रहे हैं. प्रशासन ने साफ कर दिया है कि गाजियाबाद में 12 फुट से अधिक ऊंचे डीजे को अनुमति नहीं दी जाएगी. कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले होटल और रेस्टोरेंट पर खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से क्यूआर (बार) कोड लगाए जाएंगे. इन्हें स्कैन कर श्रद्धालु संचालक का नाम और खाने-पीने की वस्तुओं के निर्धारित दाम देख सकेंगे.

About the Author

Priyanshu Gupta

प्रियांशु गुप्‍ता बीते 10 साल से भी ज्यादा समय से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. 2015 में भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से जर्नलिज्म का ककहरा सीख अमर उजाला (प्रिंट, नोएडा ऑफिस) से अपने करियर की शुरुआत की. य…और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *