Last Updated:
highest opening partnership world record at lords in odi: इंग्लैंड के ओपनर्स जैकब बेथेल और बेन डकेट ने भारत के खिलाफ तीसरे वनडे में ऐतिहासिक कारनामा किया. लॉर्ड्स में खेले गए निर्णायक मुकाबले में दोनों ने इस मैदान पर वनडे में सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी का वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम किया. बेथेल-डकेट ने कैसे ही पहले विकेट के लिए 136वां रन जोड़ा, उन्होंने 46 साल पुराने विश्व रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया. 1980 में ज्योफ्री बॉयकॉट और पीटर विले ने 135 रन की ओपनिंग साझेदारी की थी.
जैकब बेथेल और बेन डकेट ने लॉर्ड्स में वनडे में की सबसे बड़ी ओपनिंग पार्टनरशिप.
नई दिल्ली. भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में निर्णायक वनडे मुकाबला खेला जा रहा है. टॉस जीतकर बैटिंग करने का फैसला करने के बाद इंग्लैंड के ओपनर्स जैकब बेथेल और बेन डकेट ने इतिहास रच दिया. भारतीय गेंदबाजों के पसीने छुड़ाते हुए इन दोनों बल्लेबाजों ने लॉर्ड्स में खूंटा गाड़ दिया. सलामी बल्लेबाजों के आगे भारतीय गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए. कप्तान शुभमन गिल और भारतीय गेंदबाजों की रणनीति इंग्लैंड के बेथेल और डकेट के आगे फ्लॉप साबित हुई. ओपनर्स ने न सिर्फ इंग्लैंड को दमदार शुरुआत दिलाई, बल्कि लॉर्ड्स में सबसे बड़ी ओपनिंग पार्टनरशिप का इतिहास भी बदल दिया.
लॉर्ड्स में सबसे बड़ी ओपनिंग पार्टनरशिप का वर्ल्ड रिकॉर्ड
ओपनिंग करने आए जैकब बेथेल और बेन डकेट ने जैसे ही 136वां रन जोड़ा, इस मैदान पर वनडे में पहले विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड बन गया. पहले यह रिकॉर्ड 46 साल पहले 1980 में ज्योफ्री बॉयकॉट और पीटर विले ने 135 रन जोड़कर अपने नाम किया हुआ था.
54 साल के वनडे इतिहास में पहली बार…
डकेट और बेथेल ने पहले विकेट के लिए 192 रन जोड़े. लॉर्ड्स के इतिहास में ऐसा पहली ऐसा हुआ है, जब सलामी बल्लेबाजों ने वनडे में 150 से ज्यादा रन की साझेदारी की है. इंग्लैंड की सलामी जोड़ी ने भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे मैचों में पहले विकेट के लिए सबसे बड़ी पार्टनरशिप का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया. पहले यह रिकॉर्ड जेसन रॉय और जांय बेयरस्टो के नाम था, जिन्होंने 2019 में ओपनिंग करते हुए 160 रन जोड़े थे.
इंग्लैंड के लिए सबसे बड़ी साझेदारी
डकेट और बेथेल भारत के खिलाफ वनडे मैचों में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी करने वाले बल्लेबाज भी बन गए. उन्होंने 2018 में जो रूट रूट और इयोन मॉर्गन के तीसरे विकेट के लिए जोड़े 186 रन के रिकॉर्ड को ध्वस्त किया. लॉर्ड्स के मैदान पर वनडे में डकेट और बेथेल के जोड़े 192 रन किसी भी विकेट के लिए चौथी सबसे बड़ी साझेदारी है.
31वें ओवर में भारत को मिला पहला विकेट
भारतीय गेंदबाजों को 30 ओवर तक विकेट के लिए तरसना पड़ा. 31वां ओवर लेकर आए प्रसिद्ध कृष्णा ने पहली गेंद पर जैकब बेथेल को चलता कर इंग्लैंड को पहला झटका दिया. बेथेल शतक चूक गए. उन्होंने 93 गेंदों में 91 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और दो छक्के शामिल रहे. दूसरी ओर, बेन डकेट ने वनडे करियर का अपना चौथा शतक पूरा किया.
About the Author
शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें
