Noida high tension wire accident: 11 हजार वोल्ट तार की चपेट में कैसे आए 5 लोग? शख्स ने बयां किया आंखों देखा मंजर, बताई पूरी घटना

Last Updated:

Noida News: यूपी के नोएडा स्थित छिजारसी गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का अचानक टूटकर लोगों पर जा गिरा, जिसकी चपेट में आने से कुल 5 लोग झुलस गए. आइए प्रत्यक्षदर्शियों से जानते हैं कि पूरी घटना क्या थी.

नोएडा: नोएडा के थाना सेक्टर-63 क्षेत्र के छिजारसी गांव में शनिवार शाम करीब 6:30 बजे बड़ा हादसा हो गया. 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का तार अचानक टूटकर सड़क पर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए. हादसे में दो युवतियां और तीन युवक घायल हुए हैं. घायलों में रवि चौधरी की हालत सबसे ज्यादा गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है. अन्य चार घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है. घटना के दौरान एक स्कूटी में भी आग लग गई. सूचना मिलते ही सेक्टर-63 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाकर मामले की जांच शुरू कर दी.

मोमोज खा रही है लड़कियां भी झुलसी
स्थानीय निवासी और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब गली में एक मोमोज की दुकान पर लोग मौजूद थे. पहले हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर एक स्कूटी पर गिरा, जिससे उसमें आग लग गई. इसके बाद तार वहां खड़े एक युवक और मोमोज खा रही दो लड़कियां भी चपेट में आ गई. हादसे में प्रिया, निधि, पवित्र, मुकेश और रवि चौधरी झुलस गए. स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया. रवि चौधरी की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल भेजा गया.

सेफ्टी तार न होने की वजह से हुआ हादसा
घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया. ग्रामीणों का कहना है कि पिछले करीब दस वर्षों से इलाके में पुरानी और जर्जर हाईटेंशन लाइन चल रही है, लेकिन इसे बदलने की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया. लोगों का आरोप है कि 11 हजार वोल्ट की लाइन के नीचे लगाए जाने वाले सुरक्षा (सेफ्टी) तार भी नहीं लगे हैं. यदि सुरक्षा तार होते तो मुख्य लाइन टूटने की स्थिति में वह सीधे जमीन पर नहीं गिरती और इतना बड़ा हादसा टाला जा सकता था. ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार अधिकारियों को शिकायत दी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई.

निवासियों ने उठाए सवाल
स्थानीय निवासी धन सिंह राणा, हन्नी और राजकुमार ने बताया कि हादसे के बाद अधिकारी मौके पर जरूर पहुंचे, लेकिन सामान्य दिनों में शिकायत करने पर कोई अधिकारी ध्यान नहीं देता. उनका आरोप है कि क्षेत्र में बिजली व्यवस्था पूरी तरह बदहाल है. जगह-जगह जर्जर तार लटके हुए हैं, छोटे क्षमता वाले ट्रांसफार्मरों पर अधिक लोड डाला जा रहा है और उनमें अक्सर आग लगने की घटनाएं होती रहती हैं. ग्रामीणों ने हाईटेंशन लाइन की तत्काल जांच, जर्जर तारों को बदलने, सुरक्षा तार लगाने और पूरे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था का ऑडिट कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह का कोई और बड़ा हादसा न हो.

About the Author

आर्यन सेठ

आर्यन सेठ, News18 Hindi में डिजिटल डेस्क पर जुड़े हैं और जनवरी 2026 से उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध, प्रशासन, वायरल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर खबरें लिखते हैं. जामिया मिलिया इस्लामिया दिल्ल…और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *