Noida News: नोएडा में बारिश के बाद सेक्टर-73 का हाल बेहाल, इमारत में दरार, 30 फीट सड़क धंसी

Last Updated:

Noida Latest News: नोएडा सेक्टर-73 में सड़क धंसने का मामला सामने आया है. नाला और ट्रांसफार्मर भी धंस गया है. नोएडा अथॉरिटी नाले का निर्माण करा रही थी. वहीं स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया है.

सड़क धंसने की तस्वीर

नोएडा: लगातार हुई भारी बारिश के बाद नोएडा के सेक्टर-73 स्थित सरफाबाद इलाके में सड़क धंस गई. यहां एक अंडर कंस्ट्रक्शन कमर्शियल प्रोजेक्ट (D-Mart) का निर्माण हो रहा है. सड़क के साथ-साथ नाला, ट्रांसफॉर्मर और निर्माणाधीन साइट का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया. वहीं पास में बना बारातघर भी झुकने की स्थिति में आ गया, जिसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर उसे बंद कर दिया गया है.

मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, लगातार बारिश के बाद निर्माण स्थल के बेसमेंट में बड़ी मात्रा में पानी भर गया. बताया जा रहा है कि यहां करीब 25 से 30 फीट गहरी खुदाई कर डबल बेसमेंट बनाया जा रहा था. पानी भरने और मिट्टी के कटाव के कारण आसपास की जमीन कमजोर पड़ गई, जिससे सड़क का करीब 25 से 30 फीट लंबा हिस्सा धंस गया.

ट्रांसफॉर्मर नीचे की ओर झुका
सड़क धंसने से निर्माण स्थल से सटा नाला भी टूट गया और वहां लगा ट्रांसफॉर्मर नीचे की ओर झुक गया. भूमिगत केबलों को भी नुकसान पहुंचा है. वहीं निर्माणाधीन इमारत की बाउंड्री वॉल में दरारें आ गईं और पास के प्लॉट पर चल रहे निर्माण कार्य को भी भारी नुकसान पहुंचा है.

क्या बोले स्थानीय लोग?
स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया. उनका कहना है कि उन्होंने कई बार नोएडा अथॉरिटी और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं हुई. लोगों का आरोप है कि यदि पहले ही आवश्यक कदम उठाए गए होते तो इतना बड़ा नुकसान नहीं होता.

इलाके में लगी बैरिकेडिंग
सड़क धंसने की सूचना मिलते ही इलाके को बैरिकेडिंग कर बंद कर दिया गया ताकि कोई वाहन या राहगीर दुर्घटना का शिकार न हो. मौके पर मिट्टी और रोड़ा डालकर गड्ढे को भरने का काम शुरू किया गया है. पुलिस और नोएडा अथॉरिटी के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया.

सड़क धंसने के पीछे की जांच कर रही अथॉरिटी
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि समय रहते इस मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो आसपास की अन्य इमारतों और सड़कों पर भी खतरा बढ़ सकता है. फिलहाल अथॉरिटी नुकसान का आकलन कर रही है और सड़क धंसने के कारणों की जांच की जा रही है.

About the Author

Abhijeet ChauhanSub-Editor

अभिजीत चौहान, News18 Hindi के डिजिटल विंग में सब-एडिटर हैं. वर्तमान में अभिजीत उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और वायरल ख़बरें कवरेज कर रहे हैं. AAFT कॉलेज से पत्रकारिता की मास्…और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *