Jantar Mantar CJP Protest से गाजियाबाद के हनी डागर की जिंदगी में मच गया भूचाल… काम-धंधा छोड़ घर में हुए कैद, जानें क्यों?

Last Updated:

Jantar Mantar CJP Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर प्रदर्शन का एक वायरल वीडियो अब गाजियाबाद के एक परिवार के लिए परेशानी का कारण बन गया है. वीडियो में दिख रहे युवक को सोशल मीडिया पर हनी डागर नाम से वायरल किया गया, जिसके बाद गाजियाबाद के हनी डागर और उनके परिवार को धमकियां मिलने लगीं. हनी डागर का दावा है कि वायरल वीडियो में दिख रहा शख्स वह नहीं हैं, लेकिन नाम एक जैसा होने की वजह से उनकी निजी जानकारी तक सोशल मीडिया पर फैला दी गई. डर के माहौल के बीच उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है.

गाजियाबाद: दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 जुलाई को हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़प का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ. वीडियो में सादे कपड़ों में लाठी चलाता दिखा एक युवक देखते ही देखते चर्चा का विषय बन गया. कुछ ही घंटों में सोशल मीडिया पर उस युवक का नाम हनी डागर बताते हुए उसकी फोटो, जिम का पता, गांव का पता, मोबाइल नंबर और दूसरी निजी जानकारियां भी वायरल कर दी गईं. लेकिन इस वायरल दावे के बीच गाजियाबाद के नंदग्राम निवासी और एडिक्शन जिम के संचालक हनी डागर सामने आए हैं. उनका कहना है कि वायरल वीडियो में दिख रहा व्यक्ति वह नहीं है. सिर्फ नाम एक जैसा होने की वजह से उन्हें और उनके पूरे परिवार को धमकियां मिल रही हैं, जिसके चलते परिवार डर के साए में जीने को मजबूर है.

गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र के भट्टा नंबर-5 स्थित एडिक्शन जिम के संचालक हनी डागर ने लोकल 18 से बातचीत में कहा कि सोशल मीडिया पर जिसे हनी डागर बताया जा रहा है, वह असल में वह नहीं हैं. उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो में दिखाई देने वाला युवक कोई और है, लेकिन लोगों ने सिर्फ नाम एक जैसा होने के कारण उनके जिम, घर और निजी जानकारी सोशल मीडिया से निकालकर वायरल कर दी.

सुबह सोकर उठे तो मिले हजारों धमकी भरे मैसेज
हनी डागर ने बताया कि 21 जुलाई की सुबह जब वह सोकर उठे तो उनके मोबाइल पर हजारों मैसेज आ चुके थे. इन मैसेजों में गाली-गलौज, अभद्र भाषा और धमकियां दी जा रही थीं. जब उन्होंने पूरे मामले की जानकारी जुटाई तो पता चला कि दिल्ली के प्रदर्शन में लाठीचार्ज करते हुए दिखाई देने वाले युवक को सोशल मीडिया पर उनका नाम देकर प्रचारित किया जा रहा है. हनी का कहना है कि वह दिल्ली में हुए किसी भी प्रदर्शन में शामिल नहीं हुए और उनका या उनके परिवार का कोई भी सदस्य दिल्ली पुलिस में नहीं है. इसके बावजूद 21 जुलाई से लगातार उनके मोबाइल पर धमकी भरे कॉल और मैसेज आ रहे हैं.

डर के साए में परिवार, बच्चे का स्कूल जाना और जिम बंद
इतना ही नहीं, उनके पिता के मोबाइल पर भी धमकियां दी जा रही हैं. उनकी पत्नी और छोटे बेटे के लिए भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है. हनी डागर ने बताया कि उनके परिवार में पत्नी, छोटा बेटा, माता-पिता, छोटा भाई और भाई की पत्नी हैं. लगातार मिल रही धमकियों के कारण उन्होंने अपने बेटे को स्कूल भेजना बंद कर दिया है. परिवार के सभी सदस्य घर में रहने को मजबूर हैं. उन्होंने अपना जिम भी फिलहाल बंद कर दिया है और सोशल मीडिया के कई अकाउंट भी डिलीट कर दिए हैं.

पुलिस, साइबर सेल में शिकायत, सख्त कार्रवाई की मांग
हनी का कहना है कि पूरा परिवार पिछले तीन दिनों से डर के साए में जी रहा है. हर समय किसी अनहोनी का डर बना रहता है. उन्होंने इस पूरे मामले की शिकायत गाजियाबाद के नंदग्राम थाने, साइबर सेल और क्राइम ब्रांच में लिखित रूप से दी है. शिकायत के बाद गाजियाबाद पुलिस ने उन्हें सुरक्षा उपलब्ध कराई है. अब हनी डागर की मांग है कि सोशल मीडिया पर उनकी निजी जानकारी साझा करने वालों और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि उनके परिवार को सामान्य जीवन जीने का मौका मिल सके.

About the Author

Seema Nath

सीमा नाथ 6 साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शाह टाइम्स में रिपोर्टिंग के साथ की जिसके बाद कुछ समय उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम …

और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *