Last Updated:
Australia vs Pakistan 2nd ODI Highlights: ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए जोश इंग्लिस और कैमरन ग्रीन की अर्धशतकीय पारियों से 9 विकेट के नुकसान पर 231 रन का स्कोर बनाया था. लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की बल्लेबाजी बिखरती नजर आई. शादाब खान और अराफात मिन्हास ने टीम को जीत दिलाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं रहे. नाथन एलिस और मैथ्यू शॉर्ट की घातक गेंदबाजी ने पाकिस्तान को 190 रन पर ढेर कर 41 रन से जीत दर्ज कर ली.
ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे वनडे में पाकिस्तान को हराया.
नई दिल्ली. ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान को दूसरे वनडे में 41 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली है. पहला मुकाबला पाकिस्तान ने 5 विकेट से अपने नाम किया था. लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए इस दूसरे वनडे में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था. ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत खराब रही. बावजूद इसके पाकिस्तानी गेंदबाजों की कसी हुई गेंदबाजी के सामने ऑस्ट्रेलियाई टीम निर्धारित 50 ओवरों में 9 विकेट खोकर 231 रन तक पहुंच गई. जवाब में पाकिस्तानी टीम की बल्लेबाजी का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा. पूरी टीम 44 ओवरों में महज 190 रनों पर सिमट गई. ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों के सामने पाकिस्तान का टॉप ऑर्डर पूरी तरह ताश के पत्तों की तरह ढह गया.
ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत रही खराब
गद्दाफी स्टेडियम की पिच पर ऑस्ट्रेलियाई टीम को मैच की पहली ही गेंद पर तगड़ा झटका लगा. ओपनर एलेक्स कैरी बिना खाता खोले (0) शाहीन अफरीदी की गेंद पर बोल्ड हो गए. इसके बाद मैथ्यू शॉर्ट (15 रन) और मार्नस लाबुशेन (5 रन) भी सस्ते में पवेलियन लौट गए, जिससे ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 10.4 ओवर में 51 रन पर 3 विकेट हो गया.
इंग्लिस-ग्रीन ने अर्धशतक ठोक संभाला
खराब शुरुआत के बाद कप्तान जोश इंगलिस और कैमरन ग्रीन ने मोर्चा संभाला. जोश इंगलिस ने 74 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 51 रन की कप्तानी पारी खेली. वहीं, कैमरन ग्रीन ने क्रीज पर लंबा वक्त बिताया और 92 गेंदों में 1 चौके और 2 छक्कों की मदद से 53 रन बनाए. इन दोनों के अलावा मैट रेनशॉ ने तेजी से 43 गेंदों में 43 रन और निचले क्रम में ओलिवर पीक ने 32 गेंदों में 31 रनों का उपयोगी योगदान दिया, जिसकी बदौलत ऑस्ट्रेलिया 230 का आंकड़ा पार करने में सफल रहा. पाकिस्तान के गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी की. कप्तान शाहीन अफरीदी ने शुरुआत और आखिरी ओवरों में घातक गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके. स्पिनर अराफात मिन्हास बेहद किफायती रहे. उन्होंने 10 ओवर में केवल 27 रन देकर 2 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए. उनके अलावा अबरार अहमद और हारिस रऊफ को भी 2-2 विकेट मिले.
शुरुआत से ही लड़खड़ाई पाकिस्तान की पारी
टारगेट का पीछा करते हुए पाकिस्तान की शुरुआत भी खराब रही. सलामी बल्लेबाज साहबजादा फरहान सिर्फ 3 रन बनाकर मैथ्यू कुहनेमैन का शिकार बने, जबकि माज सदाकत बिना खाता खोले (0) नाथन एलिस की गेंद पर बोल्ड हो गए. स्टार बल्लेबाज बाबर आजम से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वे भी 16 गेंदों में 16 रन बनाकर नाथन एलिस की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हो गए. इसके बाद विकेटकीपर गाजी गोरी ने 37 रनों (5 चौके) की पारी खेलकर थोड़ा संघर्ष दिखाया, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें साथ नहीं मिला. सलमान आगा (7 रन) और अब्दुल समद (2 रन) को मैथ्यू शॉर्ट ने सस्ते में पवेलियन भेजकर पाकिस्तान की कमर तोड़ दी.
नाथन एलिस-शॉर्ट कहर बनकर टूटे
पाकिस्तान ने अपने 6 विकेट 78 रन पर गंवा दिए थे. इसके बाद अनुभवी शादाब खान और युवा अराफात मिन्हास ने मिलकर पारी को संभाला. शादाब खान ने कप्तानी पारी खेलते हुए सबसे ज्यादा 71 रन बनाए, जिसमें उन्होंने 104 गेंदों का सामना किया और 3 शानदार छक्के व 1 चौका लगाया. अराफात मिन्हास ने भी उनका अच्छा साथ दिया और 33 रनों का योगदान दिया. हालांकि, इन दोनों का योगदान भी पाकिस्तान को जीत तक नहीं पहुंचा सका. आखिरी ओवरों में कप्तान शाहीन अफरीदी ने 11 रन बनाए, जबकि हारिस रऊफ बिना खाता खोले आउट हुए. अबरार अहमद 0 पर नाबाद रहे. ऑस्ट्रेलिया की तरफ से तेज गेंदबाज नाथन एलिस सबसे सफल रहे. उन्होंने 9 ओवर में 33 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए. स्पिनर मैथ्यू शॉर्ट ने भी बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट अपने नाम किए.
About the Author
शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें
