नई दिल्लीः सावन का महीना शुरू होते ही दिल्ली के बाज़ारों के रंग बदल गए हैं. हर तरफ हरी, पीली, गुलाबी और लाल साड़ियां और सूट हैं. तीज, सावन सोमवार, राखी और पूजा की तैयारी में औरतें ज़ोरों पर शॉपिंग कर रही हैं. कोई नई साड़ियाँ ढूंढ रही है, तो कोई सुंदर सूट और मैचिंग चूड़ियाँ, झुमके और जूते खरीद रही है. अगर आप भी इस सावन अपने लुक को खास बनाना चाहती हैं, तो दिल्ली के ये पाँच बाज़ार आपके लिए सबसे अच्छे ऑप्शन साबित हो सकते हैं.
लाजपत नगर
साड़ी हो, सूट हो या फिर स्टाइलिश कुर्ती, लाजपत नगर में सब कुछ एक ही जगह मिल जाता है. यहां कॉटन, चिकनकारी, ऑर्गेंजा, प्रिंटेड और डिजाइनर सूट की शानदार रेंज मौजूद है. खास बात यह है कि यहां 500 रुपये से लेकर 5000 रुपये तक हर बजट के कपड़े मिल जाते हैं. साथ ही मैचिंग दुपट्टे, ज्वेलरी और फुटवियर भी आसानी से मिल जाते हैं.
चांदनी चौक
अगर इस सावन आप पूरी तरह ट्रेडिशनल लुक चाहती हैं, तो चांदनी चौक जरूर जाएं. यहां बनारसी, सिल्क, कॉटन और हैंडलूम साड़ियों का बड़ा कलेक्शन मिलता है. कई दुकानों पर होलसेल रेट में भी खरीदारी की जा सकती है. यही वजह है कि दिल्ली ही नहीं, आसपास के शहरों से भी महिलाएं यहां शॉपिंग करने आती हैं.
करोल बाग
करोल बाग उन महिलाओं के लिए एक शानदार जगह है जो कम बजट में अच्छी क्वालिटी का सामान ढूंढ रही हैं. यहां रेडीमेड सूट, अनारकली, स्ट्रेट-कट सूट, कॉटन सेट और पार्टी-वियर साड़ियों की अच्छी वैरायटी मिलती है. अगर आपको मोलभाव करना आता है, तो शॉपिंग और भी सस्ती हो सकती है.
गांधी नगर
अगर आपका बजट कम है लेकिन आप खूब शॉपिंग करना चाहते हैं, तो गांधी नगर मार्केट आपके लिए सही जगह है. यहां साड़ी और सूट होलसेल और रिटेल दोनों तरह से मिलते हैं. कई दुकानें 300 से 500 रुपये में शानदार सूट और साड़ियां बेचती हैं. छोटे रिटेलर से लेकर बड़े शोरूम तक, यहां कई तरह के ऑप्शन मिलते हैं.
कमला नगर
कमला नगर कॉलेज जाने वाली लड़कियों और जवान लड़कियों के बीच एक पॉपुलर जगह है. यहां ट्रेंडी कुर्ती सेट, कॉटन सूट, इंडो-वेस्टर्न ड्रेस और स्टाइलिश एथनिक वियर आसानी से मिल जाते हैं. इसके अलावा, ऑक्सिडाइज़्ड ज्वेलरी, चूड़ियाँ, बैग और सैंडल की भी बहुत सारी वैरायटी मिलती है, जो इसे पूरे सावन लुक के लिए वन-स्टॉप शॉप बनाती है.
