Last Updated:
first ball six on odi debut: इंटरनेशनल क्रिकेट में किसी भी फॉर्मेट का पहला मैच हर खिलाड़ी के लिए खास होता है, लेकिन कुछ खिलाड़ी अपने डेब्यू को ऐसे अंदाज में यादगार बना देते हैं कि उनका नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज हो जाता है. वनडे करियर पहली ही गेंद पर छक्का लगाना ऐसा ही एक दुर्लभ कारनामा है, जिसे अब तक दुनिया के चुनिंदा बल्लेबाज ही कर पाए हैं. हैरानी की बात यह है कि इस खास क्लब में भारत से केवल एक ही नाम शामिल है, जिन्होंने अपने वनडे करियर की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ने का कारनामा किया. चलिए आपको इस स्टार के बारे में बताते हैं.
वनडे क्रिकेट के 50 साल से ज्यादा लंबे इतिहास में अब तक सिर्फ छह बल्लेबाज ही अपने करियर की पहली गेंद पर छक्का लगाने का रिकॉर्ड नाम कर पाए हैं. भारत की ओर से यह उपलब्धि हासिल करने वाले इकलौते खिलाड़ी विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन हैं.
ईशान किशन ने 18 जुलाई 2021 को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ अपना वनडे डेब्यू किया. भारत की यह एक युवा टीम थी, जिसकी कप्तानी शिखर धवन कर रहे थे. नंबर-3 पर बल्लेबाजी के लिए उतरे ईशान ने अपने वनडे करियर की पहली ही गेंद पर बड़ा शॉट खेलकर इस स्पेशल रिकॉर्ड बुक में जगह बना ली.
श्रीलंका के स्पिनर धनंजय डी सिल्वा की गेंद पर ईशान आगे बढ़कर शॉट खेला और गेंद को सीधे लॉन्ग ऑन के ऊपर से छक्के के लिए भेज दिया. ईशान किशन ने वनडे करियर का आगाज छक्के से करके यह साबित किया कि वह इंटरनेशनल क्रिकेट में बड़ा धमाका करने आए हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
पहली गेंद पर छक्का लगाने के बाद ईशान यहीं नहीं रुके. उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखते हुए सिर्फ 42 गेंदों में 59 रन बनाए. उनकी इस पारी में 8 चौके और 2 छक्के शामिल रहे. डेब्यू वनडे में उनका स्ट्राइक रेट 140.47 का रहा. रन चेज में ईशान की यह पारी आई, जिसने भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई.
वनडे करियर की पहली ही गेंद पर छक्का लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट बेहद छोटी है. अब तक यह रिकॉर्ड सिर्फ छह खिलाड़ियों के ही नाम है. दक्षिण अफ्रीका के जोहान लॉउ, भारत के ईशान किशन, कनाडा के जवाद दाऊद, स्कॉटलैंड के क्रेग वालेस, जिम्बाब्वे के रिचर्ड नगारावा और दक्षिण अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस ने ऐसा किया है.
ईशान किशन के वनडे करियर की बात करें तो उन्होंने अब तक भारत के लिए इस फॉर्मेट में 32 मैच खेले हैं. इस दौरान उन्होंने 28 पारियों में 1107 रन बनाए हैं. उनका बल्लेबाजी औसत 42.57 और स्ट्राइक रेट 107.05 का रहा है. उनके नाम वनडे क्रिकेट में 2 शतक और 7 अर्धशतक दर्ज हैं. इसके अलावा वह 113 चौके और 17 छक्के भी लगा चुके हैं.
ईशान किशन का वनडे करियर सिर्फ इस छक्के से आगाज तक ही सीमित नहीं है. उन्होंने दिसंबर 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ 210 रन की ऐतिहासिक पारी खेली थी. वह वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले भारत के चुनिंदा बल्लेबाजों में शामिल हैं. इस पारी के दौरान ईशान ने सबसे तेज वनडे दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया जो अभी भी कायम है.
