Last Updated:
बॉक्स ऑफिस पर टॉम हॉलैंड की ‘स्पाइडर मैन: ब्रैंड न्यू डे’ का जबरदस्त तूफान आया हुआ है, जिसने महज तीन दिनों में 176 करोड़ से ज्यादा बटोरकर नया रिकॉर्ड बना दिया है. ‘स्पाइडर मैन’ के इस तूफान के आगे थलापति विजय की ‘जन नायकन’ की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ती नजर आ रही है. हालांकि, सबसे बुरा हाल राघव जुयाल की फिल्म ‘भाई तेरा स्टार है’ का है. तीसरे दिन भी इस मूवी का कलेक्शन लाखों में सिमट गया है.
नई दिल्ली. मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स की फिल्म ‘स्पाइडर मैन: ब्रैंड न्यू डे’ ने बॉक्स ऑफिस पर कब्जा कर लिया है. तीसरे दिन भी इस मूवी ने धुआंधार कमाई की. दूसरी तरफ, ‘जन नायकन’ के कलेक्शन में थोड़ा उछाल देखने को मिला. मगर राघव जुयाल की ‘भाई तेरा स्टार है’ कि हालत बहुत बुरी है. तीन दिनों में यह मूवी 1 करोड़ की भी कमाई नहीं कर पाई है. चलिए आपको बताते हैं कि तीनों फिल्मों ने भारत में कितने करोड़ का बिजनेस कर लिया है.
टॉम हॉलैंड की ‘स्पाइडर मैन: ब्रैंड न्यू डे’ सिनेमाघरों में रिलीज होते ही कमाई के मामले में हर दिन धमाकेदार रिकॉर्ड बना रही है. सिर्फ दो दिनों में भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ का आंकड़ा पार करने के बाद इस फिल्म ने तीसरे दिन सबसे ज्यादा कमाई दर्ज की है. भारत में ‘स्पाइडर मैन: ब्रैंड न्यू डे’ को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है.
सैकनिल्क के मुताबिक, रिलीज के तीसरे दिन यानी को फिल्म ‘स्पाइडर मैन: ब्रैंड न्यू डे’ ने भारत में 17,703 शो के जरिए 66.75 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया. शुक्रवार के मुकाबले शनिवार की कमाई में 35.3 फीसदी की जबरदस्त बढ़त देखने को मिली है. इस तरह हॉलीवुड फिल्म ने इंडिया में 175 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
टॉम हॉलैंड और जेंड्या स्टारर इस मूवी ने अपने ओपनिंग डे पर 17,250 शो के साथ 60.60 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया था. वहीं, दूसरे दिन यानी शुक्रवार को 49.35 करोड़ का नेट कारोबार हुआ. महज तीन दिनों के भीतर इस फिल्म का भारत में कुल कलेक्शन 176.7 करोड़ तक पहुंच गया है, जिस रफ्तार से यह फिल्म कमाई कर रही है, उसे देखकर साफ लग रहा है कि यह अपने पहले ही वीकेंड पर आसानी से इंडिया में 200 करोड़ का जादुई आंकड़ा पार कर लेगी.
सुपरस्टार थलापति विजय की फिल्म ‘जन नायकन’ की रफ्तार में अपने दूसरे शनिवार को जबरदस्त उछाल देखने को मिला. ट्रेड ट्रैकर सैकनिल्क के मुताबिक, 10वें दिन ‘जन नायकन’ ने 7.80 करोड़ का कारोबार किया, जो इसके दूसरे शुक्रवार के 3.55 करोड़ के कलेक्शन के मुकाबले 119.7 फीसदी की बड़ी बढ़त दिखाता है.
इस उछाल के साथ भारत में फिल्म का कुल कलेक्शन अब 164.90 करोड़ तक पहुंच गया है, जबकि इसका ग्रोस कलेक्शन 192.50 करोड़ हो चुका है. टॉम हॉलैंड की ‘स्पाइडर मैन: ब्रैंड न्यू डे’ से जन नायकन को जबरदस्त टक्कर मिल रही है. अब देखना है कि आज यानी रविवार को फिल्म क्या कमाल दिखा पाती है.
सबसे ज्यादा खराब हालत राघव जुयाल की फिल्म ‘भाई तेरा स्टार है’ की है. इस फिल्म की उम्मीद के मुताबिक कमाई नहीं हो रही है. 30 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में लगी इस फिल्म ने पहले दिन महज 25 लाख के बिजनेस के साथ शुरुआत की थी. दूसरे दिन यानी 31 जुलाई को भी फिल्म की कमाई का ग्राफ जस का तस रहा.
फिल्म ने अपने दूसरे दिन भी सिर्फ 25 लाख का ही कलेक्शन किया. अब इसके तीसरे दिन की कमाई के आंकड़े सामने गए हैं जो बेहद निराशाजनक हैं. सैकनिल्क के मुताबिक, राघव जुयाल की ‘भाई तेरा स्टार है’ फिल्म ने शनिवार को 20 लाख रुपये की कमाई की है. पिछले तीन दिनों यह मूवी सिर्फ 70 लाख रुपये की कमाई कर पाई है. रिपोर्ट्स की मानें तो ‘भाई तेरा स्टार है’ 15 से 25 करोड़ के बजट में बनी है.
