Last Updated:
उत्तर प्रदेश के तेज गेंदबाज यश दयाल ने अपनी घरेलू टीम को छोड़ने का फैसला किया है. यश दयाल अब छत्तीसगढ़ के लिए खेलेंगे. यश दयाल यूपी क्रिकेट से अपने एनओसी का इंतजार कर रहे हैं. यश दयाल का रेप केस में नाम आने के बाद 2025 से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में हिस्सा नहीं लिया है. यश दयाल के साथ जयंत यादव और धर्मेंद्र सिंह जडेजा ने छत्तीसगढ़ से खेलने का फैसला किया है.
विराट कोहली के साथ यश दयाल
नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के तेज गेंदबाज यश दयाल ने आगामी घरेलू सीजन से पहले अपनी टीम बदल ली है. यश दयाल अब छत्तीसगढ़ के लिए घरेलू क्रिकेट में मैदान पर उतरेंगे. क्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक यश दयाल यूपी क्रिकेट से एनओसी मिलने का इंतजार कर रहे हैं. सिर्फ इतना ही नहीं, यश दयाल कर्नाटक के आलूर में छत्तीसगढ़ के प्री-सीजन कैंप से भी जुड़ चुके हैं.
यश दयाल आईपीएल 2025 के फाइनल के बाद से किसी भी प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में नहीं खेले हैं. इसके पीछे का कारण उन पर लगे यौन उत्पीड़न से जुड़ा मामला था. हालांकि इसके बावजूद उनकी आईपीएल टीम ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को अगले सीजन के लिए रिटेन किया था, लेकिन वह टीम से नहीं जुड़े थे और पूरे सीजन से बाहर रहे. आरसीबी के क्रिकेट निदेशक मो बोबट ने कहा था कि “उनकी व्यक्तिगत स्थिति को देखते हुए दयाल या आरसीबी दोनों के हित में उन्हें टीम में रखना सही नहीं था.”
यूपी टी20 लीग से कटा यश दयाल का पत्ता
बता दें कि यश दयाल का यूपी की घरेलू टीम छोड़ने के पीछे का यूपी टी20 लीग माना जा रहा है. यश दयाल को अगस्त से शुरू होने वाले आगामी यूपी टी20 लीग के लिए गोरखपुर लायंस ने रिटेन किया था और उन्होंने ऑफ-सीजन के दौरान फ्रेंचाइजी के रिटेन किए गए खिलाड़ियों के साथ ट्रेनिंग भी शुरू कर दी थी, लेकिन, शुक्रवार को नीलामी के बाद फ्रेंचाइजी द्वारा घोषित 18 सदस्यीय टीम में दयाल शामिल नहीं थे.
माना जा रहा है कि दयाल को पहले ही इसके बारे में पता चल गया था. यही कारण है कि उन्होंने छत्तीसगढ़ जाने का फैसला किया. बीसीसीआई के नियम किसी भी खिलाड़ी को दूसरे राज्य में जाने के लिए एनओसी लेने के बाद भी अपने गृह राज्य की टी20 लीग में खेलने से नहीं रोकते हैं.
जयंत और जडेजा ने भी छोड़ी अपनी टीम
यश दयाल के अलावा छत्तीसगढ़ के प्री-सीजन कैंप में भारत के ऑफ स्पिनर जयंत यादव और सौराष्ट्र के ऑलराउंडर धर्मेंद्रसिंह जडेजा भी शामिल हुए हैं. जयंत ने पिछले घरेलू सत्र में पुडुचेरी का प्रतिनिधित्व किया था. छत्तीसगढ़ ने भारत के पूर्व बल्लेबाज अमेय खुरासिया को अपना मुख्य कोच नियुक्त किया है और आलूर में चल रहा कैंप उन्हीं की देखरेख में आयोजित हो रहा है.
About the Author
जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. इस वक्त नेटवर्क 18 समूह में हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, ह…
और पढ़ें
