अभिषेक शर्मा बाहर, वैभव सूर्यवंशी के साथ प्रभसिमरन सिंह करेंगे ओपनिंग? जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 के लिए भारत की संभावित प्लेइंग XI

नई दिल्ली. भारत और जिम्बाब्वे की टीमें तीन मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में जब हरारे स्पोर्ट्स क्लब में 25 जुलाई को आमने-सामने होंगी, तो भारतीय टीम का इरादा सीरीज पर अजेय कब्जा जमाने का होगा. नए कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुआई में युवा ब्रिगेड ने पहले मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की थी, और अब उनकी नजरें बतौर कप्तान अपनी पहली सीरीज ट्रॉफी उठाने पर टिकी हैं. पहले मुकाबले की शानदार जीत के बाद मैनेजमेंट का ध्यान अब टीम के सही संतुलन और वर्कलोड मैनेजमेंट पर है. ऐसे में दूसरे टी20 में भारत की प्लेइंग-11 में एक बड़े बदलाव की संभावना नजर आ रही है.

टीम इंडिया के स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) पिछले कुछ समय से अपनी लय की तलाश में हैं. हालिया फॉर्म पर नजर डालें तो पिछली पांच पारियों में वे महज 73 रन ही बना पाए हैं. टी20 वर्ल्ड कप में भी उनका बल्ला शांत रहा था, और जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज के पहले मैच में भी वे 8 गेंदों में केवल 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए थे. हालांकि जिम्बाब्वे की सरजमीं पर उनका अतीत में रिकॉर्ड काफी शानदार रहा है, लेकिन मौजूदा फॉर्म चिंता का विषय बनी हुई है.

इसके अलावा, सबसे अहम पहलू उनकी फिटनेस और वर्कलोड है. पहले टी20 मैच के दौरान अभिषेक शर्मा को मामूली चोट (इंजरी) लगी थी, जिसके कारण वे करीब 15 ओवरों तक मैदान से बाहर रहे थे. हालांकि, वे मैच के अंतिम ओवरों में फील्डिंग के लिए लौटे और बाद में बल्लेबाजी भी की, लेकिन एहतियात के तौर पर और लंबे सीजन को देखते हुए मैनेजमेंट उन्हें दूसरे मैच में आराम दे सकता है.

अभिषेक के स्थान पर प्रभसिमरन सिंह (Prabhsimran Singh) को अंतरराष्ट्रीय डेब्यू का मौका मिल सकता है. प्रभसिमरन को शामिल करने के कई बड़े फायदे हैं. युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी के साथ अगर प्रभसिमरन सिंह ओपनिंग करते हैं, तो टीम को एक आदर्श दाएं और बाएं हाथ का ओपनिंग कॉम्बिनेशन मिलेगा, जो जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की लाइन-लेंथ बिगाड़ने में मददगार साबित हो सकता है. प्रभसिमरन पॉवरप्ले का पूरा फायदा उठाने के लिए जाने जाते हैं, जिससे भारत को तेज शुरुआत मिल सकती है.

अशोक शर्मा पर भरोसा बरकरार रहने की उम्मीद
गेंदबाजी विभाग की बात करें तो पहले टी20 में डेब्यू करने वाले तेज गेंदबाज अशोक शर्मा का प्रदर्शन मिला-जुला रहा था. उन्होंने अपने 4 ओवरों के कोटे में 29 रन खर्च किए थे, लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिली थी. इसके बावजूद, दूसरे मुकाबले में उन्हें ड्रॉप किए जाने की संभावना बेहद कम है. भारतीय टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर, हेड कोच और सपोर्ट स्टाफ का स्पष्ट रुख रहा है कि वे नए और युवा खिलाड़ियों को खुद को साबित करने के पूरे मौके देते हैं और उन्हें बैक करते हैं. ऐसे में अशोक शर्मा को अपनी गेंदबाजी में धार दिखाने का एक और मौका मिलना लगभग तय माना जा रहा है.

मिडिल ऑर्डर और बॉलिंग यूनिट में कोई बदलाव नहीं
भारतीय टीम का मध्यक्रम बेहद मजबूत और संतुलित नजर आ रहा है. टीम के पास अनुभवी और आक्रामक बल्लेबाजों का बेहतरीन मिश्रण है. विकेटकीपर बल्लेबाज इशान किशन और कप्तान श्रेयस अय्यर पारी को संभालने और गति देने का काम करेंगे. तिलक वर्मा, ऑलराउंडर शिवम दुबे और टी20 के बेहतरीन फिनिशर रिंकू सिंह लोअर-मिडिल ऑर्डर को विस्फोटक मजबूती प्रदान करते हैं.

गेंदबाजी आक्रमण की बात करें तो स्पिन विभाग की कमान रवि बिश्नोई के हाथों में होगी, जो अपनी गुगली से मेजबान बल्लेबाजों को लगातार परेशान कर रहे हैं. वहीं तेज गेंदबाजी विभाग में मयंक यादव की अपनी तूफानी गति से प्रभाव छोड़ेंगे, जबकि प्रिंस यादव और अशोक शर्मा उनका साथ निभाएंगे. ऑलराउंडर शिवम दुबे भी मध्यम गति की तेज गेंदबाजी का बेहतरीन विकल्प देते हैं.

दूसरे टी20 के लिए भारत की संभावित प्लेइंग-11
वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह, इशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, रवि बिश्नोई, प्रिंस यादव, अशोक शर्मा, मयंक यादव.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *