शेफ बनना चाहते थे धनुष, किस्मत ने बना दिया ग्लोबल सुपरस्टार, जानिए साउथ के 'कुंदन' की इंस्पायरिंग कहानी

Last Updated:

एक समय शेफ बनने का सपना देखने वाले धनुष आज भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े और वर्सटाइल ग्लोबल सुपरस्टार्स में से एक हैं. आज उनके जन्मदिन के खास मौके पर जानिए कैसे एक सीधे-सादे लड़के ने अपनी बेमिसाल अदाकारी के दम पर साउथ से लेकर बॉलीवुड और हॉलीवुड तक का सफर तय किया.

नई दिल्ली: आज भारतीय सिनेमा के उस सुपरस्टार का जन्मदिन है, जिसे देखकर पहली नज़र में कोई सोच भी नहीं सकता था कि यह लड़का एक दिन हॉलीवुड तक अपना डंका बजाएगा. हम बात कर रहे हैं धनुष की, जो आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं. बिना किसी भारी-भरकम बॉडी या ग्लैमरस लुक के, सिर्फ और सिर्फ अपनी बेमिसाल अदाकारी के दम पर उन्होंने करोड़ों लोगों के दिलों में अपनी जगह बनाई है.

शेफ बनने का था सपना

तमिलनाडु के मशहूर डायरेक्टर और प्रोड्यूसर कस्तूरी राजा के घर जन्मे धनुष का असली नाम वेंकटेश प्रभु कस्तूरी राजा है. कम ही लोग जानते हैं कि धनुष कभी एक्टर बनना ही नहीं चाहते थे, उनका मन तो एक शेफ बनने का था. लेकिन अपने पिता और भाई सेल्वाराघवन के ज़िद करने पर उन्होंने कैमरे के सामने कदम रखा. साल 2002 में आई फिल्म तुल्लुवधो इलमई से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की और पहली ही फिल्म से दर्शकों को अपनी एक्टिंग का मुरीद बना लिया.

कोलावेरी डी ने पूरी दुनिया को नचाया

साल 2011 में आई फिल्म 3 का गाना व्हाई दिस कोलावेरी डी तो आपको याद ही होगा. इस गाने को खुद धनुष ने ही लिखा और गाया था. यह गाना रातों-रात ऐसा वायरल हुआ कि भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में हर ज़ुबान पर चढ़ गया. इसके बाद आई फिल्म वेलाईइल्ला पट्टाधारी यानी वीआईपी में एक बेरोज़गार इंजीनियर का किरदार निभाकर उन्होंने देश के हर युवा के दिल को छू लिया. इस फिल्म की जबरदस्त कामयाबी के बाद इसका दूसरा पार्ट भी बनाया गया था.

बॉलीवुड से हॉलीवुड तक जमाई अपनी धाक

तमिल सिनेमा में अपना परचम लहराने के बाद धनुष ने साल 2013 में आनंद एल. राय की फिल्म रांझणा से बॉलीवुड में एंट्री मारी. कुंदन के किरदार में उन्होंने ऐसी जान फूंकी कि हर कोई उनका कायल हो गया. इसके बाद अतरंगी रे और शमिताभ जैसी फिल्मों में भी उनकी एक्टिंग की जमकर तारीफ हुई. धनुष सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रहे, उन्होंने हॉलीवुड फिल्म द एक्स्ट्राऑर्डिनरी जर्नी ऑफ द फकीर और नेटफ्लिक्स की बड़ी एक्शन फिल्म द ग्रे मैन में काम करके इंटरनेशनल लेवल पर भी अपनी पहचान बनाई.

सिर्फ एक्टर नहीं, ऑल-राउंडर हैं धनुष

धनुष सिर्फ पर्दे के आगे ही कमाल नहीं दिखाते, बल्कि पर्दे के पीछे भी उनका हुनर दिखता है. वे एक बेहतरीन एक्टर होने के साथ-साथ शानदार सिंगर, राइटर और डायरेक्टर भी हैं. उन्होंने फिल्म पा पांडी से डायरेक्शन में कदम रखा था और अपनी कंपनी वंडरबार फिल्म्स के बैनर तले कई बेहतरीन फिल्मों को बनाया भी है.

झोली में आ चुके हैं कई नेशनल अवॉर्ड्स

धनुष की बेहतरीन अदाकारी का सबूत उनकी फिल्में और अवॉर्ड्स देते हैं. उन्हें आडुकलम और असुरन जैसी शानदार फिल्मों के लिए बेस्ट एक्टर का नेशनल अवॉर्ड मिल चुका है. इसके अलावा बतौर प्रोड्यूसर भी उनकी फिल्मों काका मुत्तै और विशारनाई को नेशनल अवॉर्ड से नवाजा जा चुका है.

अगर पर्सनल लाइफ की बात करें तो धनुष ने साल 2004 में रजनीकांत की बेटी ऐश्वर्या से शादी की थी और उनके दो बेटे हैं जिनका नाम यात्रा और लिंगा है. हालांकि अब धनुष और ऐश्वर्या की राहें अलग हो चुकी हैं. आज उनके जन्मदिन के इस खास मौके पर पूरा सिनेमा जगत और उनके लाखों फैंस उन्हें ढेर सारा प्यार और बधाइयां दे रहे हैं!

About the Author

गार्गी द्विवेदीSub Editor

मैं इस समय News18 App टीम का हिस्सा हूं. News18 App पर आप आसानी से अपनी मनपसंद खबरें पढ़ सकते हैं. मुझे खबरें लिखने का 3 साल से ज्यादा का अनुभव है और फिलहाल मैं सब एडिटर के पद पर हूं.

इससे पहले मैंने, दैनिक …

और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *