जहां से पढ़े MS धोनी, वहां से निकला हिंद का एक और सितारा, 7 साल के बच्चे ने रच दिया इतिहास

Last Updated:

झारखंड के जवाहर विद्या मंदिर, श्यामली जहां भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने पढ़ाई की थी. इस स्कूल ने एक और हीरा देश को दिया है. महज 7 साल के ईशांक सिंह ने सबसे कम उम्र में पलक स्ट्रेट पार कर इतिहास रच दिया. उन्होंने श्रीलंका से भारत तक 29 किलोमीटर की खुली समुद्री तैराकी 9 घंटे 50 मिनट में पूरी की.

झारखंड के सात वर्षीय ईशांक सिंह ने सबसे कम उम्र में पलक स्ट्रेट पार करने का रिकॉर्ड बनाया

नई दिल्ली. झारखंड के सात साल के ईशांक सिंह ने सबसे कम उम्र में पलक स्ट्रेट पार करने का रिकॉर्ड बना लिया है. उन्होंने 30 अप्रैल को श्रीलंका से भारत तक 29 किलोमीटर की खुली समुद्री तैराकी 9 घंटे 50 मिनट में पूरी की. इस उपलब्धि को यूनिवर्सल रिकॉर्ड्स फोरम (URF) ने मान्यता दी है और उन्हें ‘सबसे कम उम्र और सबसे तेज पलक स्ट्रेट तैराक’ घोषित किया है.

श्रीलंका के तलाईमन्नार से तमिलनाडु के धनुषकोडी तक की तैराकी को सबसे मुश्किल चैलेंज माना जाता है. यहां तेज धाराएं और अनिश्चित समुद्री हालात होते हैं. ईशांक जब सिर्फ तीन साल का था तब से उनकी मां मनीषा सिन्हा ने बेटे के लिए कड़ी मेहनत शुरू कर दी थी. उन्होंने इंडियन एक्सप्रेस से बताया, “उसे बचपन से ही तैराकी का शौक था. जब वह चीजें समझना भी नहीं जानता था, तब भी वह पूल में जाने की जिद करता था.”

ईशांक ने रांची में धुर्वा डैम में पिछले छह महीने लगातार प्रैक्टिस किया. वह रोजाना 10 से 15 किलोमीटर तक पांच घंटे तैरता था. उसकी मां ने बताया, “कड़ाके की सर्दी में भी, जब पानी का तापमान 13-14 डिग्री सेल्सियस तक गिर जाता था, तब भी वह प्रैक्टिस करता था. बाकी बच्चे पानी में नहीं उतरते थे, लेकिन वह लगातार तैरता रहा.”

सुबह-सुबह की शुरुआत

परिवार 29 अप्रैल को नाव से श्रीलंका पहुंचा और तैराकी से पहले रात वहीं बिताई. तैराकी की शुरुआत सुबह 2 बजे होनी थी, लेकिन मौसम खराब होने के कारण देर हो गई. मनीषा ने बताया, “मौसम बहुत खराब था, बारिश थी, ऊंची लहरें थीं और तेज धाराएं थीं. आखिरकार हमने सुबह 4 बजे शुरुआत की, लेकिन धाराएं उसे श्रीलंका की ओर वापस धकेल रही थीं. अगर धाराएं विपरीत न होतीं, तो वह 8 से 8.5 घंटे में तैराकी पूरी कर सकता था.”

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *